Breaking
Mon. May 4th, 2026

.Maharajganj

जिस विद्यालय में पढ़े, उसी का सम्मान किया तार-तार, शिक्षक निष्कासन पर छात्रों का उग्र विरोध

महराजगंज। महराजगंज जनपद के सिसवा बाजार स्थित चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय प्रशासन द्वारा एक शिक्षक के निष्कासन की घोषणा के बाद छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय परिसर में जमकर बवाल काटा और तोड़फोड़ की। जानकारी के अनुसार, सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने एक शिक्षक को विद्यालय से निष्कासित किए जाने की जानकारी छात्रों को दी। यह सुनते ही छात्र आक्रोशित हो उठे और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। छात्रों ने विद्यालय में खड़े स्कूली वाहन को नुकसान पहुँचाया, एक निजी कार के शीशे तोड़ दिए और स्कूल के ब्रेंच, गेट, खिड़की सहित अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इतना ही नहीं, छात्रों ने विद्यालय के बाहर लगे बोर्ड और पोस्टर तक को नहीं बख्शा। उसे भी फाड़ दिया गया और ज़मीन पर गिरा दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिसवा थाने के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और छात्रों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना ने शिक्षा संस्थानों में अनुशासन और संवाद की आवश्यकता पर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय जैसे स्थानों पर इस प्रकार की घटनाएं न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंताजनक भी हैं।

बाजार से लौटते समय गायब हुआ चौकीदार, अगली सुबह सड़क किनारे मिला शव

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परतावल-पुरैना मार्ग पर ग्राम सभा चौपरिया के पास आज सुबह लगभग 6 बजे एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान चौपरिया निवासी अदालत (चौकीदार) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अदालत बुधवार की शाम अपनी बाइक से परतावल बाजार गए थे, जहाँ से उन्हें कुछ जरूरी सामान खरीदकर लौटना था। लेकिन देर रात तक वे घर नहीं पहुंचे। घर पर उनकी पत्नी निर्मला, मां और बेटी मौजूद थीं, जबकि उनके तीन बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। अदालत के देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। महिलाओं ने काफी देर तक इंतजार किया, फिर थक हारकर सो गईं।अगली सुबह किसी राहगीर ने शव को सड़क किनारे पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जा रहा है कि अदालत श्यामदेउरवा थाने में बतौर चौकीदार तैनात थे। इसके साथ ही वे गांव में भजन-कीर्तन कर अपने परिवार का भरण-पोषण भी करते थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है।

जिलाधिकारी की नई पहल: अब सीधे खुद जानेंगे जनशिकायतों का हाल

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर अनूठी पहल शुरू की है। उन्होंने स्वयं अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें मंगाई। एक दिन में 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।शाम 8 बजे कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में सभी अधिशासी अभियंताओं, एसडीओ और जेई को बुलाकर तीन श्रेणियों में शिकायतों का वर्गीकरण कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तत्काल समाधान योग्य शिकायतों को 24 घंटे में हल किया जाए। बाकी मामलों में भी शिकायतकर्ता को प्रक्रिया और संभावित समयसीमा से अवगत कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से जनता का फोन उठाएं, वरना कठोर कार्यवाही की जाएगी। सभी एक्सईएन को शिकायतों की सूची सौंपते हुए 24 घंटे में कार्यवाही रिपोर्ट देने को कहा गया।उन्होंने बताया कि इसी तरह अन्य विभागों से भी शिकायतें आमंत्रित कर स्वयं समीक्षा की जाएगी। विभागों को निर्देशित किया गया है कि यदि समाधान संभव न हो, तो शिकायतकर्ता की उचित काउंसलिंग की जाए ताकि वह अनावश्यक रूप से परेशान न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि शिकायतों का समाधान प्रभावी और समयबद्ध हो, और यही प्रशासन की प्राथमिकता है।

नवोदय विद्यालय के बच्चों के साथ भोजन करने पहुंचे डीएम और एसपी, बातचीत कर जाना उनका सपना

