Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

Noor Mohmmad

खलिहान की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत

महाराजगंज। जनपद के महाराजगंज नगरपालिका क्षेत्र में अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई है सदरूद्दीन पुत्र बदरुद्दीन धनेवा धनेई टोला ग़बड़ूआ वार्ड नंबर 20 वीर अब्दुल हमीद नगर का स्थाई निवासी है। शिकायतकर्ता के द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से अवैध कब्जे की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता सदरुद्दीन ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद फिरोज और नसीरुद्दीन द्वारा गाँव के खलिहान और बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व अधिकारी, कर्मचारी से मिलीभगत कर यह अवैध निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है और तहसील एवं जिले स्तर के अधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।

रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत

दो व्यक्ति सीढ़ी व गुलमगर्दा बनाकर रास्ते पर कर रहे अतिक्रमण


भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के डेरवा मे एक व्यक्ति ने आम रास्ते पर अतिक्रमण को लेकर जिलाधिकारी से शिकायत कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
शिकायतकर्ता तौहिद खान ने अपने शिकायत पत्र मे लिखा है कि गांव के मुख्य मार्ग से लेकर मस्जिद तक जाने का चार मीटर चौडा व लगभग सौ मीटर लम्बा एक आम रास्ता है। इस रास्ते से लगभग पचीस से तीस घरो के सैकड़ो लोग प्रतिदिन गुजरते है। साथ ही साथ मस्जिद तक जाने का भी यह मुख्य रास्ता है। शिकायतकर्ता ने लिखा है की गांव के ही शाकिर व तसीवर ये दोनों व्यक्ति अपने घऱ के सामने सीढ़ी व गुलमगर्दा बनाकर रास्ते का आवागमन बाधित कर दिए है। उक्त दोनों लोग न तो रास्ते का मरम्मत करने देते है औऱ न ही उक्त रास्ते पर बने नाली पर ढक्कन लगाने देते है। उस रास्ते पर लगे बिजली के पोल पर ये लोग तार भी नहीं लगाने देते है। रास्ता इतना ख़राब हो गया है कि बरसात में उस रास्ते पर आने जाने में काफ़ी कठिनाई होती है।नाली पर ढक्कन न लगने के कारण गांव के कई लोग उस नाली में गिरकर चोटिल भी हो गए है। कई बार ग्राम प्रधान ने भी उन लोगों को समझा बुझाकर रास्ता मरम्मत व निर्माण की बात किये लेकिन ग्राम प्रधान की बात भी वे लोग नहीं मानते हैँ। शिकायतकर्ता ने शीघ्र ही जिलाधिकारी से समस्या समाधान की मांग की।

पत्नी से नाराज युवक नहर मे कुदा, राहगीरों ने नहर मे कूदकर बचाई जान


भिटौली, महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के भिटौली उपनगर स्थित बडी नहर मे एक युवक पुल से कूद गया। जैसे ही वह नहर मे कूदा राहगीरो ने नहर मे कूदकर उसकी जान बचा ली। सूचना के अनुसार महराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के परास खाड निवासी अब्दुल रहमान अपने ससुराल श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कोटवा मे आया था। वहां पत्नी से कुछ अनबन हो गयी। नाराज होकर युवक अपने घर के लिए निकला। रास्ते मे वह भिटौली मे रुका और पुल से नहर मे छलांग लगा दी। जैसे ही वह नहर मे कूदा आस पास के दो लोगों ने नहर मे कूदकर उसे बाहर निकाला। भिटौली पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बेहोशी की हालत मे उसे इलाज के लिए परतावल सरकारी अस्पताल भेज दिया। जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया।

