इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत, परिजनों का हंगामा मौके पर पहुंची पुलिस
गोरखपुर। पीपीगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित लाइफ मेडिकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान लगभग 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान श्याम लाल यादव के रूप में हुई है, जो आर्मी एवं रेल विभाग से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। बुजुर्ग की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर द्वारा इलाज में गंभीर लापरवाही बरती गई, जिसके चलते उनकी मौत हुई। हंगामे की सूचना मिलते ही पीपीगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने मौके पर मौजूद डॉक्टर को पूछताछ के लिए अपने साथ थाने ले गई। वहीं, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में आ गया। एडिशनल सीएमओ डॉ. के एन वनरवाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैम्पियरगंज के नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. विनोद वर्मा की मौजूदगी में अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल पर नोटिस चस्पा करते हुए तीन दिन के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ जिला अस्पताल में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया। टीम कुछ महत्वपूर्ण फाइलें भी अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार, मौके पर मौजूद डॉक्टर स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत बताए जा रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक परिजनों द्वारा कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। मामले की जांच पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जा रही है।
