Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

2025

जलकल विभाग की बड़ी लापरवाही, सड़क बदहाल ग्रामीणों में भारी आक्रोश

भिटौली,महराजगंज। विकास खण्ड परतावल के ग्राम पंचायत डेरवा में 100 मीटर सड़क की खराब स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। जलकल विभाग द्वारा पाइप डालने के बाद सड़क की हालत और भी खराब हो गई है, जिससे 2 फीट गहरा कीचड़ जमा हो गया है। इस कारण स्कूल वाहन और पैदल स्कूल जाने वाले बच्चे आए दिन गिरकर दुर्घटना के शिकार हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की खराब स्थिति के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है और प्रशासन को इस समस्या का समाधान करना चाहिए जलकल विभाग द्वारा पाइप डालने के बाद सड़क की मरम्मत नहीं की गई। जगदीश पाण्डेय, अजमत अली, नूर जमा,विजय कन्नौजिया,राम विजय गौंड,शंभूशरण पटेल, नौशाद खान,नूर आलम,अंसार अली आदि ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया।

नहरों में पानी की कमी, उगी झाड़ियां किसानों का बुरा हाल

भिटौली, महाराजगंज। महाराजगंज के भिटौली क्षेत्र में नहरों में पानी की कमी के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अगया नगर से निकली माइनर नहर सोहरौना राजा से होकर बाँसपार नूतन, पिपर पांती तिवारी के माइनर नहर में टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे खेतों में फसल सूख रहे हैं।

किसानों की समस्या

हर वर्ष जब फसलों में सिंचाई का समय आता है, तो पिपर पांती तिवारी, बाँसपार नूतन बरियारपुर के गांवों में टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता है। नहरों में उगी झाड़ियां देख लगता ही नहीं कि ये नहरें हैं। सिंचाई विभाग के कर्मचारियों द्वारा कुछ दूरी पर नहरों की साफ-सफाई कर खानापूर्ति की जाती है, लेकिन टेल तक झाड़ियों की सफाई नहीं की जाती है, जो इन गांवों के किसानों के साथ अन्याय है।

किसानों की मांग

झलफढ़ सहानी, सीकरी यादव, प्रहलाद, रामनगीना यादव, इस कुमार, सोनू, कौलेशर, स्वामीनाथ, राम नरेश यादव, मिठाई यादव, रवि, रामअधार, लल्लन प्रसाद, नरेंद्र कुमार, श्रीकांत अत्ताउल्लाह, राकेश गुप्ता, शेषमुनि सहित तमाम किसानों ने नहर में उगी झाड़ियों की सफाई कराने और पानी पहुंचाने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

अधिकारियों की प्रतिक्रिया

अवर अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि बांसपार नूतन तक सफाई हुई थी, लेकिन पीपर पाती तिवारी, बरियारपुर तक नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि अभी बजट नहीं है, बजट आते ही सफाई कराई जाएगी।