महराजगंज। जिले के नवोदय विद्यालय में शनिवार का दिन बच्चों के लिए खास बन गया। अचानक जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा स्कूल पहुंचे और बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। अधिकारियों को अपने बीच पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी।दरअसल, परीक्षा केंद्रों के निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारी नवोदय विद्यालय, धनेवा धनेई पहुंचे। यहां उन्होंने स्कूल परिसर, हॉस्टल, मेस और रसोई का जायजा लिया। उसी दौरान जब बच्चों के खाने का समय हुआ, तो दोनों अधिकारी भी बच्चों के साथ पंक्ति में बैठ गए और खाना खाया। खाने के दौरान बच्चों से बातचीत कर उनके सपनों और भविष्य की योजनाओं को भी जाना।बच्चों ने बताया कि कोई आईएएस बनना चाहता है, तो कोई डॉक्टर, इंजीनियर या खिलाड़ी। इस पर जिलाधिकारी ने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नवोदय जैसे विद्यालयों से पढ़कर देश-विदेश में कई छात्रों ने नाम कमाया है। आप सभी भाग्यशाली हैं जिन्हें यहाँ पढ़ने का अवसर मिला है, मेहनत करें और अपने सपनों को साकार करें।पुलिस अधीक्षक ने भी बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है, इसके बल पर जीवन में कोई भी मुकाम पाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को मेहनत और अनुशासन से आगे बढ़ने की सलाह दी।इसी दौरान स्कूल के प्रधानाचार्य ने बच्चों के लिए एक वाटर कूलर की जरूरत बताई। जिलाधिकारी ने तुरंत निर्देश दिया कि वाटर कूलर आज ही लगाया जाए, ताकि बच्चों को गर्मी में पीने के ठंडे पानी की सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने आश्वस्त किया कि बच्चों की किसी भी जरूरत को जिला प्रशासन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेगा।निरीक्षण और संवाद का यह अवसर बच्चों के लिए यादगार बन गया, जिसने उन्हें नई प्रेरणा और आत्मविश्वास से भर दिया।

वनटांगिया गांव में आयोजित हुआ वनग्राम स्वास्थ्य मेला

महराजगंज, 27 जुलाई 2025। ग्राम सभा बेलासपुर वनटांगिया में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशानुसार वृहद वनग्राम स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायत विभाग द्वारा वन ग्राम के ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को व्यापक सेवाएं प्रदान की गईं।स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गईं प्रमुख सेवाएं:1. मानसिक रोग से पीड़ित मरीजों की काउंसलिंग टेलीमॉनस (फोन नंबर 14416) के माध्यम से कराई गई।2. कुल 167 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।3. OPD के अंतर्गत 167 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं।4. आशा, एएनएम एवं सीएचओ द्वारा 12 लाभार्थियों का आभा कार्ड बनाया गया।5. डॉक्टर की सलाह पर हिमोग्लोबिन, हेपेटाइटिस, मलेरिया आदि की जांचें कराई गईं।6. दो टीबी संदिग्ध मरीजों के स्पुटम के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि दो टीबी पॉजिटिव पाए गए मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।7. 12 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।ब्लॉक परतावल अंतर्गत दी गई सेवाएं:1. दो लाभार्थियों का शौचालय हेतु रजिस्ट्रेशन किया गया।2. पंचायत सहायक द्वारा 15 ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया।3. तीन परिवारों का फैमिली आईडी बनाया गया।4. तीन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सिंह एवं सत्येंद्र सिंह उपस्थित रहे।स्वास्थ्य मेले के सफल संचालन में पंचायत सचिव सृष्टि सिंह, ग्राम प्रधान मीना देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि छोटेलाल, एडीओ समाज कल्याण, एडीओ पंचायत, सुधीर सिंह, अखलाक अहमद, दुर्गावती सिंह, पूजा गौतम, असीम जयसवाल, डॉक्टर फुरकान, संजीव सिंह, प्रदीप कुमार, अतुलेन्द्र द्विवेदी, अरुण सिंह, रानी सिंह, सीमा प्रजापति एवं समस्त आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग सराहनीय रहा।

परतावल में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया गया नमन

परतावल/महराजगंज। शनिवार को कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर परतावल ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने किया। शहीदों की स्मृति में पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और उनके बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, महामंत्री अजय कुमार गौतम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अशोक यादव, गणेश पाण्डेय, देवीलाल,आलोक तिवारी, गोलू, कन्हैया मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहा।ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। हमें शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।”कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जयघोष के साथ शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

