Breaking
Mon. May 25th, 2026

RPPNEWSMRJ

समाजवादी पार्टी की यूथ ब्रिगेड में विनय प्रताप यादव को बड़ी ज़िम्मेदारी, प्रदेश सचिव बनाए गए

महराजगंज। समाजवादी पार्टी ने युवा नेतृत्व को बढ़ावा देते हुए नगर पंचायत परतावल, जिला महराजगंज निवासी विनय प्रताप यादव को मा० मुलायम सिंह यादव यूथ ब्रिगेड की राज्य कार्यकारिणी में प्रदेश सचिव के रूप में नामित किया है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी की अनुमति एवं प्रदेश अध्यक्ष माननीय श्याम लाल पाल जी की संस्तुति पर की गई है।

इस अवसर पर विनय प्रताप यादव ने अपनी नियुक्ति पर आभार व्यक्त करते हुए कहा,
“मैं समाजवादी पार्टी नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद करता हूँ। यह मेरे लिए गर्व का विषय है कि मुझे प्रदेश सचिव जैसी ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। मैं संकल्प लेता हूँ कि नेताजी (मुलायम सिंह यादव जी) और अखिलेश जी के सपनों को साकार करने हेतु पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करूंगा। युवाओं की आवाज़ को मजबूती से उठाऊंगा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करूंगा।”

उनकी इस नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। जिले भर में बधाइयों का तांता लगा हुआ है और लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत कर इस सम्मान को साझा किया।

गेहूं से लदा ट्राली चक्का पलटा, हादसे में ड्राइवर घायल

महराजगंज: कप्तानगंज से घुघली रोड पर हरखा प्यास के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेहूं से भरा एक टाली चक्का अनियंत्रित होकर रोड के बगल में पलट गया। हादसे में ड्राइवर बाल-बाल बच गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं और कुछ खरोंचें भी आई हैं। गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की।

झाड़-फूंक की आड़ में अतिक्रमण! बजरंग दल ने मजार ध्वस्त किए

चौक/महराजगंज। सोहगीबरवा वन्य जीव प्रभाग के चौक दक्षिणी रेंज अंतर्गत खोस्ता बीट के सोहगौरा इलाके में बीते कई महीनों से चल रही झाड़-फूंक की गतिविधियों के खिलाफ शुक्रवार को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने जंगल में स्थापित मिट्टी के मजारों को ध्वस्त कर दिया और वहां बिछी चादरों को आग के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही चौक थाना क्षेत्र की पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। हालांकि, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का आक्रोश थमता नहीं दिखा। कार्यकर्ताओं ने वन विभाग और स्थानीय पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि बजरंग दल के प्रांत सुरक्षा प्रमुख विवेक श्रीवास्तव के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता जंगल पहुंचे थे। इस दौरान वन दरोगा और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि झाड़-फूंक की आड़ में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है।

इस संबंध में दक्षिणी चौक के वन क्षेत्राधिकारी ऋषभ नायक ने बताया कि मौके पर झाड़-फूंक करने वाला कोई व्यक्ति नहीं मिला। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अक्टूबर 2024 में भी इसी तरह के अतिक्रमणकारियों को जंगल से हटाया गया था। ऋषभ नायक ने बताया कि झाड़-फूंक में अधिकतर महिलाएं शामिल होती हैं, जो बाल खोलकर विचित्र ढंग से जंगल में घूमती हैं, जिससे उन्हें हटाने में कठिनाई आती है।बजरंग दल ने चेतावनी दी है कि यदि वन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने समय रहते कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

इंटीग्रल पब्लिक स्कूल के मेधावीओं ने लहराया परचम

श्यामदेउरवां/महराजगंज। परतावल ब्लॉक के सिरसिया मलमलिया में स्थित अपनी अच्छी व उद्देश्य पूर्ण शिक्षा की बदौलत एक अलग मुकाम बनाने वाले क्षेत्र की सबसे विश्वसनीय व अग्रणी शिक्षण संस्थान इंटीग्रल पब्लिक स्कूल के हाई स्कूल के छात्र एवं छात्राओं ने इस वर्ष भी बोर्ड परीक्षा में क्षेत्र में सर्वाधिक अंक हासिल कर अपना व संस्था का मान बढ़ाया है l

माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा घोषित हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा मे कक्षा 10 के छात्र छात्राए नुज़हत खातून 89.16% फलकनाज 85%अश्विन यादव 83.33 %आरती विश्कर्मा 81% शमश आलम 81% अंशु राय 79 %सविता राय 76% संगम राय 69% नाजिम अली 69 %नितेश चौधरी 67%खुशबू राय 65% अब्दुल नासिर 65%साहिल खान 63% महताब आलम 63% अंक हासिल कर विद्यालय का मान बढ़ाया है l

विद्यालय के प्रबंधक आई ए मिस्बाही और प्रधानाचार्य संतोष शर्मा अपने छात्रों छात्रों के उज्जवल भविष्य की कामना की l इस दौरान संतोष शर्मा, सुजीत प्रजापति, अजय प्रजापति, दुर्गेश चतुर्वेदी, रवि रंजन रामगोपाल यादव, मनौवर, शमसुलवरा, नियामुद्दीन बदरूजजमा, अबरार निजामी ने खुशी जाहिर की है l

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला,27 पर्यटकों की मौत, देशभर में आक्रोश

पहलगाँव। जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल पहलगाम में आज उस वक्त सनसनी फैल गई, जब आतंकियों ने पर्यटकों पर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। इस हमले में अब तक 27 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। कई अन्य घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के तुरंत बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में आ गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि “यह जघन्य कृत्य मानवता पर हमला है। जो भी इसके पीछे हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई और भी मजबूत होगी।” उन्होंने गृहमंत्री अमित शाह से फोन पर बातचीत कर हालात की जानकारी ली और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। गृहमंत्री अमित शाह स्थिति का जायजा लेने के लिए सीधे श्रीनगर रवाना हो गए हैं। वहां वह सुरक्षा एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रहे हैं। शाह ने कहा, “इस हमले के गुनहगारों को किसी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्हें उनके अपराध की कड़ी सजा दी जाएगी।” इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा के हिट स्क्वॉड ‘द रजिस्टेंस फोर्स’ (टीआरएफ) ने ली है। सुरक्षाबलों ने हमले के बाद पहलगाम और आसपास के इलाकों को घेर लिया है। सेना के हेलिकॉप्टर से लगातार निगरानी की जा रही है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी से संपर्क कर घटनास्थल की जानकारी ली है और सभी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। विपक्ष ने भी इस हमले को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा, “यह हमला बेहद कायराना और दिल दहला देने वाला है। सरकार को अब जवाबदेही लेते हुए सख्त कदम उठाने चाहिए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। देश को झूठे दावों की नहीं, ठोस सुरक्षा रणनीति की जरूरत है।” पूरे देश में इस आतंकी हमले को लेकर गुस्सा है और लोग सरकार से कड़े कदमों की मांग कर रहे हैं।

(यह developing story है, अपडेट जारी रहेगा)

जिलाधिकारी अनुनय झा ने की कर करेत्तर और राजस्व संग्रह की समीक्षा बैठक

महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कर करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं प्रर्वतन कार्यो की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में की गयी।
जिलाधिकारी ने आबकारी, राज्य कर, परिवहन, विद्युत देय एवं अलौह खनन वसूली आदि में प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को लक्ष्य के सापेक्ष कर एवं राजस्व प्राप्ति को बढ़ाने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडी आय और मंडी आवक को लक्ष्य के अनुरूप सुनिश्चित करने और उन्होंने अवैध गेहूं खरीद करने वाले व्यापारियों के विरुद्ध प्रवर्तन बढ़ाने के हेतु कड़ा निर्देश दिया।
जिलाधिकारी महोदय ने विभिन्न न्यायालयों में लंबित वादों को जल्द से जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया। विशेषकर धारा 24 एवं धारा 116 के वादों के निस्तारण हेतु अभियान चलाकर कार्यवाही का निर्देश दिया। उन्होंने चक रोडों को भी अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया। डिजी शक्ति योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शत–प्रतिशत स्मार्ट फोन/टैबलेट वितरित करने का निर्देश दिया। जीएसटी संग्रह की समीक्षा के दौरान जारी आरसी की वसूली में तेजी लाने के लिए कहा। जिन प्रकरणों में वसूली संभव नहीं है, उनमें राजस्व और राज्यकर की संयुक्त टीम गठित कर आख्या प्रस्तुत करने के लिए कहा। जिलाधिकारी महोदय ने सहायक आयुक्त राज्यकर को लक्ष्य के सापेक्ष कम वसूली के संदर्भ में आख्या प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया।
जिलाधिकारी महोदय ने कहा कि सभी अधिकारी समयसीमा में आवेदनों को निस्तारित करते हुए डाटा फीडिंग का कार्य अपने पर्यवेक्षण में सुनिश्चित कराएं, ताकि सीएम डैशबोर्ड पर जनपद की रैंकिंग पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
बैठक में समस्त एसडीएम, जिला आबकारी अधिकारी श्री अतुल द्विवेदी, जिला विपणन अधिकारी श्री विवेक सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी श्री ए.पी. सिंह, सभी तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

