Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

fetus in liver

लीवर में पल रहा था भ्रूण! बुलंदशहर में सामने आया चौंकाने वाला मामला, डॉक्टर्स भी रह गए हैरान

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने आम लोगों के साथ-साथ डॉक्टर्स को भी हैरान कर दिया है। यहां एक 30 वर्षीय महिला को पिछले दो महीने से पेट में लगातार दर्द और उल्टी की शिकायत थी। जब स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद भी उसे कोई राहत नहीं मिली, तो उसे एमआरआई जांच के लिए एक निजी सेंटर भेजा गया।जांच रिपोर्ट देखकर डॉक्टरों के होश उड़ गए। रिपोर्ट में महिला की प्रेग्नेंसी की पुष्टि तो हुई, लेकिन सबसे हैरानी की बात यह थी कि उसका गर्भाशय यानी यूट्रस पूरी तरह खाली था। दरअसल, महिला का 12 हफ्ते का भ्रूण उसके गर्भाशय में नहीं, बल्कि लीवर के दाहिनी ओर पल रहा था। और इतना ही नहीं, भ्रूण में स्पष्ट रूप से धड़कन भी मौजूद थी, यानी वह पूरी तरह जीवित था।इस मामले की पुष्टि करने वाले वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. के.के. गुप्ता ने बताया कि वे अपने पूरे करियर में पहली बार ऐसा मामला देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह एक अत्यंत दुर्लभ मामला है। अब तक पूरी दुनिया में ऐसे केवल 18 केस ही रिपोर्ट हुए हैं, और भारत में यह संभवतः पहला मामला हो सकता है।”डॉक्टरों के मुताबिक, यह स्थिति “एबडॉमिनल प्रेग्नेंसी” यानी पेट के भीतर अन्य अंग में भ्रूण के विकसित होने का मामला है, जो सामान्य गर्भावस्था से बिल्कुल अलग और जीवन के लिए खतरनाक हो सकता है। फिलहाल महिला की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और विशेषज्ञों की टीम आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पर विचार कर रही है। यह मामला मेडिकल साइंस के लिए एक गंभीर अध्ययन का विषय बन चुका है और डॉक्टरों ने इसे लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है।