Breaking
Wed. Oct 21st, 2026

RPPNEWSMRJ

एसबीएम इंटर कॉलेज में छात्राओं ने प्रस्तुत की मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की मनमोहक झांकी

परतावल/महराजगंज। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा के पावन अवसर पर एसबीएम इंटर कॉलेज, पुरैना, श्यामदेउरवां में छात्राओं द्वारा भव्य एवं आकर्षक धार्मिक झांकी प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक पर्वों के महत्व से परिचित कराने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की सजीव प्रस्तुति रही। छात्राओं ने मां शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कूष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री के रूप धारण कर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं, महिषासुर वध के दृश्य का प्रभावशाली मंचन कर बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया गया। छात्राओं की प्रस्तुति को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक शैलेश यादव ने कहा कि नवरात्रि का पर्व शक्ति, भक्ति और एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें सिखाता है कि बुराई कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः विजय सत्य और अच्छाई की ही होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। समापन अवसर पर सभी को प्रसाद वितरित किया गया।इस दौरान प्रबंध निदेशक शैलेश यादव के साथ टीपी रावत, हरेंद्र यादव, आरके यादव, जितेंद्र यादव, अरुण कुमार, विवेक कुमार, आरपी, सुनील कुमार, विनय कुमार, निकिता, अनामिका, रिंजू, गुड़िया, अमृता, ज्योति, पूजा, सत्या सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

प्रचार बोर्ड ने छीनी मां की जिंदगी, बाइक पर गिरा भारी बोर्ड; इलाज के लिए निकली महिला की मौत

परतावल/महराजगंज। इलाज कराकर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही महिला को क्या पता था कि रास्ते में लगा एक प्रचार बोर्ड उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। बुधवार सुबह गोरखपुर-परतावल मार्ग पर तेज हवा के बीच महाराजा रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड अचानक बाइक पर जा गिरा। हादसे में पीछे बैठी 55 वर्षीय सुभावती छप्पन गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन पत्नी विद्यासागर अपने बेटे दुर्विजय के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। दोनों अभी महाराजा रेस्टोरेंट के पास पहुंचे ही थे कि तेज हवा के झोंके से सड़क किनारे लगा प्रचार बोर्ड अचानक उखड़कर बाइक पर आ गिरा।बोर्ड की चपेट में आने से सुभावती सड़क पर गिर पड़ीं। हादसा देख आसपास के लोग दौड़े और तत्काल उन्हें एंबुलेंस से परतावल सीएचसी भेजा गया। इमरजेंसी में डॉ. फुरकान ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर श्यामदेउरवा पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

रुद्रापुर में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

परतावल/महराजगंज। विकास खण्ड परतावल के रुद्रापुर में आयोजित श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ के अवसर पर शुक्रवार शाम भगवान श्रीराम की भव्य बारात बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।शाम लगभग 6 बजे रामलीला प्रांगण से गाजे-बाजे, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ बारात निकली। “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। बारात रुद्रापुर से निकलकर तरकुलवा तिवारी होते हुए ग्राम सभा डेरवा निवासी जगदीश पाण्डेय के दरवाजे तक पहुंची, जहां बारातियों का भव्य स्वागत किया गया।बारात के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की बारात का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।बारातियों के स्वागत में ग्राम सभा डेरवा के जगदीश पाण्डेय, रविंद्र नाथ पाण्डेय, शम्भू पटेल, राम विजय गौड़, कृपाल पटेल, बब्लू पटेल, भगवंत पटेल, आशीष पाण्डेय, कैलाश पाण्डेय, कृष्ण मुरारी, मुन्ना, चन्द्रभान, गुड्डू, सुनील, राम ललित, राकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।श्रीराम बारात को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक माहौल और भव्य आयोजन ने लोगों का मन मोह लिया।

अनुभवी अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल बने महराजगंज के नए डीएम, विकास और कानून-व्यवस्था पर रहेगा जोर

महराजगंज के डीएम संतोष शर्मा का तबादला फ़िरोज़ाबाद देर रात्रि को प्रशासन ने कर दिया है। उनके जगह गौरव सिंह सोगरवाल को कमान सौंपी गई है। महराजगंज के नए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल इस जिले के लिए बिल्कुल नए नहीं हैं। वे वर्ष 2021 से 2023 तक यहां मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर कार्य कर चुके हैं। ऐसे में उन्हें जिले की जमीनी स्थिति, विकास योजनाओं और स्थानीय चुनौतियों की पहले से गहरी समझ है।शासन ने उन्हें ऐसे समय में जिम्मेदारी सौंपी है, जब जिले में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना बेहद आवश्यक है। उनके पूर्व अनुभव को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी और विकास को नई दिशा मिलेगी।

खेत विवाद के बाद दो सगे भाइयों की मौत, निजी अस्पताल पर लापरवाही और किडनी निकालने का आरोप

गोरखपुर। रामगढ़ताल क्षेत्र में खेत को लेकर हुए विवाद के बाद घायल दो सगे भाइयों की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। परिजनों ने निजी अस्पताल पर इलाज में लापरवाही और किडनी निकालने तक के गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, स्थिति को संभाला और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मंझरिया बड़गो गांव निवासी अक्षयवर निषाद (45) और उनके भाई पप्पू निषाद (40) का 28 अप्रैल की सुबह पड़ोसियों से खेत को लेकर विवाद हो गया था। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों भाइयों के सिर पर गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकि, परिजन उन्हें वहां न ले जाकर एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिए।

परिजनों के मुताबिक, इलाज के दौरान सुबह करीब 11 बजे पप्पू निषाद की मौत हो गई। वहीं, आरोप है कि रात करीब 10:30 बजे डॉक्टरों ने अक्षयवर निषाद की हालत गंभीर बताकर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया, लेकिन उस समय तक उनकी मौत हो चुकी थी और अस्पताल का स्टाफ मौके से गायब हो गया।

परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि सिर में चोट होने के बावजूद अस्पताल में पेट का ऑपरेशन किया गया, जिससे उन्हें आशंका है कि कहीं किडनी तो नहीं निकाल ली गई। इसी को लेकर अस्पताल परिसर में देर रात तक हंगामा चलता रहा।

मामले की सूचना पर उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्मार्ट मीटर के खिलाफ उग्र हुआ ग्रामीणों का प्रदर्शन, मीटर उखाड़कर जताया विरोध

आगरा। अकोला कस्बा क्षेत्र में शुक्रवार सुबह स्मार्ट मीटरों को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटरों को निकालकर बिजली विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान जमकर नारेबाजी भी की गई।

ग्रामीणों का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में गड़बड़ी और ज्यादा वसूली की शिकायतें लगातार बढ़ी हैं। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

प्रदर्शन में महिलाओं की भी अच्छी-खासी भागीदारी रही। ग्रामीण पहले देवी मंदिर पर जुटे और वहां से जुलूस निकालते हुए बाजार होते हुए बिजलीघर पहुंचे। वहां उन्होंने उखाड़े गए मीटरों को एक जगह जमा कर जोरदार प्रदर्शन किया।

इस आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के जिला अध्यक्ष लवानिया ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तुरंत रोकी जाए और बिजली बिलों में हो रही कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

दहेज हत्या के आरोप में कब्र से निकाला गया शव, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा धमउर गांव में शुक्रवार को दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई।

एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता के अनुसार, जटहा बाजार निवासी अलीहसन की शिकायत पर 26 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में मटरा धमउर के गुलशन, फिरोज, ईशा, अफरोज और फैयाज अंसारी को दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में नामजद किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी हसीरुन निशा की शादी 25 फरवरी 2021 को फैयाज अंसारी से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे—नाजिया और इब्राहिम—हुए। आरोप है कि पति, जो विदेश में रहता है, दहेज को लेकर फोन पर अक्सर प्रताड़ित करता था।

परिजनों का आरोप है कि 22 अप्रैल की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने हसीरुन निशा की गला दबाकर हत्या कर दी और बिना सूचना दिए शव को दफना दिया। इस मामले में एक वीडियो का भी हवाला दिया गया है, जिसमें हत्या से जुड़े संकेत होने की बात कही जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने बताया कि अदालत के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीजल न मिलने पर किसान सड़क पर लेटा, लगा जाम; गन्ने की फसल सूखने का आरोप

निचलौल क्षेत्र में डीजल की किल्लत को लेकर एक किसान ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। चिउटहा-निचलौल मार्ग पर खोन्हौली गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल न मिलने से नाराज किसान सड़क पर लेट गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सड़क पर विरोध कर रहे किसान की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुरवा निवासी मोहन गुप्ता के रूप में हुई है। किसान का कहना है कि उनके खेत में खड़ी गन्ने की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने लगी है। इसी चिंता में वे डीजल लेने पेट्रोल पंप पहुंचे थे।

किसान ने आरोप लगाया कि उन्होंने बार-बार निवेदन कर सिर्फ पांच लीटर डीजल देने की मांग की, लेकिन पंप कर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी। इससे नाराज होकर उन्होंने सड़क पर लेटकर विरोध जताया, जिसके चलते वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। बाद में स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में डीजल आपूर्ति और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अफवाह पर बेकाबू भीड़ ने युवक को पीटा, पुलिस ने बचाया

महराजगंज। महराजगंज में पनेवा नहर के पास एक मामूली अफवाह ने गंभीर हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, किसी ने यह बात फैला दी कि एक युवक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा है। देखते ही देखते वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और बिना सच्चाई जाने युवक को घेर लिया।

भीड़ ने युवक से पूछताछ करने के बजाय सीधे उस पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें युवक अपनी बेगुनाही की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन लोग उसकी बात सुनने के बजाय लगातार पिटाई करते रहे। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फट गए।

चौंकाने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद कुछ लोग स्थिति को शांत कराने के बजाय भीड़ को उकसाते नजर आए, जिससे हालात और बिगड़ गए। घटना के बाद इलाके में भय और गुस्से का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

तेज आंधी में जर्जर दीवार गिरी, महिला की दर्दनाक मौत

खड्डा तहसील क्षेत्र में बुधवार शाम आई तेज आंधी एक बड़ा हादसा लेकर आई। मठिया ग्राम सभा में अचानक गिरी एक जर्जर दीवार की चपेट में आकर 40 वर्षीय प्रमिला की जान चली गई।

प्रमिला, जो राजकुमार गुप्ता की पत्नी थीं, अपने घर के पास लगे निजी नल पर पानी भर रही थीं। इसी दौरान बगल में स्थित करीब 7 फीट ऊंची दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी। यह दीवार रेनू गोंड के मकान की बताई जा रही है, जो लगभग 10 साल पुरानी और पहले से ही जर्जर हालत में थी।

दीवार गिरते ही प्रमिला उसके नीचे दब गईं, जिससे उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें मलबे से बाहर निकाला और प्राथमिक इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तुर्कहा पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 5 बजे अचानक तेज आंधी शुरू हुई, जिसने पूरे इलाके को प्रभावित किया। लगभग आधे घंटे बाद बारिश भी शुरू हो गई, जिससे मौसम में बदलाव आया और तापमान गिरकर करीब 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में तापमान 38 डिग्री तक था, जिससे लोग उमस और गर्मी से परेशान थे, लेकिन इस मौसम परिवर्तन के बीच यह हादसा पूरे क्षेत्र में शोक का कारण बन गया।