Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

May 3, 2025

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 60 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी

लखनऊ। भीषण गर्मी से जूझ रहे उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। बीते कुछ दिनों से कई जिलों में बारिश के चलते लोगों को गर्मी से राहत मिली है और ठंडक महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को प्रदेश के 60 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश के आसार हैं। साथ ही तूफान और वज्रपात को लेकर भी येलो अलर्ट जारी कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, अगले तीन दिन तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इन जिलों में बरस सकते हैं बादल
लखनऊ, कानपुर, रायबरेली, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, मथुरा, अमेठी, अलीगढ़, मेरठ, झांसी, ललितपुर, मैनपुरी, बरेली, रामपुर, मुजफ्फरनगर, कन्नौज, इटावा, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, गोंडा, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, श्रावस्ती, बलरामपुर, बलिया, मऊ, सोनभद्र, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, प्रयागराज, महराजगंज, कुशीनगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ समेत आसपास के जिलों में तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, यह परिवर्तन 6 मई तक बना रह सकता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतें और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें।

मंडप से लापता हुआ दूल्हा, बागीचे में दोस्तों संग नशे में मिला

ठूठीबारी। शादी समारोह के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब नेपाल से आए दूल्हा मंडप से अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बाद दूल्हा पास के एक बागीचे में अपने मित्रों के साथ नशा करते हुए मिला। हालांकि दोनों पक्षों के समझाने-बुझाने के बाद शादी की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न कराई गईं।

जानकारी के मुताबिक, पड़ोसी देश नेपाल के नवलपरासी जिले से बारात ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आई थी। बारात का स्वागत धूमधाम से किया गया। द्वार पूजा के बाद बरातियों और दूल्हे को जलपान और भोजन कराया गया, जिसके बाद शादी की तैयारियां शुरू हुईं।

रिवाज के अनुसार जब दूल्हे को मंडप में बिठाया गया, कुछ समय बाद अचानक वह नजरों से ओझल हो गया। जब काफी देर बीत गई और शादी की रस्में रुकीं रहीं, तो लड़की पक्ष के लोग और घराती उसे खोजने निकल पड़े। पहले जनवासे में तलाश की गई, लेकिन वहां कोई सुराग नहीं मिला।

बाद में गांव के पास स्थित एक बागीचे में दूल्हा अपने दोस्तों के साथ नशा करते हुए पाया गया। इस घटना को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी भी हुई और माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया।

लेकिन गांव के बड़े-बुजुर्गों, बरातियों और रिश्तेदारों के समझाने के बाद विवाद शांत हुआ और विवाह की रस्में विधिवत पूरी कराई गईं।