सैकड़ों वर्षों पुरानी देवी भागवत कथा की, निकली भव्य कलश यात्रा

परतावल/महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर 2 बल्लभनगर तिवारी टोला में शुक्रवार को सैकड़ों वर्षों से चली आ रही धार्मिक परंपरा के तहत भव्य कलश यात्रा धूमधाम से निकाली गई। मां भगवती के दरबार से प्रारंभ हुई यात्रा तिवारी टोला से होते हुए परतावल कस्बा, बाजार, बभनौली होते हुए छतीराम हट्ठी माता मंदिर तक पहुंची।गाजे-बाजे, डीजे और ढोल-नगाड़ों के बीच निकली इस कलश यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। बताया जाता है कि यह परंपरा लगभग 125 वर्षों से निरंतर जारी है, जो देवी भागवत कथा के लिए विशेष मानी जाती है।हट्ठी माता मंदिर पर भक्तों ने जलाभिषेक कर मां की आराधना की। तत्पश्चात पंडित दुष्यंत पराश्रय द्वारा सात दिवसीय देवी भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। कलश यात्रा के मुख्य यजमान बृजेंद्र कृष्ण त्रिपाठी उर्फ राजू बाबु सह परिवार रहे। जल भरने के उपरांत भक्तजन पुनः तिवारी टोला स्थित मां भगवती दरबार लौटे, जहां कलश स्थापना के साथ यात्रा का समापन हुआ। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।कलश यात्रा के दौरान नगरवासियों ने जगह-जगह श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। आयोजन में ट्रैक्टर, कार, बस और सैकड़ों मोटरसाइकिलों का जत्था भी शामिल रहा।कार्यक्रम की भव्यता को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटे चौकी प्रभारी अमित सिंह मय फोर्स पुलिस-प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था भी सराहनीय रही। आयोजकों ने विश्वास जताया कि आने वाली पीढ़ियां भी इस धार्मिक धरोहर को जीवंत रखकर परंपरा को आगे बढ़ाएंगी।इस दौरान मौजूद रहे आचार्य डॉक्टर रंगनाथ त्रिपाठी, पंचायत इण्टर कालेज के संरक्षक धीरेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, सपा नेता संतोष कृष्ण त्रिपाठी उर्फ गुड्डू भईया, पूर्व प्रधान देवेन्द्र कृष्ण त्रिपाठी, पत्रकार रतन पाण्डेय, उत्कर्ष त्रिपाठी, उत्सव त्रिपाठी, रजत त्रिपाठी, दीपू रावत,सतीश आंनद मिश्रा,दुर्गेश शुक्ला, सभासद प्रतिनिधि मंजेश कुमार, विजय प्रजापति, दिलीप पटवा समेत भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

जिनके लौटने का इंतजार था, अब वो कभी नहीं आएंगे: परतावल हादसे ने बुझा दिए तीन घरों के चिराग

परतावल,महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चदरौली के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा रात करीब 10 बजे हुआ, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।मृतकों की पहचान राजन (22) पुत्र अनिरुद्ध और आनंद (24) पुत्र अशोक के रूप में हुई है, जो नगर पंचायत परतावल के वार्ड संख्या 15 धर्मनता टोला के निवासी थे। तीसरे मृतक तबारक (25) पुत्र वासिउल्लाह निवासी परसा खुर्द थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजन और आनंद बाइक से महराजगंज से लौट रहे थे, वहीं अरमान (26) पुत्र महबूब अंसारी निवासी परसा खुर्द और तबारक दूसरी बाइक से अपने घर जा रहे थे। सेमरा चदरौली के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि राजन और तबारक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आनंद ने इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दम तोड़ दिया। अरमान को गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।घटना की सूचना मिलते ही श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

परतावल: अतिक्रमण हटाओ अभियान, प्रशासन ने कोर्ट के आदेश पर चलाया बुलडोजर

महराजगंज। नगर पंचायत परतावल क्षेत्र के अहिल्याबाई वार्ड में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध झोपड़ियों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों की टीम, राजस्व व पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची।बताया गया कि यह जमीन वैध भूमिधर की थी, जिस पर कुछ लोगों ने अस्थायी झोपड़ियां बनाकर कब्जा कर लिया था। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर के माध्यम से अवैध निर्माण को कुछ ही मिनटों में धराशायी कर दिया और भूमि को कब्जा मुक्त कराकर मूल मालिक को सौंप दिया।कार्रवाई की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह पूरी प्रक्रिया न्यायालय के निर्देशानुसार की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

जिस विद्यालय में पढ़े, उसी का सम्मान किया तार-तार, शिक्षक निष्कासन पर छात्रों का उग्र विरोध