‘मुझे मेरी पत्‍नी से बचा लो’, पति ने पुलिस से लगाई जान बचाने की गुहार, बीवी को लेकर जो बताई जानकर रह जाएंगे दंग

सौरभ हत्याकांड के बाद से पत्नियों के प्रताड़ना के मामलों की मानों बाढ़ सी आ गई है. आए दिन पति थाने पहुंचकर अपनी पत्नी और उसके आशिक से जान का खतरा होने का आरोप लगाते हुए बचाने की गुहार लगाते दिखे हैं. ऐसा ही एक मामला फिर से सामने आया है।जहां एक युवक थाने पहुंचा और पत्नी पर आरोप लगाया कि वह अपने बॉयफ्रेंडों से हत्या करवा सकती है।

बता दें कि एक प्रकाशन कंपनी में गौरव शर्मा मैनेजर हैं. गौरव शर्मा ने SSP ऑफिस पहुंचकर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए जान बचाने की गुहार लगाई है। गौरव शर्मा का आरोप है कि उसकी पत्नी के कई बॉयफ्रेंड हैं। वह अक्सर कई-कई दिन घर से गायब रहती है. जब गौरव जब घर पर नहीं होता तो वह अपने पुरुष मित्रों के साथ नशे का सेवन करती थी।

पीड़ित ने ये भी बताया है कि पत्नी के व्यवहार से आसपास के लोगों को भी अच्छा नहीं लगता था। लोगों ने पति से उसकी शिकायत की थी. अब गौरव ने शिकायत पत्र देकर कहा है कि मुझे मेरी पत्‍नी से बचाओ अपने बॉयफ्रेंडों से मेरी हत्या करवाना चाहती है।

ग्राम प्रधान पर दलितों को पीटने का आरोप, वीडियो वायरल होने पर दर्ज हुआ मुकदमा

महराजगंज। महराजगंज के पनियरा थाने के जंगल जरलहा उर्फ अनंतपुर मोथई गांव में सड़क निर्माण के विवाद को लेकर एक विवादित घटना सामने आई है। ग्राम प्रधान और उनके परिजनों पर दलित महिलाओं और पुरुषों को दौड़ा कर पीटने का आरोप लगा है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें ग्राम प्रधान और उनके परिजन दलितों को मारते हुए दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर दलितों को जान से मारने की धमकी दी है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें सुरक्षा प्रदान की जाए। पुलिस ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

फंदे से लटकता मिला अज्ञात व्यक्ति का शव

महराजगंज। घूघली थाना क्षेत्र के पड़री खुर्द के सिवान में शनिवार की सुबह एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव फंदे से लटकता मिला। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों ने जब शव को देखा, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया।

घूघली थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस शव की पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है और मामले की जांच कर रही है। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या है या कुछ और। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।

परतावल में जिप का स्टेयरिंग फेल होने से हुआ भीषण सड़क हादसा, तीन लोग घायल

महराजगंज जिले के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, घटना एनएच 730 पर लगभग 4:30 बजे हुई, जब एक जिप का स्टेयरिंग फेल हो गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। इस हादसे में तीन लोग घायल हो गए।

घायलों को स्थानीय लोगों ने त्वरित रूप से अपनी मदद से परतावल सीएचसी (Community Health Centre) पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद स्थानीय लोग और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि वाहन के पलटने से सड़क पर काफी जाम भी लग गया था, लेकिन तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस और मेडिकल टीम ने घायलों को सुरक्षित अस्पताल में पहुंचाने का काम किया।

फिलहाल, घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसे की वजह से वाहन चालक की लापरवाही या वाहन के मेकेनिकल फेलियर की बात सामने आई है।