Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

August 11, 2025

Maharajganj: डीएम की ऑनलाइन जनसुनवाई में अश्लील वीडियो चलने से हड़कंप, FIR दर्ज

महराजगंज। 7 अगस्त को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित बेसिक शिक्षा विभाग की ऑनलाइन जनसुनवाई ‘ई-चौपाल’ के दौरान एक गंभीर घटना ने सभी को हैरान कर दिया। बैठक के बीच अचानक स्क्रीन पर अश्लील वीडियो चलने लगा और अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे कार्यक्रम में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।इस जनसुनवाई में सभी खंड शिक्षा अधिकारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मौजूद थे। बताया जाता है कि ‘जेसन जेआर’ नामक व्यक्ति ने मंच पर अश्लील वीडियो प्रदर्शित किया, जिसके तुरंत बाद ‘अर्जुन’ नामक व्यक्ति ने अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया। घटना के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर खंड शिक्षा अधिकारी फरेन्दा, सुदामा प्रसाद ने कोतवाली में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने दोनों अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली।साइबर टीम कर रही जांच

सदर कोतवाल सत्येन्द्र राय ने बताया कि मामले की जांच साइबर थाने की मदद से की जा रही है। तकनीकी माध्यमों से आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। यह घटना न केवल प्रशासनिक बैठक की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली है, बल्कि गंभीर साइबर अपराध भी है। जिला प्रशासन ने इसे संवेदनशील मानते हुए तत्काल सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए बच्चों की जागरूकता रैली

परतवाल। महराजगंज के श्यामदेउरवा क्षेत्र स्थित मदरसा अहले सुन्नत मिफ़्ताहुल कुरआन बैजौली में सोमवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तख्तियां और बैनर थामे जोरदार नारे लगाए—

“फाइलेरिया मिटाओ, देश को बचाओ!”

“साफ-सफाई अपनाओ, मच्छर भगाओ!”

“दवा खाओ, फाइलेरिया मिटाओ!”

इस अवसर पर मदरसा प्रधानाचार्य अब्दुल मुस्तफा खान, सभी शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से लोगों से मच्छरों से बचाव, समय पर दवा सेवन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

मुंबई में काम के दौरान ऊंचाई से गिरने से बिहार के युवक की मौत

मुंबई में एक दर्दनाक हादसे में बिहार के चौक बाजार थाना क्षेत्र के कुइयां उर्फ महेशपुर टोला जमुनहिया के 22 वर्षीय युवक रामकिशुन की मौत हो गई। रामकिशुन मजदूरी के सिलसिले में मुंबई में काम करता था। बृहस्पतिवार को काम के दौरान अचानक पैर फिसलने से वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़े भाई राजाराम तुरंत मुंबई पहुंचे और रविवार को एंबुलेंस से भाई का शव लेकर गांव लौटे। रामकिशुन की मौत से पूरे गांव में मातम का माहौल है। घटना की सूचना पर स्थानीय प्रशासन ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।