महराजगंज। महराजगंज जनपद के सिसवा बाजार स्थित चोखराज तुलस्यान सरस्वती विद्या मंदिर इंटरमीडिएट कॉलेज में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब विद्यालय प्रशासन द्वारा एक शिक्षक के निष्कासन की घोषणा के बाद छात्रों ने उग्र प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान छात्रों ने विद्यालय परिसर में जमकर बवाल काटा और तोड़फोड़ की। जानकारी के अनुसार, सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने एक शिक्षक को विद्यालय से निष्कासित किए जाने की जानकारी छात्रों को दी। यह सुनते ही छात्र आक्रोशित हो उठे और देखते ही देखते स्थिति बेकाबू हो गई। छात्रों ने विद्यालय में खड़े स्कूली वाहन को नुकसान पहुँचाया, एक निजी कार के शीशे तोड़ दिए और स्कूल के ब्रेंच, गेट, खिड़की सहित अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इतना ही नहीं, छात्रों ने विद्यालय के बाहर लगे बोर्ड और पोस्टर तक को नहीं बख्शा। उसे भी फाड़ दिया गया और ज़मीन पर गिरा दिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिसवा थाने के प्रभारी धर्मेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और छात्रों से बातचीत कर मामला शांत कराने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस घटना ने शिक्षा संस्थानों में अनुशासन और संवाद की आवश्यकता पर एक बार फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। विद्यालय जैसे स्थानों पर इस प्रकार की घटनाएं न केवल दुर्भाग्यपूर्ण हैं, बल्कि पूरे समाज के लिए चिंताजनक भी हैं।

बाजार से लौटते समय गायब हुआ चौकीदार, अगली सुबह सड़क किनारे मिला शव

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत परतावल-पुरैना मार्ग पर ग्राम सभा चौपरिया के पास आज सुबह लगभग 6 बजे एक चौकीदार का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। मृतक की पहचान चौपरिया निवासी अदालत (चौकीदार) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अदालत बुधवार की शाम अपनी बाइक से परतावल बाजार गए थे, जहाँ से उन्हें कुछ जरूरी सामान खरीदकर लौटना था। लेकिन देर रात तक वे घर नहीं पहुंचे। घर पर उनकी पत्नी निर्मला, मां और बेटी मौजूद थीं, जबकि उनके तीन बेटे रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं। अदालत के देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने आसपास पता लगाने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। महिलाओं ने काफी देर तक इंतजार किया, फिर थक हारकर सो गईं।अगली सुबह किसी राहगीर ने शव को सड़क किनारे पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।बताया जा रहा है कि अदालत श्यामदेउरवा थाने में बतौर चौकीदार तैनात थे। इसके साथ ही वे गांव में भजन-कीर्तन कर अपने परिवार का भरण-पोषण भी करते थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से परिजन गहरे शोक में हैं और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।इस मामले में थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलु से जांच कर रही है।

जिलाधिकारी की नई पहल: अब सीधे खुद जानेंगे जनशिकायतों का हाल

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनशिकायतों के त्वरित और प्रभावी निस्तारण को लेकर अनूठी पहल शुरू की है। उन्होंने स्वयं अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक कर विद्युत विभाग से संबंधित शिकायतें मंगाई। एक दिन में 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं।शाम 8 बजे कार्यालय में हुई समीक्षा बैठक में सभी अधिशासी अभियंताओं, एसडीओ और जेई को बुलाकर तीन श्रेणियों में शिकायतों का वर्गीकरण कर निस्तारण के निर्देश दिए गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि तत्काल समाधान योग्य शिकायतों को 24 घंटे में हल किया जाए। बाकी मामलों में भी शिकायतकर्ता को प्रक्रिया और संभावित समयसीमा से अवगत कराएं।जिलाधिकारी ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से जनता का फोन उठाएं, वरना कठोर कार्यवाही की जाएगी। सभी एक्सईएन को शिकायतों की सूची सौंपते हुए 24 घंटे में कार्यवाही रिपोर्ट देने को कहा गया।उन्होंने बताया कि इसी तरह अन्य विभागों से भी शिकायतें आमंत्रित कर स्वयं समीक्षा की जाएगी। विभागों को निर्देशित किया गया है कि यदि समाधान संभव न हो, तो शिकायतकर्ता की उचित काउंसलिंग की जाए ताकि वह अनावश्यक रूप से परेशान न हो।जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा है कि शिकायतों का समाधान प्रभावी और समयबद्ध हो, और यही प्रशासन की प्राथमिकता है।

