Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

RPPNEWSMRJ

रुद्रौली में बिजली चोरी और बकाएदारों के खिलाफ विजिलेंस की छापेमारी, दो लोग गिरफ्तार

महराजगंज। महराजगंज के रुद्रौली गांव में बुधवार को विजिलेंस और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने एक महत्वपूर्ण छापेमारी की। इस दौरान दो लोगों को बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया, जिनके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की गई और केस दर्ज कर लिया गया। साथ ही, 72 बड़े बकाएदारों का कनेक्शन भी काट दिया गया।

अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि बिजली चोरी पर अंकुश लगाने और बकाएदारों से वसूली के लिए विजिलेंस टीम के साथ रुद्रौली गांव में छापेमारी की गई। जांच के दौरान रोहित चौधरी और खदेरू को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया, जिनके खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज कर लिया गया। साथ ही, 72 बड़े बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए। इन उपभोक्ताओं को चेतावनी दी गई है कि वे जल्द ही अपना बकाया बिजली बिल जमा करें, तभी उनका कनेक्शन फिर से जोड़ा जाएगा।

बिजली विभाग ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर कोई उपभोक्ता बिना बिल जमा किए बिजली चोरी से कनेक्शन जोड़ेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस छापेमारी के दौरान बिजली विभाग के कई कर्मचारी भी मौके पर मौजूद थे।

खिचड़ी मेला को लेकर नगर पंचायत की तैयारियां तेज, खुले में मीट-मांस की दुकानें पर प्रतिबंध

महराजगंज। चौक बाजार में होने वाले खिचड़ी मेला को लेकर स्थानीय नगर पंचायत की ओर से तैयारियां जोरों पर हैं। यह मेला इस क्षेत्र का प्रमुख आयोजन माना जाता है, और इसे सफल बनाने के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने कई व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने का काम शुरू कर दिया है।

नगर पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने मेला की व्यवस्थाओं को लेकर एक अहम सूचना दी। उन्होंने बताया कि मेला के आयोजन के दौरान नगर पंचायत क्षेत्र के भीतर किसी भी स्थान पर खुले में मीट, मांस, मछली आदि की दुकानें नहीं लगने दी जाएंगी। इस कदम का उद्देश्य मेले के दौरान स्वच्छता बनाए रखना और नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना है। प्रशासन का मानना है कि खुले में मांस, मछली या अन्य खाद्य सामग्री की बिक्री से न केवल गंदगी फैलती है, बल्कि स्वास्थ्य से संबंधित समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।

ओमप्रकाश यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी दुकानदारों को नाली और सड़क पर अपनी दुकानों का संचालन नहीं करने दिया जाएगा। नगर पंचायत द्वारा यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न हो और यातायात में कोई अवरोध उत्पन्न न हो। प्रशासन ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपनी दुकानें लगाएं और किसी भी तरह का अव्यवस्थित अतिक्रमण न करें।

अगर किसी भी स्थान पर अतिक्रमण पाया जाता है, तो प्रशासन द्वारा कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि यदि वे निर्धारित नियमों का पालन नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ जुर्माना लगाया जा सकता है और उनकी दुकानों को हटाया जा सकता है।

इस प्रकार की कठोर निगरानी और नियमों के पालन से प्रशासन खिचड़ी मेला के दौरान क्षेत्र में व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को कोई समस्या न हो।

यूपी में जारी रहेगा ठंड का सितम, मौसम विभाग ने ‘कोल्ड डे’ और ‘ऑरेंज अलर्ट’ की चेतावनी जारी की

Hind Abhiman Times, Newspaper
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड का कहर जारी है, और तेज रफ्तार पछुआ हवाओं के कारण सर्दी और भी तीव्र हो गई है। प्रदेश के कई इलाकों में बुधवार को 20 किमी प्रति घंटे की गति से सर्द पछुआ हवाएं चलने के साथ ही ठंड का प्रभाव बढ़ गया। साथ ही कई जिलों में घना कोहरा भी छाया रहा, जिससे सर्दी का एहसास और भी ज्यादा हो गया।

मौसम विभाग ने बुधवार से लेकर बृहस्पतिवार तक प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि इन जिलों में दिन के तापमान में भी अत्यधिक गिरावट आ सकती है, जिससे ठंड का असर और बढ़ेगा। इसके अलावा, 30 जिलों के लिए घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में घने कोहरे के कारण दृश्यता बहुत कम हो सकती है, जिससे यात्रा करने में भी कठिनाई हो सकती है।

