Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

Partawal

फाइलेरिया उन्मूलन के लिए बच्चों की जागरूकता रैली

परतवाल। महराजगंज के श्यामदेउरवा क्षेत्र स्थित मदरसा अहले सुन्नत मिफ़्ताहुल कुरआन बैजौली में सोमवार को फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत जागरूकता रैली आयोजित की गई। रैली में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने हाथों में तख्तियां और बैनर थामे जोरदार नारे लगाए—

“फाइलेरिया मिटाओ, देश को बचाओ!”

“साफ-सफाई अपनाओ, मच्छर भगाओ!”

“दवा खाओ, फाइलेरिया मिटाओ!”

इस अवसर पर मदरसा प्रधानाचार्य अब्दुल मुस्तफा खान, सभी शिक्षक, अभिभावक और स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। रैली के माध्यम से लोगों से मच्छरों से बचाव, समय पर दवा सेवन और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की गई, ताकि क्षेत्र को पूरी तरह फाइलेरिया मुक्त बनाया जा सके।

परतावल सीएचसी का निरीक्षण करती नजर आईं महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी, मरीजों से जाना हाल

परतावल/महराजगंज। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारु चौधरी ने मंगलवार को परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं, डॉक्टरों की उपस्थिति, दवाओं की उपलब्धता और महिला मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान उपाध्यक्ष ने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को जाना। कुछ मरीजों ने डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति पर सवाल उठाए, जिस पर उन्होंने सीएचसी प्रभारी को चेतावनी देते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई, प्रसव कक्ष की स्थिति, दवाओं के भंडारण और स्टाफ की उपस्थिति रजिस्टर की भी जांच की।चारु चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों। अगर कहीं लापरवाही पाई जाती है, तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई तय है। उन्होंने महिला मरीजों से भी बातचीत की और उनकी सुरक्षा व इलाज को लेकर संतोषजनक व्यवस्था होने पर संतोष जताया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, सीएचसी प्रभारी, महिला आयोग की टीम और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। उपाध्यक्ष के इस दौरे को क्षेत्रीय जनता ने गंभीरता से लिया और अस्पताल प्रबंधन में सुधार की उम्मीद जताई है।

नगर पंचायत की लापरवाही से हादसा टला, खुली नाली में गिरी मासूम बच्ची

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो, जिम्मेदारों पर उठ रहे सवाल

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल की घोर लापरवाही एक बड़ी घटना का कारण बनते-बनते रह गई। वार्ड नंबर 1 अंबेडकर नगर में गुरुवार की सुबह एक मासूम बच्ची NH-730 के किनारे बनी खुली नाली में जा गिरी। सौभाग्य से उसके बड़े भाई की सतर्कता के चलते समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया और उसकी जान बच गई।जानकारी के अनुसार, नाली पर लगे स्लैब को तीन दिन पहले हटा दिया गया था लेकिन नगर पंचायत द्वारा अब तक उसे ढंका नहीं गया था। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की, पर किसी ने सुध नहीं ली। खुले नाले के चलते आए दिन राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। गुरुवार को जब यह बच्ची नाली के पास खेल रही थी, तभी असंतुलित होकर खुले गड्ढे में जा गिरी। उसके भाई ने तत्काल उसे खींचकर बाहर निकाला, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना का वीडियो स्थानीय लोगों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। लोग नगर पंचायत की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर नाली खुली छोड़ने के पीछे कोई कारण था, तो उस पर चेतावनी बोर्ड या बैरिकेडिंग तो लगानी चाहिए थी। बच्ची की जान जाते तो क्या प्रशासन इसके लिए जवाबदेह होता? अब सवाल यह उठता है कि क्या नगर पंचायत की लापरवाही इसी तरह लोगों की जान जोखिम में डालती रहेगी? कब होगी ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई?

