Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

गोरखपुर

पीपीगंज में 4 जनवरी हिन्दू सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर, भूमि पूजन के साथ निकली रैली

गोरखपुर। गोरखपुर जनपद के पीपीगंज में आगामी 4 जनवरी को आयोजित होने वाले हिन्दू सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज सम्मेलन स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भूमि पूजन किया गया। पूजन कार्यक्रम में सम्मेलन के सफल आयोजन की कामना की गई। भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष राजेश मद्धेशिया, आरएसएस नगर प्रचारक रंजीत, सह नगर कार्यवाह आकाश मद्धेशिया, बौद्धिक प्रमुख आदर्श वर्धन, शारीरिक प्रमुख अनन्य प्रताप मल्ल, ज्वाइन आरएसएस प्रमुख गौतम गुप्ता, अंतरराष्ट्रीय हिन्दू शक्ति सेना के युवा जिला अध्यक्ष सुजीत पाठक, राघवेंद्र सिंह मंटू, अभय सिंह, शनि जायसवाल, सुरेंद्र अग्रहरि सहित क्षेत्र के प्रमुख संत, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न हिन्दू संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस अवसर पर नगर प्रचारक रंजीत ने बताया कि सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिन्दू समाज को संगठित करना, सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करना तथा सामाजिक एकता और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना है। पूजन के पश्चात आयोजन समिति एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पीपीगंज के प्रमुख मार्गों से एक भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में सैकड़ों युवाओं ने भाग लिया। बाइक सवार भगवा झंडे लहराते हुए “हिन्दू समाज एकता जिंदाबाद” और “धर्म एवं संस्कृति की जय” जैसे नारों के साथ सम्मेलन का संदेश जन-जन तक पहुंचाते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने रैली का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।

भीषण ठंड के चलते गोरखपुर में कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय 31 दिसंबर तक बंद

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।


ब्यूरो गोरखपुर। गोरखपुर जनपद में अत्यधिक ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। जिलाधिकारी गोरखपुर दीपक मीणा के निर्देश पर जनपद के सभी विद्यालयों एवं शैक्षिक संस्थानों को 31 दिसंबर तक बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। यह आदेश कक्षा एक से लेकर कक्षा बारहवीं तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक डा.अमरकान्त सिंह ने बताया कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है। इसी कारण जिलाधिकारी द्वारा आकस्मिक अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अवकाश केवल ठंड के कारण दिया गया है और इसका कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। डीआईओएस अमरकांत सिंह ने कहा कि सभी विद्यालय प्रबंधनों को निर्देशित किया गया है कि वे आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में विद्यालय अथवा शैक्षिक संस्थान खुले पाए जाने पर संबंधित विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन द्वारा औचक निरीक्षण भी कराया जा सकता है, ताकि आदेश की अवहेलना न हो। उन्होंने यह भी बताया कि ठंड के इस प्रकोप में छोटे बच्चों के बीमार होने की संभावना अधिक रहती है, इसलिए एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों को अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें और ठंड से बचाव के पर्याप्त उपाय करें। मौसम सामान्य होने पर आगे की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल 31 दिसंबर तक सभी विद्यालय बंद रहेंगे और आदेश का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस मंथन-2025’ का शुभारंभ: उत्तर प्रदेश बना रूल ऑफ लॉ का सशक्त उदाहरण

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।


गोरखपुर/लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित दो दिवसीय ‘पुलिस मंथन’ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सम्मेलन-2025 के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस के विगत साढ़े आठ वर्षों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि प्रदेश के प्रति आमजन की सोच और परसेप्शन में सकारात्मक बदलाव आया है। आज उत्तर प्रदेश ‘रूल ऑफ लॉ’ का बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने केवल परंपरागत पुलिसिंग को ही नहीं बदला, बल्कि समय के अनुरूप पुलिस व्यवस्था में व्यापक सुधार किए हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों की सेवा और सुरक्षा के लिए कार्य कर रही है। प्रदेश की कानून-व्यवस्था की देश-विदेश में सराहना हो रही है, जो पुलिस सुधारों की सफलता को दर्शाती है। महाराज जी ने अवसंरचना विकास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पुलिस की प्रशिक्षण क्षमता में कई गुना वृद्धि हुई है। वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस के अपने प्रशिक्षण केंद्रों में 60,244 पुलिस कार्मिकों का प्रशिक्षण चल रहा है। यह प्रदेश की तेज़ी से बढ़ती क्षमता और प्रगति का प्रमाण है। पुलिस सुधारों को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के 7 जनपदों में पुलिस कमिश्नरेट सिस्टम लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी जनपदों में साइबर थानों का गठन हो चुका है तथा प्रत्येक थाने में साइबर हेल्पडेस्क स्थापित की गई है। वर्ष 2017 से पहले जहां केवल 4 एफएसएल लैब थीं, वहीं अब 12 अत्याधुनिक एफएसएल लैब कार्यरत हैं और 6 नई लैब्स का निर्माण प्रगति पर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बैरकों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईराइज भवनों के रूप में विकसित किया गया है। यूपी पीआरवी-112 का रिस्पॉन्स टाइम 65 मिनट से घटकर मात्र 6 से 7 मिनट रह गया है। सेफ सिटी की अवधारणा के तहत 17 नगर निगमों में लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है, जो सुरक्षित और सक्षम उत्तर प्रदेश की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विपक्ष के PDA पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का तीखा हमला, बोले—यह पारिवारिक दल एलायंस है

