Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

April 8, 2026

महराजगंज में बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी, कटे गेहूं को नुकसान का खतरा

महराजगंज/कृषि न्यूज़ डेस्क। महराजगंज में मंगलवार सुबह हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश के कारण मौसम अभी भी खराब बना हुआ है, जिससे गेहूं की कटाई कर रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इन दिनों जिले में गेहूं की कटाई जोरों पर है। कई किसानों ने अपनी फसल काटकर खेतों में ही खुले में रखी हुई है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से फसल भीग गई, जिससे उसके खराब होने और गुणवत्ता घटने का खतरा बढ़ गया है।किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। भीगे हुए गेहूं के कारण भंडारण और बिक्री दोनों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि किसानों को जल्द से जल्द फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि नुकसान कम से कम हो सके।वहीं किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि बारिश से फसल को नुकसान होता है तो उसका सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके।

मदनपुरा गौआश्रय स्थल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

महराजगंज। महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मदनपुरा स्थित अस्थायी गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा भंडारण कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी मिठौरा ने बताया कि गौआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं।उन्होंने जानकारी दी कि पशुओं के लिए 106 क्विंटल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साइलेज उपलब्ध है। साथ ही 750 डिसमिल भूमि में हरे चारे की बुआई की गई है, जिससे पशुओं को नियमित रूप से चारा उपलब्ध कराया जा सके।जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

ईरान-अमेरिका सीजफायर के बीच भारतीय दूतावास की एडवाइजरी: नागरिकों से तुरंत देश छोड़ने की अपील

पश्चिम एशिया में करीब एक महीने से जारी तनावपूर्ण हालात के बाद ईरान और अमेरिका के बीच सीजफायर की घोषणा की गई है। इसी बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने 8 अप्रैल को एक अहम एडवाइजरी जारी करते हुए वहां रह रहे भारतीय नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने की सलाह दी है।

यह निर्देश 7 अप्रैल को जारी पिछली एडवाइजरी के बाद आया है, जिसमें भारतीयों को सतर्क और सुरक्षित रहने को कहा गया था। ताजा हालात को देखते हुए अब दूतावास ने स्थिति को गंभीर बताते हुए सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने की अपील की है।

नागरिकों के लिए जारी दिशा-निर्देश

भारतीय दूतावास ने कहा है कि सभी भारतीय नागरिक दूतावास के संपर्क में रहें और केवल उनके द्वारा बताए गए सुरक्षित मार्गों का ही इस्तेमाल करें। बिना अनुमति या सलाह के किसी भी अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ने से सख्त मना किया गया है। किसी भी यात्रा से पहले दूतावास के साथ समन्वय करना अनिवार्य बताया गया है।

जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर

नागरिकों की सहायता के लिए दूतावास ने चार आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
+989128109115, +989128109102, +989128109109 और +989932179359।

इसके अलावा, किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए cons.tehran@mea.gov.in पर ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।

दूतावास ने कहा है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है और सरकार का उद्देश्य सभी भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करना है।