सैकड़ों वर्षों पुरानी देवी भागवत कथा की, निकली भव्य कलश यात्रा

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 2 बल्लभनगर तिवारी टोला में शुक्रवार को सैकड़ों वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के तहत भव्य कलश यात्रा धूमधाम से निकाली गई। मां भगवती के दरबार से प्रारंभ हुई यात्रा तिवारी टोला से होते हुए परतावल कस्बा, बाजार, बभनौली होते हुए छतीराम हट्ठी माता मंदिर तक पहुंची।गाजे-बाजे, डीजे और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली इस कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बताया जाता है कि यह परंपरा लगभग 125 वर्षों से निरंतर जारी है, जो देवी भागवत कथा के लिए विशेष मानी जाती है।हट्ठी माता मंदिर पर भक्तों ने जलाभिषेक कर मां की आराधना की। तत्पश्चात पंडित दुष्यंत पराश्रय द्वारा सात दिवसीय देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा के मुख्य यजमान बृजेंद्र कृष्ण त्रिपाठी उर्फ राजू बाबु सह परिवार रहे। जल भरने के उपरांत भक्तजन पुनः तिवारी टोला स्थित मां भगवती दरबार लौटे, जहां कलश स्थापना के साथ यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।कलश यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। आयोजन में ट्रैक्टर, कार, बस और सैकड़ों मोटरसाइकिलों का जत्था भी शामिल रहा।कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे चौकी प्रभारी अमित सिंह मय फोर्स पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था भी सराहनीय रही। आयोजकों ने विश्वास जताया कि आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक धरोहर को जीवंत रखकर परंपरा को आगे बढ़ाएंगी।इस दौरान मौजूद रहे आचार्य डॉक्टर रंगनाथ त्रिपाठी, पंचायत इण्टर कालेज के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, सपा नेता संतोष कृष्ण त्रिपाठी उर्फ गुड्डू भईया, पूर्व प्रधान देवेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, पत्रकार रतन पाण्डेय, उत्कर्ष त्रिपाठी, उत्सव त्रिपाठी, रजत त्रिपाठी, दीपू रावत,सतीश आंनद मिश्रा,दुर्गेश शुक्ला, सभासद प्रतिनिधि मंजेश कुमार, विजय प्रजापति, दिलीप पटवा समेत भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

जिनके लौटने का इंतजार था, अब वो कभी नहीं आएंगे: परतावल हादसे ने बुझा दिए तीन घरों के चिराग

परतावल,महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चदरौली के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।मृतकों की पहचान राजन (22) पुत्र अनिरुद्ध और आनंद (24) पुत्र अशोक के रूप में हुई है, जो नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 15 धर्मनता टोला के निवासी थे। तीसरे मृतक तबारक (25) पुत्र वासिउल्लाह निवासी परसा खुर्द थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजन और आनंद बाइक से महराजगंज से लौट रहे थे, वहीं अरमान (26) पुत्र महबूब अंसारी निवासी परसा खुर्द और तबारक दूसरी बाइक से अपने घर जा रहे थे। सेमरा चदरौली के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि राजन और तबारक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद ने इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया। अरमान को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

परतावल: अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने कोर्ट के आदेश पर चलाया बुलडोजर

महराजगंज। नगर पंचायत परतावल क्षेत्र के अहिल्याबाई वार्ड में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की टीम, राजस्व व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।बताया गया कि यह जमीन वैध भूमिधर की थी, जिस पर कुछ लोगों ने अस्थायी झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर के माध्यम से अवैध निर्माण को कुछ ही मिनटों में धराशायी कर दिया और भूमि को कब्जा मुक्त कराकर मूल मालिक को सौंप दिया।कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशानुसार की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

बाजार से लौटते समय गायब हुआ चौकीदार, अगली सुबह सड़क किनारे मिला शव

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परतावल-पुरैना मार्ग पर ग्राम सभा चौपरिया के पास आज सुबह लगभग 6 बजे एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान चौपरिया निवासी अदालत (चौकीदार) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अदालत बुधवार की शाम अपनी बाइक से परतावल बाजार गए थे, जहाँ से उन्हें कुछ जरूरी सामान खरीदकर लौटना था। लेकिन देर रात तक वे घर नहीं पहुंचे। घर पर उनकी पत्नी निर्मला, मां और बेटी मौजूद थीं, जबकि उनके तीन बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। अदालत के देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। महिलाओं ने काफी देर तक इंतजार किया, फिर थक हारकर सो गईं।अगली सुबह किसी राहगीर ने शव को सड़क किनारे पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जा रहा है कि अदालत श्यामदेउरवा थाने में बतौर चौकीदार तैनात थे। इसके साथ ही वे गांव में भजन-कीर्तन कर अपने परिवार का भरण-पोषण भी करते थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है।