रहें निरोग की संकल्प के साथ चहुंओर मना योग

पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”रही 2025 की थीम
अमृत सरोवरों,मनरेगा पार्कों, खेलमैदानों,पंचायत भवनों,विद्यालयों ,स्वास्थ्य केंद्रों आदि में सर्वत्र रही योगाभ्यास की धूम
महराजगंज। 11वेंअंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को उपनगर शिकारपुर, भिटौली व पुरैना खंडी चौरा तथा आसपास के सभी गांवों में विविध स्थानों पर योगाभ्यास किया गया। “एक पृथ्वी,एक स्वास्थ्य के लिए योग” है की थीम के साथ यह योगाभ्यास गांवों में स्थित अमृत सरोवरों,खेलमैदानों,मनरेगा पार्कों,पंचायत भवनों,परिषदीय प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों ,हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों तथा अन्य विभिन्न स्थानों पर उत्साहपूर्वक किया गया जिसमें ग्राम प्रधान,ग्राम सचिव व शिक्षक/ शिक्षिकाओं सहित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर(सी0एच0ओ0), आक्जियलरी नर्स मिडवाइफ(ए0एन0एम0), ग्राम रोजगार सेवक,पंचायत सहायक,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एक्रीडिटेड सोशल हेल्थ एक्टिविस्ट(आशा),सफाई कर्मी तथा अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर सूर्य नमस्कार, शीर्षासन, भुजंगासन, ताड़ासन,मण्डूकासन, शवासन,भ्रमरासन,कपालभाति आदि विविध योग व प्राणायाम किया ।

ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शामिल होंगे महराजगंज के आठ खिलाड़ी

भिटौली, महाराजगंज। आगामी 14 जून से 16 जून 2025 तक हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मनाली में आयोजित 8वीं हिमालयन ओपन राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो टीम के साथ जनपद महराजगंज के चयनित खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
जनपद के दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज के आठ प्रतिभाशाली खिलाड़ी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चयनित खिलाड़ियों में आराधना चौधरी, प्रीति निषाद, मन्जू कन्नौजिया, रियान्जली, अल्का भारती, सिमरन प्रजापति, बादल मद्धेशिया और आनंद कुमार शामिल हैं। ताइक्वांडो एसोसिएशन महराजगंज के पदाधिकारियों चेयरमैन रि. लेफ्टिनेंट मानवेन्द्र सिंह, अध्यक्ष उपेंद्र मिश्र, वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य जीएसवीएस विजय बहादुर सिंह तथा उपाध्यक्ष परमानंद विश्वकर्मा ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य एवं बेहतरीन प्रदर्शन की कामना की। प्रशिक्षक व महासचिव राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि ये सभी खिलाड़ी कल 12 जून को सायं सात बजे मनाली के लिए रवाना होंगे। उनके प्रस्थान से पूर्व विद्यालय में एक उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।
संस्था दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या करूणा मणि पटेल, कार्यालय अधीक्षक रमेश चंद पटेल, प्रभारी मनमीत पटेल, श्रवन विश्वकर्मा, राजेश कुमार तिवारी, महेंद्र उपाध्याय, सीमा पांडे, उषा सिंह, नेहा मद्धेशिया, नेहा पटेल, प्रीति जायसवाल, राहुल जयसवाल, विमलेश पांडे, गंगेश वर्मा आदि शिक्षकों ने भरोसा जताया है कि ये खिलाड़ी जनपद ही नहीं, पूरे प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।

महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना से मचा हड़कंप

सिसवा मुंशी, महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरियारपुर में दोपहर साढ़े बारह बजे दिनदहाड़े लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर निवासी सुनीता देवी पत्नी अशोक के घर में कुछ अज्ञात लोग घुस आए और कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।घटना की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हालांकि पुलिस ने लूट की बात से इनकार किया है। इस संबंध में भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि उन्हें लूट की नहीं बल्कि चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुटी रही।

आरसेटी सेंटर में किया गया वृक्षारोपण

पुरैना, महराजगंज। घुघली विकासखंड घुघली के अंतर्गत पुरैना में स्थित एसबीआई आरससेटी ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षुओं के द्वारा वृक्षारोपण किया गया और यह बताया गया कि एक वृक्ष 10 पुत्र के समान होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। वृक्ष से पर्यावरण का संतुलन बना रहता है। पर्यावरण में ऑक्सीजन कार्बन तथा नाइट्रोजन का प्रतिशत बना रहता है । संस्था के प्रबंध निदेशक ने बताया वृक्ष का हमारे दैनिक जीवन में अहम योगदान है इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए।

फर्जी शपथ पत्र के सहारे नक्शा पास कराने की कोशिश, निरीक्षण में खुला मामला

महाराजगंज। महुवआ निवासी शारीरिक रूप से अक्षम पूर्णमासी के नाम से किया गया फर्जीवाड़ा, जांच में बड़ा खुलासा; परिवार को धमकी व झूठे मुकदमों में फंसाने की भी आशंका।