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।

गोरखपुर/लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मंगलवार को पहली बार मीडिया से रूबरू होते हुए विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने विपक्ष के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि इसका असली मतलब “पारिवारिक दल एलायंस” है। पंकज चौधरी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी सहित पूरा विपक्ष परिवारवाद की राजनीति पर चलता है।
उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि अगर इन राजनीतिक परिवारों के बाहर का कोई व्यक्ति अध्यक्ष या बड़ा पद पाना चाहता है तो उसे अगला जन्म लेना होगा, और वह भी उसी राजनीतिक परिवार में। तभी उसे अवसर मिल पाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष का लगभग सभी राज्यों में परिवारवादी दलों से ही गठबंधन है, जिससे उनकी मंशा साफ दिखाई देती है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर सीधा सवाल उठाते हुए कहा, “अगर अखिलेश यादव वास्तव में PDA की राजनीति करते हैं तो उन्होंने आजम खान को मुख्यमंत्री क्यों नहीं बनाया?” उनका इशारा साफ था कि विपक्ष में परिवार के बाहर किसी को बड़ा अवसर नहीं दिया जाता, चाहे वह कितना ही वरिष्ठ या सक्षम क्यों नn हो। संगठन को लेकर अपने इरादे स्पष्ट करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनके पास 35 वर्षों का राजनीतिक अनुभव है और वे इस अनुभव का उपयोग संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं और वे सभी को साथ लेकर चलेंगे। संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। इस दौरान पंकज चौधरी ने पार्टी के आगामी तीन प्रमुख कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहला कार्यक्रम 25 दिसंबर को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित किया जाएगा। इसी दिन से 31 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह मनाया जाएगा, जिसके तहत सभी विधानसभाओं में अटल स्मृति कार्यक्रम होंगे। दूसरा कार्यक्रम वीर बाल दिवस से संबंधित होगा, जिसमें गुरु गोबिंद सिंह जी के साहिबजादों की वीरता और बलिदान की गाथा समाज के निचले स्तर तक पहुंचाई जाएगी और स्कूलों में बच्चों को यह इतिहास बताया जाएगा। तीसरा कार्यक्रम चुनाव आयोग के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से जुड़ा है। पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा के सभी कार्यकर्ता चुनाव आयोग को पूरा सहयोग देंगे और मतदाता सूची को शुद्ध व सटीक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे और प्रदेश प्रवक्ता समीर सिंह भी उपस्थित रहे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।

गोरखपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरन द्वारा पुलिस कार्यालय में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी-अपनी शिकायतें एसएसपी के समक्ष रखीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। एसएसपी राजकरन ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा फरियादियों को अनावश्यक रूप से थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान एसएसपी ने यह भी घोषणा की कि जिले के सभी थानों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, अभिलेखों की स्थिति, जनसुनवाई व्यवस्था, मालखाना, बैरक एवं पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निरीक्षण का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाना है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि आम जनता के साथ शालीन व्यवहार करें और शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता बरतें।

पीपीगंज नगर पंचायत में चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा ने अलाव व्यवस्था का किया औचक निरीक्षण

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर

पीपीगंज गोरखपुर। नगर पंचायत पीपीगंज में बढ़ती ठंड और शीतलहर को देखते हुए चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा ने आज अलाव की व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगरीय क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जल रहे अलाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि ठंड से बचाव के लिए की गई व्यवस्थाएं सही ढंग से संचालित हों और जरूरतमंदों को इसका लाभ मिल सके। चेयरमैन ने नगर पंचायत कर्मचारियों को निर्देश दिया कि अलाव की व्यवस्था नियमित रूप से की जाए, विशेषकर सुबह और देर रात के समय, जब ठंड का प्रकोप अधिक रहता है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर में बाहर से आने वाले राहगीरों, मजदूरों एवं दूर-दराज से आए व्यक्तियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि किसी को भी ठंड के कारण परेशानी न हो।
औचक निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर व्यवस्था में सुधार के निर्देश भी दिए गए। चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नगर पंचायत द्वारा की जा रही यह पहल नागरिकों को ठंड से राहत देने के साथ-साथ प्रशासन की संवेदनशीलता को भी दर्शाती है। इस अवसर पर चेयरमैन प्रतिनिधि समाजसेवी शिवपाल रावत उर्फ गुड्डू रावत, सभासद मोहम्मद जावेद, सभासद शनि जायसवाल, सभासद जवाहिर निषाद, अन्य समाजसेवी मौजूद रहे।