वनटांगिया गांव में आयोजित हुआ वनग्राम स्वास्थ्य मेला

महराजगंज, 27 जुलाई 2025। ग्राम सभा बेलासपुर वनटांगिया में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा के निर्देशानुसार वृहद वनग्राम स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में स्वास्थ्य विभाग एवं पंचायत विभाग द्वारा वन ग्राम के ग्रामीणों एवं लाभार्थियों को व्यापक सेवाएं प्रदान की गईं।स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गईं प्रमुख सेवाएं:1. मानसिक रोग से पीड़ित मरीजों की काउंसलिंग टेलीमॉनस (फोन नंबर 14416) के माध्यम से कराई गई।2. कुल 167 मरीजों की स्क्रीनिंग की गई।3. OPD के अंतर्गत 167 मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं दी गईं।4. आशा, एएनएम एवं सीएचओ द्वारा 12 लाभार्थियों का आभा कार्ड बनाया गया।5. डॉक्टर की सलाह पर हिमोग्लोबिन, हेपेटाइटिस, मलेरिया आदि की जांचें कराई गईं।6. दो टीबी संदिग्ध मरीजों के स्पुटम के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि दो टीबी पॉजिटिव पाए गए मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई।7. 12 लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।ब्लॉक परतावल अंतर्गत दी गई सेवाएं:1. दो लाभार्थियों का शौचालय हेतु रजिस्ट्रेशन किया गया।2. पंचायत सहायक द्वारा 15 ग्रामीणों से फीडबैक लिया गया।3. तीन परिवारों का फैमिली आईडी बनाया गया।4. तीन लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्रीकांत शुक्ला द्वारा किया गया। इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल, जिला कार्यक्रम प्रबंधक नीरज सिंह एवं सत्येंद्र सिंह उपस्थित रहे।स्वास्थ्य मेले के सफल संचालन में पंचायत सचिव सृष्टि सिंह, ग्राम प्रधान मीना देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि छोटेलाल, एडीओ समाज कल्याण, एडीओ पंचायत, सुधीर सिंह, अखलाक अहमद, दुर्गावती सिंह, पूजा गौतम, असीम जयसवाल, डॉक्टर फुरकान, संजीव सिंह, प्रदीप कुमार, अतुलेन्द्र द्विवेदी, अरुण सिंह, रानी सिंह, सीमा प्रजापति एवं समस्त आशा कार्यकर्ताओं का सहयोग सराहनीय रहा।

परतावल में कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया गया नमन

परतावल/महराजगंज। शनिवार को कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर परतावल ब्लॉक परिसर स्थित शहीद स्मारक पर एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने किया। शहीदों की स्मृति में पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया और उनके बलिदान को याद किया गया। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, महामंत्री अजय कुमार गौतम, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अशोक यादव, गणेश पाण्डेय, देवीलाल,आलोक तिवारी, गोलू, कन्हैया मद्धेशिया सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनमानस उपस्थित रहा।ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि “कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अद्वितीय पराक्रम और बलिदान का प्रतीक है। हमें शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूलना चाहिए और उनके सपनों का भारत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहना चाहिए।”कार्यक्रम के अंत में सभी ने राष्ट्रगान गाया और भारत माता की जयघोष के साथ शहीदों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।

खलिहान की जमीन को लेकर विवाद: ग्रामवासियों ने लगाए पूर्व प्रधान पर दबंगई के आरोप

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 10, शिवनगर के गाटा संख्या 783 व 784 को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता जा रहा है। गांव के ग्रामीणों का कहना है कि राजकुमार सिंह पुत्र स्वर्गीय मुन्शी सिंह द्वारा जिलाधिकारी को दी गई शिकायत पूरी तरह से झूठ पर आधारित है। ग्रामीणों के अनुसार, विवादित भूमि छवर (खलिहान) की जमीन है और उस पर आज तक किसी ग्रामीण ने कोई कब्जा नहीं किया है।ग्रामवासियों का आरोप है कि राजकुमार सिंह पूर्व में प्रधान रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में ही खलिहान की जमीन पर धन लेकर कई लोगों को कब्जा दिलवाया गया था। हैरत की बात यह है कि खुद राजकुमार सिंह का मकान गाटा संख्या 772 पर बना हुआ है, जो कि खलिहान की भूमि में शामिल है।ग्रामवासियों ने बताया कि स्वर्गीय मुन्शी सिंह, जो कई बार ग्राम प्रधान रह चुके हैं, उनके समय से ही कई परिवार इस जमीन पर रह रहे हैं। नगर पंचायत बनने के बाद जब राजकुमार सिंह के भाई रवि प्रकाश सिंह ने अध्यक्ष का चुनाव लड़ा और हार गए, तभी से राजकुमार सिंह द्वेष की भावना से काम कर रहे हैं।आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते वह अपने पद और प्रभाव का दुरुपयोग कर ग्रामवासियों को परेशान करने पर उतारू हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि नगर पंचायत प्रशासन द्वारा इन मकानों को हाउस नंबर, जलकर और भवन कर की नोटिस जारी की जा चुकी है और कई परिवार पहले ही अपना कर जमा भी कर चुके हैं।गांववालों ने मांग की है कि जांच निष्पक्ष हो और जिन लोगों ने वर्षों से वहां निवास कर रखा है, उन्हें बेवजह परेशान न किया जाए। साथ ही, राजकुमार सिंह द्वारा किए जा रहे उत्पीड़न पर भी प्रशासन सख्त रुख अपनाए।ग्रामीणों की ओर से यह भी कहा गया कि अगर प्रशासन ने जल्द न्याय नहीं किया तो वे उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।