महाराजगंज जनपद के फरेंदा रोड पर बिना नक्शा पास कराए बनाए जा रहे मकानों की शिकायत पर पूर्व जिलाधिकारी द्वारा किए गए औचक निरीक्षण में बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि महुवआ निवासी पूर्णमासी पुत्र शिववरन के नाम पर नियत प्राधिकारी/उप जिलाधिकारी, सदर महाराजगंज को एक फर्जी शपथ पत्र प्रस्तुत कर भवन नक्शा पास कराने की कोशिश की जा रही थी। मामले में संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों ने जब दस्तावेजों की जांच की, तो यह स्पष्ट हुआ कि जिस आराजी संख्या 285 पर निर्माण का मामला है, वह पहले से ही सिविल न्यायालय, जूनियर डिवीजन (अवर खंड तृतीय) में विचाराधीन है। इसके बावजूद उक्त भूमि पर नक्शा पास कराने के लिए फर्जी तरीके से नोटरी शपथ पत्र प्रस्तुत किया गया। आशंका व्यक्त की जा रही है कि पूर्णमासी, जो कि एक गंभीर बीमारी ‘फालिज’ से ग्रसित हैं और शारीरिक रूप से अक्षम हैं, उनके नाम से किया गया हस्ताक्षर नकली है। यह भी कहा जा रहा है कि पूर्णमासी स्वयं शपथ पत्र पर हस्ताक्षर करने की स्थिति में नहीं हैं। अतः इस मामले में संबंधित नोटरी के प्रमाण-पत्र व हस्ताक्षर की फॉरेंसिक जांच कराए जाने की मांग की गई है।

प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए यह भी मांग की गई है कि पूर्णमासी को तलब कर न्यायालय अथवा अधिकारियों के समक्ष साक्षात हस्ताक्षर करवाए जाएं ताकि यह प्रमाणित हो सके कि उक्त दस्तावेज उनके द्वारा हस्ताक्षरित नहीं हैं। इस पूरे फर्जीवाड़े में कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की मांग जोर पकड़ रही है। इस मामले के एक अन्य पक्ष में यह भी आरोप लगाए गए हैं कि पूर्णमासी के बड़े भाई चंदू द्वारा वादी के पति को एक फर्जी एससी-एसटी मुकदमे में फंसाया गया था। हालांकि, न्यायालय ने उस प्रकरण में वादी के पति को दोषमुक्त करार दिया था और अब चंदू पर आईपीसी की धारा 182 के तहत कार्रवाई चल रही है। वादी का कहना है कि चंदू और उसके सहयोगी दलित वर्ग का गलत फायदा उठा कर झूठे मुकदमे दर्ज करा रहे हैं और उनके पति व परिवार को बार-बार परेशान करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। आरोप यह भी है कि चंदू द्वारा उन्हें व उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी जा रही है और सार्वजनिक रूप से भी कई बार इस तरह की बातें कह चुका है। जिसका सबूत भी है

स्थानीय प्रशासन से मांग की गई है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषियों की पहचान की जाए और उनके विरुद्ध उचित धाराओं में कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही वादी परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि उन्हें भविष्य में किसी प्रकार की क्षति न पहुंचे। यह प्रकरण प्रशासनिक तंत्र पर भी सवाल उठाता है कि बिना विधिवत जांच के शिकायतों को कैसे निस्तारित किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आईजीआरएस संख्या40018725008975 पर दर्ज शिकायत का भी निस्तारण बिना किसी पूछताछ के कर दिया गया, जिससे यह प्रतीत होता है कि पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर प्रकरण पर क्या कदम उठाता है और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए कौन-कौन से सख्त कदम उठाए जाते हैं।