महाराजगंज: जिला पंचायत सदस्य के माता-पिता का 36 घंटे में निधन, जिले के पहले शासकीय अधिवक्ता थे रणजीत बहादुर सिंह

महराजगंज। सदर क्षेत्र के गाँव करमहा में एक दुखद घटना घटी। जिला पंचायत सदस्य अभय सिंह की माता जानकी देवी के निधन के 36 घंटे बाद ही उनके पिता रणजीत बहादुर सिंह ने भी अपना प्राण त्याग दिया। जिसने लोगों की आंखों में आंसू ला दिए। रविवार को अभय सिंह की माता जानकी देवी का निधन हो गया था।जिनका दाह संस्कार त्रिमुहानी घाट पर किया गया। इसके बाद, रणजीत बहादुर सिंह ने मुखाग्नि की परम्परा को निभाया और दाह संस्कार के बाद घर लौटकर प्राण त्याग दिए। वह जनपद गठन के बाद जिले के पहले शासकीय अधिवक्ता थे। इस घटना से अभय सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया है। सोमवार की रात से ही लोग श्रद्धांजलि व सांत्वना देने करमहा गाँव पहुंचने लगे। कई लोगों ने रणजीत सिंह के निधन पर शोक जताया है।

थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट, नहर में मिला लाश

महराजगंज/भिटौली। महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र में एक दुखद घटना घटी। ग्राम सभा अमवा भैंसी के पास स्थित बड़ी नहर में एक शव बालू में धसा मिला, जिसको देखने के लिए ग्रामीण इकट्ठा हो गए। पुलिस को सूचना देने के बाद, मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान गिरीश राय, उम्र 55 वर्ष, पुत्र नरपत, सेमरा राजा के रूप में हुई है। उनके परिजनों ने कुछ दिन पहले भिटौली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मृतक गिरीश राय की पत्नी जयंती देवी बीते 1 वर्ष पूर्व स्वर्गवास हो चुका हैं और मृतक गिरीश राय के दो पुत्र हैं जिनमें से एक का नाम गोविंद तथा दूसरे का नाम आकाश है जो हैदराबाद में रहकर कारपेंटर का काम करते हैं।

सिसवा क्षेत्र की समस्याओं को लेकर राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल से मिले समाजसेवी गब्बर सिंह

सिसवा/महराजगंज। सिसवा क्षेत्र के ग्रामसभा बंदी निवासी समाजसेवी गब्बर सिंह ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
समाजसेवी गब्बर सिंह ने बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री से क्षेत्र में मौजूद अघोषित बिजली कटौती, किसानों की खाद की किल्लत, बढ़ती महंगाई, और सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की लापरवाही के मुद्दे उठाए। इसके अलावा, उन्होंने क्षेत्र में जल आपूर्ति की समस्या और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
गब्बर सिंह ने कहा कि सिसवा क्षेत्र की जनता को जल, बिजली, और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत है, ताकि उनकी जीवनशैली में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी मांग की कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर चिकित्सा सेवाएं दी जाएं, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज न जाना पड़े।
इस पर केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने उनकी सभी समस्याओं को ध्यान से सुना और आश्वस्त किया कि शीघ्र ही इन मुद्दों का समाधान किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया।

परतावल महराजगंज मार्ग पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त, चालक बाल-बाल बचा

परतावल/महराजगंज। महराजगंज जिले के परतावल महराजगंज मार्ग एनएच 730 पर हट्ठी माता के स्थान नहर पुल के समीप रविवार की रात को एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ट्रक का नंबर UP53ET8197 है। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया। स्थानीय लोगों ने बताया की घने कोहरे के कारण ओवर टेकिंग करने पर यह दुर्घटना हुईं है। टक्कर मारने वाला वाहन मौका पाकर निकल गया। फिलहाल इस दुर्घटना में किसी पक्ष के तरफ से कोई तहरीर नही मिला है। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करता है।

सेंध लगाकर लाखों की चोरी, जाँच में जुटी पुलिस, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी से दहशत में व्यवसायी

महराजगंज। महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में अमवा चौक पर स्थित हैप्पी टेन्ट और लाइट हाउस में बड़ी चोरी हुई है। चोरों ने पीछे की दीवाल में सेंध लगाकर लाखों रुपये की चोरी की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। इससे पहले भी परतावल चौकी क्षेत्र में इसी तरह की चोरी हुई थी। अब अमवा चौराहे पर भी चोरी हुई है, जिससे लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही खुलासा करने का आश्वासन दिया है।श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

सपा की मासिक बैठक संपन्न, संगठन की मजबूती पर जोर”