पीपीगंज बाजार के व्यवस्थीकरण व विस्तारीकरण को लेकर दो दिवसीय व्यापारी बैठक, अतिक्रमण हटाने व बाजार व्यवस्थित पर बनी सहमति

पीपीगंज गोरखपुर। पीपीगंज कस्बे के पुलिस चौकी से दुर्गा मंदिर तक बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न यातायात एवं जनसुविधा की समस्याओं को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा की पहल पर दो दिवसीय व्यापारी बैठक का आयोजन कियापीपीगंज बाजार के व्यवस्थीकरण व विस्तारीकरण को लेकर दो दिवसीय व्यापारी बैठक, अतिक्रमण हटाने पर बनी सहमति गया। रविवार को शटर व्यापारियों के साथ तथा सोमवार को फुटपाथ व पटरी व्यापारियों के साथ अलग-अलग बैठकें संपन्न हुईं। दोनों बैठकों में उपस्थित सभी व्यापारियों ने बाजार के व्यवस्थीकरण व विस्तारीकरण के लिए उठाए गए इस कदम का एकमत होकर समर्थन किया।बैठक के बाद व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा ने कहा कि बहुत जल्द प्रशासन के सहयोग से पीपीगंज बाजार का सुनियोजित व्यवस्थीकरण एवं विस्तारीकरण कराया जाएगा, ताकि मुख्य बाजार में आवागमन अवरुद्ध न हो और आमजनमानस को किसी प्रकार की असुविधा न झेलनी पड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारी हित सर्वोपरि है और किसी भी फुटपाथ व्यापारी को बिना उजाड़े, उन्हें व्यवस्थित तरीके से स्थान उपलब्ध कराकर बाजार को विकसित किया जाएगा।बैठक में व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष सचिन वर्मा, उपाध्यक्ष अमित अग्रहरी एवं बृजेश मद्धेशिया, मंत्री प्रशांत अग्रहरी, प्रदीप वर्मा, अमित वर्मा प्रिंस, मनोज गुप्ता, कोषाध्यक्ष पवन अग्रहरी, कार्यकारिणी सदस्य ठाकुर वर्मा, विनोद वर्मा, सुनील जायसवाल, देवानंद मद्धेशिया, धर्मेंद्र अग्रहरी, अनिल मद्धेशिया, कालीचरण अग्रहरी सहित बड़ी संख्या में पटरी एवं फुटपाथ व्यवसायी शामिल रहे। बैठक की अध्यक्षता रामचन्द्र ठठेरा व अनिल मद्धेशिया ने की।
बैठक के दौरान व्यापारियों ने बाजार से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर खुलकर अपने सुझाव रखे। प्रशांत मद्धेशिया व दुर्गेश ठठेरा ने कहा कि अतिक्रमण के कारण बाजार में गाड़ियां निकलना मुश्किल हो गया है। रामपलट ने सड़क किनारे खड़े वाहनों को भी अतिक्रमण का बड़ा कारण बताया। अखिलेश अग्रहरी ने बाजार के विस्तार की आवश्यकता जताई तथा पुलिस चौकी व दुर्गा मंदिर क्षेत्र के बाहरनियोजित प्रबंधन की बात कही। अमरनाथ मद्धेशिया ने आपात स्थिति में एम्बुलेंस के बाजार में प्रवेश न कर पाने पर चिंता व्यक्त की। रजत मद्धेशिया ने सफाई व्यवस्था, कूड़ा गाड़ी की आवाजाही, डिवाइडर पर कचरा घर बनने और फायर ब्रिगेड के न पहुंच पाने जैसी गंभीर समस्याओं की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि छठ, होली व दीपावली जैसे पर्वों पर बिल्डिंग व्यापारियों को भी अपने अधिकार मिलना चाहिए, क्योंकि अत्यधिक अतिक्रमण से उन्हें भारी परेशानी होती है। कुछ लोगों ने फुटपाथ व्यापारियों को विस्तारपूर्वक एवं सुव्यवस्थित ढंग से बसाने की मांग की। अरविंद कुमार अग्रहरी ने सामुदायिक शौचालय की व्यवस्था को जरूरी बताया। ठाकुर वर्मा ने मुख्य बिंदु रखते हुए कहा कि अतिक्रमण को चिन्हित कर नियमों का कड़ाई से पालन कराया जाए। दुर्गेश मद्धेशिया ने दुर्गा मंदिर परिसर सहित पूरे बाजार क्षेत्र से हर प्रकार के अतिक्रमण को हटाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा ने बैठक की अध्यक्षता कर रहे रामचन्द्र ठठेरा व अनिल मद्धेशिया को बधाई देते हुए कहा कि व्यापार मंडल सभी व्यापारियों को सूचित करता है कि बाजार के व्यवस्थित विकास, सुचारु यातायात, सुरक्षा और स्वच्छता के लिए यह अभियान निरंतर चलाया जाएगा और सभी के सहयोग से इस नियत कार्य को पूर्ण किया जाएगा और बाजार बाहरी गतिविधियों को शामिल नहीं होने दिया जाएगा हर एक व्यापारी सुरक्षित व सुयोजित रहेगा।