वाटरमेलन डे का हुआ आयोजन, बच्चों ने उठाया लुत्फ

महाराजगंज। सनशाइन एकेडमी आजाद नगर में ग्रीष्मावकाश से पहले बच्चों के एंटरटेनमेंट के लिए वाटरमेलन डे, फूड विदाउट फायर एवं बाथिंग टब में नहाने का आयोजन किया गया।
नगर स्थित आर के सनशाइन एकेडमी, महराजगंज में बच्चों के लिए ग्रीष्मावकाश से पहले कुछ एंटरटेनिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें कक्षा प्लेवे से लेकर कक्षा 12 तक के बच्चों ने भाग लिया। सर्वप्रथम प्लेवे से लेकर यूकेजी तक के बच्चों ने बाथिंग टब में नहाने का लुफ्त उठाया। उसके बाद कक्षा 1 से लेकर कक्षा 5 तक के बच्चों ने वाटरमेलन डे से संबंधित कार्यक्रम पेश किया जिसमें वाटरमेलन से अनेक प्रकार के डिजाइन बनाकर प्रस्तुत किया गया। बच्चों ने वाटरमेलन से होने वाले लाभों को बताया कि इसके सेवन से शरीर में पानी की आपूर्ति होती है तथा शरीर को पानी संबंधित पोषक तत्वों की प्राप्ति भी होती है। तत्पश्चात कक्षा 6 से कक्षा 12 तक के बच्चों ने फूड विदाउट फायर कार्यक्रम में बिना आग से बने चीजों को प्रस्तुत किया जिसमें बच्चों ने शिकंजी, फ्रूट चाट, ब्रेड से बनी मिठाई एवं गुड़ से बना लड्डू आदि फूड्स को प्रस्तुत किया। इससे पता चलता है कि बच्चों में सीखने की तीव्र लालसा है।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप तथा विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकों ने विद्यालय में बने फ्रूट चाट, शिकंजी एवं गुड़ से बने लड्डू को खाकर बच्चों की खूब प्रशंसा एवं सराहना की।
अंत में ग्रीष्मावकाश के पूर्व कार्यक्रम में बच्चों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक इंजीनियर विवेक कुमार गुप्ता जी ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम से बच्चों में ताजगी और उत्साह आता है। बच्चों ने अपने कला कौशल का प्रयोग करते हुए फ्रूट चाट, शिकंजी ब्रेड से बनी मिठाइयां तथा गुड़ से बना लड्डू बनाए। यह सभी छात्र-छात्राएं शुभकामना के पात्र हैं। मैं ग्रीष्मावकाश की शुभकामना देता हूं एवं बच्चों को आगाह भी करता हूं कि ग्रीष्मावकाश में ग्रीष्मावकाश का गृह कार्य करते हुए ही छुट्टी मनाएं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

खलिहान की जमीन पर अवैध रास्ता निर्माण को लेकर ग्रामीणों में रोष

भिटौली, महाराजगंज। जनपद के सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत ग्रामसभा पिपरपाती तिवारी में पुश्तैनी खलिहान की भूमि पर अवैध रूप से रास्ता निर्माण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्रामप्रधान ने अपने निजी हित में व्यक्ति विशेष—पूर्णवासी यादव—को लाभ पहुंचाने के लिए खलिहान की भूमि पर जबरन रास्ता बनवाया है। ग्रामीणों के अनुसार, पोखरे के दक्षिण और पूरब दिशा में स्थित पुश्तैनी खलिहान की जमीन पर सभी किसान अपने-अपने कृषि कार्य करते हैं। परंतु ग्रामप्रधान ने रात के अंधेरे में ईंट के टुकड़े डालकर उस पर मिट्टी बिछवाई और रास्ता बना दिया। इसके साथ ही सुरेश गुप्ता नामक व्यक्ति का मड़ई भी उसी जमीन पर खड़ा करवा दिया गया। सुबह जब ग्रामीणों को इस निर्माण की जानकारी मिली, तो उन्होंने इसका विरोध करते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया। मामले की सूचना स्थानीय थाना मिटौली को दी गई। थानाध्यक्ष ने दोनों पक्षों की सुनवाई के बाद उपजिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजने और आपत्ति पत्र देने का निर्देश दिया।

ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महोदय से मौके की जांच कराकर अवैध निर्माण हटवाने और खलिहान की जमीन को पूर्व स्थिति में बहाल करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह जमीन विशेष आरक्षित श्रेणी में आती है, जिस पर केवल खलिहान के कार्य ही किए जा सकते हैं। प्रमुख शिकायतकर्ताओं में नन्दकिशोर, नरेन्द्र कुमार, ध्यानेश्वर मणि, कौशल किशोर सहित कई ग्रामीण शामिल हैं।