पनियरा/महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र के जखीरा चौक पर समाजवादी पार्टी की मासिक बैठक आयोजित की गई, जो कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देशानुसार सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अर्जुन यादव ने की।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने अपने संबोधन में संगठन की मजबूती पर जोर दिया और कहा कि आगामी चुनावों में सफलता प्राप्त करने के लिए हमें मतदाता सूची में अधिक से अधिक PDA (पार्टी समर्थक) मतदाताओं को जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे हर स्तर पर पार्टी की नीतियों का प्रचार करें और संगठन को मजबूती प्रदान करें।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ. कृष्णभान सिंह सैंथवार ने कहा, “हम सभी को एकजुट होकर पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुँचाना है। मैं संकल्पित हूं कि हर कार्यकर्ता के दुःख-सुख और संघर्ष में हम साथ होंगे और पार्टी की मजबूती के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”
इस मौके पर वरिष्ठ सपा नेता संतोष कृष्ण त्रिपाठी, हरेंद्र कृष्ण त्रिपाठी, शत्रुध्न कन्नौजिया, गीता रत्ना, डॉ. राम सुधार यादव, प्रसिद्ध शर्मा और पार्टी के अन्य कई सदस्य उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने पार्टी की मजबूती और आगामी चुनावों में सफलता की दिशा में अपनी प्रतिबद्धता जताई।
यह बैठक सपा कार्यकर्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हुई, जिसमें संगठन के विस्तार और चुनावी रणनीतियों पर चर्चा की गई।

दीपक सिंह ने पत्रकारों को सम्मानित किया, नववर्ष की दी शुभकामनाएं

परतावल (महराजगंज) नगर पंचायत स्थित जयसवाल मैरेज हॉल में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें योगी सेवक युवा नेता दीपक सिंह और युवा नेता राजन वर्मा ने नगर क्षेत्र के सभी सम्मानित पत्रकार बंधुओं को साल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। इस अवसर पर दोनों नेताओं ने पत्रकारों और क्षेत्र की सम्मानित जनता को नववर्ष की ढेर सारी शुभकामनाएं दीं। दीपक सिंह ने कहा कि पत्रकार कलम के सिपाही हैं, जो कमजोर और असहाय लोगों की आवाज़ को अपनी लेखनी के माध्यम से सरकार तक पहुंचाते हैं। उनका कार्य न केवल स्थानीय स्तर पर बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों से भी लोगों को रूबरू कराता है।

दीपक सिंह ने आगे कहा, “हम पत्रकारों के बिना समाज का निर्माण और सरकारों की जिम्मेदारी को सही तरीके से निभाना असंभव है। आप सभी का योगदान अत्यधिक महत्वपूर्ण है और हम इसे कद्र करते हैं।”

इस कार्यक्रम में दीपक सिंह ने अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए कहा, “मैं अपना पूरा जीवन पनियरा विधानसभा क्षेत्र की जनता की सेवा में समर्पित करूंगा। मेरा उद्देश्य कभी भी किसी विधायक या सांसद का विरोध करना नहीं है। पनियरा क्षेत्र की जनता के लिए हमेशा काम करता रहूंगा, चाहे मुझे टिकट मिले या नहीं।”

दीपक सिंह ने पनियरा के वर्तमान विधायक को चाचा कहते हुए कहा, “चाचा का उम्र हो चुका है, और मैं उनके उत्तराधिकारी के रूप में काम कर रहा हूं। पनियरा क्षेत्र के विकास के लिए मैंने हमेशा कड़ी मेहनत की है और आगे भी करता रहूंगा। हम पनियरा में तहसील बनाने पर विशेष जोर देंगे ताकि लोगों को सरकारी कामकाज में आसानी हो।”

इस मौके पर दीपक सिंह के साथ क्षेत्र के अन्य प्रमुख लोग भी उपस्थित थे, जिनमें अंकुर सिंह, राजन वर्मा, रवि राणा, डॉ. संजय चौधरी, मनोज पहलवान आदि प्रमुख रूप से शामिल थे। इस कार्यक्रम ने न केवल क्षेत्र की जनता बल्कि स्थानीय मीडिया और जनसामान्य को एक साथ जोड़ने का काम किया।

कार्यक्रम में पत्रकार राम प्रवेश उपाध्याय, राजन पटेल, अरविंद यादव, देवेंद्र शर्मा, सौरभ पांडेय, अमित मिश्र, योगेंद्र पांडेय, दीपू रावत, निशांत, करुणाकर राम त्रिपाठी, शत्रुधन पांडेय, रतन पांडेय, आनंद पांडेय सहित क्षेत्र के तमाम पत्रकार मौजूद रहे।