लीवर में पल रहा था भ्रूण! बुलंदशहर में सामने आया चौंकाने वाला मामला, डॉक्टर्स भी रह गए हैरान

बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में एक ऐसा चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने आम लोगों के साथ-साथ डॉक्टर्स को भी हैरान कर दिया है। यहां एक 30 वर्षीय महिला को पिछले दो महीने से पेट में लगातार दर्द और उल्टी की शिकायत थी। जब स्थानीय स्तर पर इलाज कराने के बाद भी उसे कोई राहत नहीं मिली, तो उसे एमआरआई जांच के लिए एक निजी सेंटर भेजा गया।जांच रिपोर्ट देखकर डॉक्टरों के होश उड़ गए। रिपोर्ट में महिला की प्रेग्नेंसी की पुष्टि तो हुई, लेकिन सबसे हैरानी की बात यह थी कि उसका गर्भाशय यानी यूट्रस पूरी तरह खाली था। दरअसल, महिला का 12 हफ्ते का भ्रूण उसके गर्भाशय में नहीं, बल्कि लीवर के दाहिनी ओर पल रहा था। और इतना ही नहीं, भ्रूण में स्पष्ट रूप से धड़कन भी मौजूद थी, यानी वह पूरी तरह जीवित था।इस मामले की पुष्टि करने वाले वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. के.के. गुप्ता ने बताया कि वे अपने पूरे करियर में पहली बार ऐसा मामला देख रहे हैं। उन्होंने कहा, “यह एक अत्यंत दुर्लभ मामला है। अब तक पूरी दुनिया में ऐसे केवल 18 केस ही रिपोर्ट हुए हैं, और भारत में यह संभवतः पहला मामला हो सकता है।”डॉक्टरों के मुताबिक, यह स्थिति “एबडॉमिनल प्रेग्नेंसी” यानी पेट के भीतर अन्य अंग में भ्रूण के विकसित होने का मामला है, जो सामान्य गर्भावस्था से बिल्कुल अलग और जीवन के लिए खतरनाक हो सकता है। फिलहाल महिला की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है और विशेषज्ञों की टीम आगे की चिकित्सा प्रक्रिया पर विचार कर रही है। यह मामला मेडिकल साइंस के लिए एक गंभीर अध्ययन का विषय बन चुका है और डॉक्टरों ने इसे लेकर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है।

खलिहान की भूमि पर अवैध निर्माण की शिकायत

महाराजगंज। जनपद के महाराजगंज नगरपालिका क्षेत्र में अवैध कब्जे की शिकायत दर्ज कराई गई है सदरूद्दीन पुत्र बदरुद्दीन धनेवा धनेई टोला ग़बड़ूआ वार्ड नंबर 20 वीर अब्दुल हमीद नगर का स्थाई निवासी है। शिकायतकर्ता के द्वारा जनसुनवाई के माध्यम से अवैध कब्जे की शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता सदरुद्दीन ने आरोप लगाया है कि मोहम्मद फिरोज और नसीरुद्दीन द्वारा गाँव के खलिहान और बंजर भूमि पर अवैध कब्जा कर मकान का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष व अधिकारी, कर्मचारी से मिलीभगत कर यह अवैध निर्माण किया जा रहा है। शिकायतकर्ता ने मुख्यमंत्री पोर्टल पर जनसुनवाई के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है और तहसील एवं जिले स्तर के अधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई करने की मांग की है।