Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

June 9, 2025

महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना से मचा हड़कंप

सिसवा मुंशी, महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरियारपुर में दोपहर साढ़े बारह बजे दिनदहाड़े लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर निवासी सुनीता देवी पत्नी अशोक के घर में कुछ अज्ञात लोग घुस आए और कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।घटना की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हालांकि पुलिस ने लूट की बात से इनकार किया है। इस संबंध में भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि उन्हें लूट की नहीं बल्कि चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुटी रही।

नैनीताल जाते समय शाहजहांपुर में सड़क हादसा होटल व्यवसायी शिवम पांडेय, बेटा और बहन की मौत, पत्नी गंभीर घायल

गोरखपुर। गोरखपुर से नैनीताल घूमने जा रहे मलांव निवासी शिवम पांडेय की कार शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र के जमुका गांव के पास हाईवे पर खड़े मोरंग से लदे ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस दर्दनाक हादसे में होटल शिवाय के मालिक और गोरखपुर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शरदेंदु पांडेय के भतीजे शिवम पांडेय, उनके दो वर्षीय बेटे माधवन और बहन श्वेता द्विवेदी की मौके पर ही मौत हो गई।

शिवम की पत्नी शालिनी पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कार में सवार अंगद यादव और शिवम की भांजी सिद्ध द्विवेदी भी घायल हुए हैं। वहीं, खोराबार क्षेत्र के मालवीय नगर निवासी डॉ. नीरज द्विवेदी इस हादसे में बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इस हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

गोरखपुर में भूमाफियाओं पर बड़ी कार्रवाई: 12 शातिर बदमाशों पर गैंगस्टर एक्ट, SSP ने दिए कड़े निर्देश

गोरखपुर। गोरखपुर जिले में संगठित अपराधों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है। ताजा कार्रवाई में SSP गोरखपुर राज करन के निर्देश पर पुलिस ने 12 शातिर भूमाफियाओं पर गैंगस्टर एक्ट के तहत शिकंजा कसा है। पुलिस ने बताया कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से जमीनों की दलाली और ठगी जैसे अपराधों को अंजाम देता था। गिरोह का सरगना अमरजीत है, जो रावतपार, बांसगांव का निवासी है। उसके साथियों में सुदामा यादव, अभिषेक यादव, अजय मौर्या, राणा प्रताप पांडे, अनन्त राय, नागेंद्र, शैलेंद्र, शिव प्रताप, राजेश यादव, आकाश यादव और विरेंद्र यादव शामिल हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह फर्जी दस्तावेजों के जरिए लोगों को जमीन के नाम पर ठगता था। एक बड़ा मामला 17 जुलाई 2024 को सहजनवां बाईपास पर सामने आया, जहां एक व्यक्ति से जमीन की रजिस्ट्री के नाम पर 2 करोड़ रुपये की ठगी की गई। इस मामले में सहजनवां थाने में केस दर्ज हुआ था। इसके अलावा अमरजीत ने 2023 में एक सुनार को असली सोने के सिक्के का झांसा देकर 109 नकली सिक्कों के जरिए 12 लाख रुपये की ठगी की थी, जिसकी रिपोर्ट खजनी थाने में दर्ज है।

गिरोह के सदस्य न केवल आर्थिक अपराधों में लिप्त थे, बल्कि इनके खिलाफ मारपीट, धमकी, और SC/ST एक्ट के भी गंभीर मामले दर्ज हैं। SSP राज करन नैयर ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अपराधमुक्त समाज के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्रवाई के तहत SP नॉर्थ जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, CO गीड़ा रत्नेश्वर सिंह और सहजनवां थाना प्रभारी की टीम ने संयुक्त रूप से काम किया। DM गोरखपुर कृष्ण करुणेश द्वारा अनुमोदित गैंग चार्ट के आधार पर मुकदमा संख्या 330/2025 दर्ज किया गया।

SSP ने स्पष्ट किया कि भूमाफियाओं, ठगों और समाज में भय फैलाने वाले तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। गोरखपुर पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस तरह के गिरोहों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी।