झांसी में सनसनीखेज दोहरा हत्याकांड: युवक ने प्रेमिका और मासूम बेटे की कुल्हाड़ी से हत्या की
झांसी जिले के लहचूरा थाना क्षेत्र के बरौटा गांव में दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। यहां एक युवक ने विवाद के बाद अपनी प्रेमिका और उसके तीन वर्षीय बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चतुर्भुज पटेल (40) उर्फ राजीव ने 3 अप्रैल की रात अपनी प्रेमिका नीलू (35) से पैसों को लेकर विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के समय पास में मौजूद उसका तीन वर्षीय बेटा कृष्णा रोने लगा, जिस पर आरोपी ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए महिला के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। इसके बाद शव को गांव के बाहर सड़क किनारे फेंक दिया, जबकि मासूम के शव को पास के खेत में भूसे के ढेर में दबा दिया। मंगलवार रात आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से भूसे में आग भी लगा दी।
रविवार को गांव के बाहर मिले महिला के शव की पहचान बाद में नीलू के रूप में हुई। पुलिस ने जांच के दौरान बच्चे का शव भी बरामद कर लिया।
मिशन शक्ति रजिस्टर से मिली अहम कड़ी
मामले की जांच में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। मृतका की पहचान करना चुनौती बना हुआ था। इसी दौरान लहचूरा थाना प्रभारी सरिता मिश्रा ने मिशन शक्ति रजिस्टर का सहारा लिया। रजिस्टर में दर्ज जानकारी के आधार पर आरोपी की पत्नी हेमलता तक पहुंच बनाई गई, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
हेमलता ने पुलिस को बताया कि आरोपी चतुर्भुज उसका पति है और उसके अन्य महिलाओं से भी संबंध थे। दोनों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी चतुर्भुज को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी गुस्सैल और सनकी प्रवृत्ति का है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