खलिहान की जमीन को लेकर विवाद: ग्रामवासियों ने लगाए पूर्व प्रधान पर दबंगई के आरोप

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 10, शिवनगर के गाटा संख्या 783 व 784 को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के ग्रामीणों का कहना है कि राजकुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय मुन्शी सिंह द्वारा जिलाधिकारी को दी गई शिकायत पूरी तरह से झूठ पर आधारित है। ग्रामीणों के अनुसार, विवादित भूमि छवर (खलिहान) की जमीन है और उस पर आज तक किसी ग्रामीण ने कोई कब्जा नहीं किया है।ग्रामवासियों का आरोप है कि राजकुमार सिंह पूर्व में प्रधान रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में ही खलिहान की जमीन पर धन लेकर कई लोगों को कब्जा दिलवाया गया था। हैरत की बात यह है कि खुद राजकुमार सिंह का मकान गाटा संख्या 772 पर बना हुआ है, जो कि खलिहान की भूमि में शामिल है।ग्रामवासियों ने बताया कि स्वर्गीय मुन्शी सिंह, जो कई बार ग्राम प्रधान रह चुके हैं, उनके समय से ही कई परिवार इस जमीन पर रह रहे हैं। नगर पंचायत बनने के बाद जब राजकुमार सिंह के भाई रवि प्रकाश सिंह ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और हार गए, तभी से राजकुमार सिंह द्वेष की भावना से काम कर रहे हैं।आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते वह अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर ग्रामवासियों को परेशान करने पर उतारू हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा इन मकानों को हाउस नंबर, जलकर और भवन कर की नोटिस जारी की जा चुकी है और कई परिवार पहले ही अपना कर जमा भी कर चुके हैं।गांववालों ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष हो और जिन लोगों ने वर्षों से वहां निवास कर रखा है, उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। साथ ही, राजकुमार सिंह द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न पर भी प्रशासन सख्त रुख अपनाए।ग्रामीणों की ओर से यह भी कहा गया कि अगर प्रशासन ने जल्द न्याय नहीं किया तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

बजरंग शाखा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जुटे जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग

परतावल/महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को परतावल बाजार स्थित मंडी परिसर में बजरंग शाखा द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व काशीनाथ सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे। साथ ही चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल, एडवोकेट संतोष मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलराम गुप्ता, महामंत्री नागेश कशौधन, फार्मासिस्ट शशिविंद मिश्र, शाखा नगर प्रचारक आदर्श पांडेय, शिक्षक रामप्रवेश उपाध्याय, जयप्रकाश मद्धेशिया, डॉ. अशोक कुमार पांडेय, अजय कुमार गौतम, मनोहर मद्धेशिया, महाजन कश्यप, गंगाधर जायसवाल, द्वारिका वर्मा समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

दुर्घटना में 200 से अधिक शव बरामद, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का निधन, टाटा समूह ने की मृतक के परिजनों को एक एक करोड़ सहायता की घोषणा

अहमदाबाद। राज्य में हाल ही में हुई भीषण विमान दुर्घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में अब तक 200 से अधिक लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मृतकों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी शामिल हैं। उनके असामयिक निधन से प्रदेशभर में शोक की लहर दौड़ गई है।दुर्घटना के बाद राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। गंभीर रूप से घायल लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इस बीच टाटा समूह ने मानवीय पहल करते हुए मृतक परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही समूह ने घायलों के संपूर्ण इलाज की जिम्मेदारी भी उठाई है।हादसे में मेडिकल कॉलेज के छात्रावास की इमारत भी क्षतिग्रस्त हो गई है। टाटा समूह ने उस छात्रावास के पुनर्निर्माण का प्रयास भी करेगा है, ताकि वहां रहने वाले छात्रों को जल्द से जल्द सुरक्षित और सुविधाजनक आवास मिल सके।राज्य सरकार और केंद्र सरकार ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पूरे प्रदेश में शोक घोषित कर दिया गया है।

भाजपा ने योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मण्डल उपाध्यक्ष बनाया

परतावल/महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र – 319 भाजपा मंडल पदाधिकारियों की ताज़ा घोषणा भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय व महराजगंज के जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय की संस्तुति पर पनियरा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इस ताज़ा घोषणा में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मंडल का मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के समय डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मंडल से मंडल मंत्री एवं मीडिया प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी दी गई थी, जिसे उन्होंने शानदार तरीके से निभाया। अब पुनः उन्हें मंडल उपाध्यक्ष के उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं।

इस नियुक्ति पर डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय ने कहा–

“पार्टी ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ यह पद दिया है, उसे मैं पूरी लगन और निष्ठा से निभाऊँगा।”

उनकी इस नियुक्ति की घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में उनके साथ जुड़ने वाले समर्थकों में उत्साह और ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।