कैम्पियरगंज में पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की मासिक बैठक सम्पन्न

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।

कैम्पियरगंज गोरखपुर। कैम्पियरगंज में आज पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन की मासिक बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय सचिव एवं अधिवक्ता धर्मेंद्र त्रिपाठी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने तहसील स्तर के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य और विस्तार पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है तथा भविष्य में संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। बैठक में अनुशासन समिति के सदस्य डॉ. टी.एन. गुप्त ने पत्रकारों को अनुशासन और नैतिकता का महत्व समझाया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार लिखने का कार्य नहीं है, बल्कि समाज को सही दिशा दिखाने की जिम्मेदारी भी है। निष्पक्षता, सत्यनिष्ठा और अनुशासन पत्रकारिता की मूल आत्मा हैं, जिनका पालन हर पत्रकार को करना चाहिए। प्रदेश उपाध्यक्ष सत्य प्रकाश त्रिपाठी ने अपने संबोधन में कहा कि आज पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन पूरे प्रदेश में तेजी से मजबूत हो रहा है। संगठन से जुड़कर पत्रकार एकजुटता के साथ अपनी आवाज को बुलंद कर सकते हैं और समाज के हित में बेहतर कार्य कर सकते हैं। इस अवसर पर तहसील अध्यक्ष सुनील जायसवाल ने कैम्पियरगंज तहसील से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को बैठक के समक्ष रखा और उनके समाधान की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में हिन्दुस्तान संवाददाता आलोक सिंह, पत्रकार सुग्रीव सृजन, संरक्षक पी.एन. सिंह, संवाददाता शरद मद्धेशिया, अनिल बोस, सत्यम त्रिपाठी, रोहित कुमार, विनोद कुमार, चन्द्रेश प्रताप एवं मीडिया प्रभारी आकाश मद्धेशिया ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों और जिम्मेदारियों पर सारगर्भित संदेश दिया। बैठक में बड़ी संख्या में पत्रकारों की उपस्थिति रही। अंत में संगठन की एकता, अनुशासन और पत्रकार हितों की रक्षा के संकल्प के साथ बैठक का समापन किया गया।

लखनऊ में पंकज चौधरी ने भाजपा उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पद हेतु किया नामांकन

गोरखपुर/लखनऊ। आज लखनऊ में केन्द्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष पद हेतु अपना नामांकन पत्र विधिवत रूप से दाखिल किया। यह कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, माननीय उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक की विशेष उपस्थिति रही। साथ ही माननीय जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, भूपेंद्र सिंह चौधरी, भाजपा उत्तर प्रदेश के महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेन्द्र नाथ पाण्डेय तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीमती स्मृति ईरानी की उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, विभिन्न जनप्रतिनिधिगण एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
नामांकन के दौरान पंकज चौधरी ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा संगठन के बल पर प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण की योजनाओं को और अधिक मजबूती मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। सभी ने पंकज चौधरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की उम्मीद जताई।

कैम्पियरगंज में खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ, विधायक फतेह बहादुर सिंह रहे मुख्य अतिथि

आकाश मद्धेशिया ब्यूरो चीफ गोरखपुर।

कैम्पियरगंज गोरखपुर। आज कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत महंत अवैद्यनाथ जी महाराज स्टेडियम, जंगल कौड़ियां में आयोजित खेल स्पर्धा का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक फतेह बहादुर सिंह द्वारा विधिवत रूप से किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विधायक ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को जीवन का अभिन्न अंग बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास करते हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आगाज हुआ, जिनमें क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों ने पूरे जोश और उमंग के साथ भाग लिया। मैदान में खिलाड़ियों की ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने योग्य रही। प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला, जिससे उनमें आत्मविश्वास का संचार हुआ। विधायक फतेह बहादुर सिंह ने कहा कि ऐसी खेल स्पर्धाएं क्षेत्र के युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ फिट इंडिया और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं। स्वस्थ युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव होते हैं। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और खेल गतिविधियों को निरंतर प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया। इस आयोजन में तमाम जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने खेल स्पर्धा के सफल आयोजन की सराहना की और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।