Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

महराजगंज

पत्नी से नाराज युवक नहर मे कुदा, राहगीरों ने नहर मे कूदकर बचाई जान


भिटौली, महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के भिटौली उपनगर स्थित बडी नहर मे एक युवक पुल से कूद गया। जैसे ही वह नहर मे कूदा राहगीरो ने नहर मे कूदकर उसकी जान बचा ली। सूचना के अनुसार महराजगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के परास खाड निवासी अब्दुल रहमान अपने ससुराल श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कोटवा मे आया था। वहां पत्नी से कुछ अनबन हो गयी। नाराज होकर युवक अपने घर के लिए निकला। रास्ते मे वह भिटौली मे रुका और पुल से नहर मे छलांग लगा दी। जैसे ही वह नहर मे कूदा आस पास के दो लोगों ने नहर मे कूदकर उसे बाहर निकाला। भिटौली पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बेहोशी की हालत मे उसे इलाज के लिए परतावल सरकारी अस्पताल भेज दिया। जहां स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे महराजगंज जिला अस्पताल भेज दिया।

श्यामदेउरवा में पशु तस्करी की कोशिश नाकाम, पुलिस ने बरामद किए पांच गौवंश

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुरुवार रात पशु तस्करी की एक बड़ी कोशिश को विफल कर दिया। चौकी प्रभारी अमित सिंह को रात लगभग दो बजे मुखबिर से सूचना मिली कि परतावल-कप्तानगंज मार्ग पर पंचायत इंटर कॉलेज के पास एक पिकअप वाहन में गौवंश को लादकर बिहार भेजा जा रहा है।सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुँची और पंचायत इंटर कॉलेज के पास संदिग्ध हालत में खड़ी एक पिकअप की तलाशी ली। जांच में वाहन से पांच गौवंश बरामद किए गए। मौके से तस्कर फरार हो चुके थे। वाहन का एक्सएल टूटा हुआ पाया गया, जिससे यह प्रतीत होता है कि उसे जानबूझकर वहीं छोड़ दिया गया था।पुलिस ने पिकअप को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में अंकित चौरसिया, संदीप सिंह, हैदर अली, सर्वेंद्र कुमार और संतोष प्रजापति मौजूद रहे।थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन स्वामी के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धाराओं 3, 5A, 8 और 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार तस्कर की तलाश के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस की तत्परता एक बार फिर सामने आई है।

महराजगंज में पुलिस विभाग में तबादले, कई दरोगा और कांस्टेबलों को नई जिम्मेदारी

महराजगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में फेरबदल किया गया है। बुधवार को जारी स्थानांतरण आदेश के अनुसार कई उपनिरीक्षकों (उनि) और सिपाहियों को एक स्थान से दूसरे स्थान पर भेजा गया है।

फरेंदा बुजुर्ग में बुलडोजर चला, सरकारी भीटा की भूमि से अतिक्रमण हटाया गया

महराजगंज। ग्राम फरेंदा बुजुर्ग, थाना फरेंदा अंतर्गत स्थित गाटा संख्या 430 मि., जो राजस्व अभिलेख में भीटा की भूमि के रूप में दर्ज है, पर राम ललित पुत्र कल्पू द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। प्रशासन द्वारा कई बार चेतावनी देने के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया।प्रशासन ने इस अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध थाना फरेंदा में मुकदमा दर्ज कराते हुए आज तहसीलदार फरेंदा, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व टीम एवं पर्याप्त पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटवाया।एसडीएम फरेंदा ने स्पष्ट किया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सरकारी भूमि पर किसी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में चिन्हित सभी अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

रहें निरोग की संकल्प के साथ चहुंओर मना योग

पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग”रही 2025 की थीम
अमृत सरोवरों,मनरेगा पार्कों, खेलमैदानों,पंचायत भवनों,विद्यालयों ,स्वास्थ्य केंद्रों आदि में सर्वत्र रही योगाभ्यास की धूम
महराजगंज। 11वेंअंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को उपनगर शिकारपुर, भिटौली व पुरैना खंडी चौरा तथा आसपास के सभी गांवों में विविध स्थानों पर योगाभ्यास किया गया। “एक पृथ्वी,एक स्वास्थ्य के लिए योग” है की थीम के साथ यह योगाभ्यास गांवों में स्थित अमृत सरोवरों,खेलमैदानों,मनरेगा पार्कों,पंचायत भवनों,परिषदीय प्राथमिक व कम्पोजिट विद्यालयों ,हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों तथा अन्य विभिन्न स्थानों पर उत्साहपूर्वक किया गया जिसमें ग्राम प्रधान,ग्राम सचिव व शिक्षक/ शिक्षिकाओं सहित कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर(सी0एच0ओ0), आक्जियलरी नर्स मिडवाइफ(ए0एन0एम0), ग्राम रोजगार सेवक,पंचायत सहायक,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एक्रीडिटेड सोशल हेल्थ एक्टिविस्ट(आशा),सफाई कर्मी तथा अन्य ग्राम स्तरीय कर्मचारियों ने प्रतिभाग कर सूर्य नमस्कार, शीर्षासन, भुजंगासन, ताड़ासन,मण्डूकासन, शवासन,भ्रमरासन,कपालभाति आदि विविध योग व प्राणायाम किया ।

बजरंग शाखा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में जुटे जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग

परतावल/महराजगंज। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर शनिवार को परतावल बाजार स्थित मंडी परिसर में बजरंग शाखा द्वारा भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व काशीनाथ सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों लोगों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह उपस्थित रहे। साथ ही चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश मद्धेशिया, ब्लॉक प्रमुख आनन्द शंकर वर्मा, युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह, मंडल अध्यक्ष विवेक पटेल, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अनिल जायसवाल, एडवोकेट संतोष मिश्रा, व्यापार मंडल अध्यक्ष बलराम गुप्ता, महामंत्री नागेश कशौधन, फार्मासिस्ट शशिविंद मिश्र, शाखा नगर प्रचारक आदर्श पांडेय, शिक्षक रामप्रवेश उपाध्याय, जयप्रकाश मद्धेशिया, डॉ. अशोक कुमार पांडेय, अजय कुमार गौतम, मनोहर मद्धेशिया, महाजन कश्यप, गंगाधर जायसवाल, द्वारिका वर्मा समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

भाजपा ने योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मण्डल उपाध्यक्ष बनाया

परतावल/महराजगंज। पनियरा विधानसभा क्षेत्र – 319 भाजपा मंडल पदाधिकारियों की ताज़ा घोषणा भारतीय जनता पार्टी के गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय व महराजगंज के जिलाध्यक्ष संजय पाण्डेय की संस्तुति पर पनियरा विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडलों में नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। इस ताज़ा घोषणा में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के जिलाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मंडल का मंडल उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

उल्लेखनीय है कि लोकसभा चुनाव के समय डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय को परतावल मंडल से मंडल मंत्री एवं मीडिया प्रभारी के रूप में भी जिम्मेदारी दी गई थी, जिसे उन्होंने शानदार तरीके से निभाया। अब पुनः उन्हें मंडल उपाध्यक्ष के उत्तरदायित्व सौंपे गए हैं।

इस नियुक्ति पर डॉ. योगेन्द्र पाण्डेय ने कहा–

“पार्टी ने जिस उम्मीद और विश्वास के साथ यह पद दिया है, उसे मैं पूरी लगन और निष्ठा से निभाऊँगा।”

उनकी इस नियुक्ति की घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में उनके साथ जुड़ने वाले समर्थकों में उत्साह और ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।

महिला को बंधक बनाकर लूट की घटना से मचा हड़कंप

सिसवा मुंशी, महाराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरियारपुर में दोपहर साढ़े बारह बजे दिनदहाड़े लूट की सूचना से हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के अनुसार बरियारपुर निवासी सुनीता देवी पत्नी अशोक के घर में कुछ अज्ञात लोग घुस आए और कथित तौर पर उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया।घटना की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसी ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची भिटौली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हालांकि पुलिस ने लूट की बात से इनकार किया है। इस संबंध में भिटौली थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्र ने बताया कि उन्हें लूट की नहीं बल्कि चोरी की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुटी रही।

ईद उल अजहा के मद्देनज़र परतावल में सुरक्षा व्यवस्था का डीएम और एसपी ने लिया जायजा

महराजगंज। ईद-उल-अजहा के मौके पर जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल का भरोसा देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक शशोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह से ही दोनों अधिकारी निरीक्षण के लिए निकले और भिटौली, परतावल, श्यामदेउरवा, पनियरा मार्ग सहित विभिन्न मस्जिदों और संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान परतावल बाजार में पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया गया। अधिकारियों ने मौजूद पुलिस बल को निर्देशित किया कि वे पूरे दिन सतर्क और भ्रमणशील रहें, विशेषकर मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त चौकसी बरतें।जिलाधिकारी ने सोशल मीडिया पर भी सतर्क निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना फैलने से रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिकारियों को दोनों समुदायों के सम्मानित व प्रबुद्ध लोगों से निरंतर संवाद बनाए रखने की भी सलाह दी।पुलिस अधीक्षक ने भी सभी पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार गश्त करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और कानून व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान संबंधित थानों के पुलिसकर्मी और अधिकारी भी मौजूद रहे।

बकरीद के मौके पर परतावल की बड़ी मस्जिद में सैकड़ों लोगों ने अदा की नमाज़, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतज़ाम

परतावल/महराजगंज। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह ग्रामसभा कोटवा पिपरियां स्थित बड़ी मस्जिद में धर्म और एकता का अनुपम संगम देखने को मिला, जब सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित होकर अल्लाह की बारगाह में सजदा करने पहुंचे। नमाज़ अदा करते हुए हर शख्स की जुबां पर अमन,भाईचारे और इंसानियत की दुआ थी।सुबह से ही मस्जिद परिसर में ईद की रौनक नजर आने लगी थी। लोग नये कपड़े पहनकर, सफेद टोपी और इबादत की चमक से सजे चेहरे लिए मस्जिद की ओर बढ़ रहे थे। बकरीद की नमाज़ शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। नमाज़ के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और समाज में शांति, प्रेम और सौहार्द की कामना की।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन,नासिर, कमाल,साबिर, अकबरुद्दीन खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने नमाज़ में शरीक होकर इस पर्व को और अधिक गौरवशाली बना दिया। नमाज में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद इंतजाम किए थे। मस्जिद परिसर और आस-पास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। मौके पर एडीएम, एसडीएम सदर, सीओ सदर आभा सिंह,थाना श्यामदेउरवा के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह,परतावल चौकी इंचार्ज जटाशंकर सिंह, एसआई अंकित चौरसिया, कॉन्स्टेबल विकास यादव,कॉन्स्टेबल संतोष और हल्का लेखपाल सहित कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। सुरक्षा बलों ने पूरी नमाज़ के दौरान पैदल गश्त कर स्थिति पर पैनी निगरानी बनाए रखी। इस पावन मौके पर लोगों ने परतावल में एक बार फिर धार्मिक सहिष्णुता और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। प्रशासन और आमजन के सहयोग से यह पर्व पूरी शांति और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। नमाज़ियों ने प्रशासनिक व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र में इसी तरह सौहार्द बनाए रखने की अपील की।