Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

राज्य

जिला कारागार महराजगंज का निरीक्षण, ओपेन जिम का उद्घाटन, बंदियों की समस्याओं के समाधान के निर्देश

महराजगंज। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने शुक्रवार को जिला कारागार महराजगंज का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने सामान्य बैरक, महिला बैरक, कारागार चिकित्सालय, पाकशाला और जेल परिसर का भ्रमण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों की समस्याएं सुनीं और उनके गुणवत्तापूर्ण समाधान हेतु जेल अधीक्षक को निर्देश दिए। विधिक समस्याओं के समाधान के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से समन्वय स्थापित कर सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सजायाफ्ता बंदियों को निर्धारित जेल वर्दी में रखने और अनुमन्य वस्तुओं के अतिरिक्त अन्य कोई सामग्री उनके पास न हो, इसकी नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।महिला बैरक का निरीक्षण करते हुए महिला बंदियों और उनके बच्चों की समस्याएं सुनी गईं। बच्चों को उपहार भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने महिला बंदियों की आवश्यकताओं के समाधान के लिए समुचित कार्रवाई के निर्देश दिए।स्वास्थ्य सेवाओं के दृष्टिगत अधिकारियों ने निर्देश दिया कि बंदियों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए और आवश्यक चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराई जाए। चिकित्सालय निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि स्वस्थ होने के बाद बंदियों को शीघ्र बैरकों में स्थानांतरित किया जाए।निरीक्षण से पहले जेल परिसर में निर्मित ओपेन जिम का उद्घाटन किया गया। जेल अधीक्षक आशीष रंजन ने बताया कि बंदियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह जिम कारागार मुख्यालय द्वारा स्थापित कराया गया है।वर्तमान में जेल में कुल 675 बंदी निरुद्ध हैं, जिनमें 582 पुरुष, 42 महिलाएं और 7 विदेशी बंदी शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ढाई घंटे में तीन मौतों से सीएचसी परतावल और क्षेत्र में मचा हड़कंप

परतावल (महराजगंज): गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे के भीतर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल में लगातार तीन लोगों की मौत से अस्पताल प्रशासन और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तीनों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें अलग-अलग स्थानों से सीएचसी लाया गया था जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पहली घटना एक अज्ञात बुजुर्ग की है जो श्यामदेउरवा थाना अंतर्गत परतावल गुरुवार की साप्ताहिक बाजार में किसी कार्य से आए थे। बाजार में ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही गिर पड़े। स्थानीय लोगों की सूचना पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और उन्हें सीएचसी परतावल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


सूचना मिलने पर परतावल चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह मय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल महराजगंज भेज दिया गया है।
दूसरी घटना गोरखपुर जनपद के खोराबार थाना क्षेत्र के महंगापट्टी की है जहां के निवासी लक्ष्मी प्रसाद (62 वर्ष), पुत्र रौमून प्रसाद की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी परतावल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
तीसरी घटना महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के बसहिया खुर्द गांव की है। यहां की निवासी रम्भा देवी (45 वर्ष) पत्नी गोपाल वर्मा की तबीयत दोपहर में अचानक बिगड़ गई परिजन आनन-फानन में उन्हें सीएचसी परतावल लाए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रम्भा देवी के सात बच्चे हैं जिनमें पांच बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से दो बेटियों और एक बेटे की शादी हो चुकी है। मां की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

एक ही दिन, कुछ ही घंटों में हुई इन तीन मौतों ने न सिर्फ स्वास्थ्य विभाग को सतर्क कर दिया है, बल्कि क्षेत्रीय जनमानस में भी चिंता का माहौल है।

नगर पंचायत परतावल में आगामी त्यौहारों को लेकर पुलिस एवं द्रुत कार्य बल का फ्लैग मार्च

परतावल (महराजगंज)। आगामी त्यौहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र श्यामदेउरवा पुलिस एवं द्रुत कार्य बल (आरएएफ) की संयुक्त टीम ने गुरुवार को नगर पंचायत परतावल में कड़ी धूप के बीच फ्लैग मार्च किया। यह फ्लैग मार्च शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाने के उद्देश्य से किया गया।फ्लैग मार्च की शुरुआत परतावल से हुई, जो पनियरा रोड होते हुए ग्राम पंचायत पिपरियां की बड़ी मस्जिद तक पहुँचा। इसके बाद परतावल-महराजगंज रोड स्थित पुलिस चौकी तक मार्च किया गया।

पूरे मार्ग में पुलिस का यह काफिला अनुशासित ढंग से चला और लोगों को सौहार्दपूर्ण तरीके से त्यौहार मनाने का संदेश दिया।फ्लैग मार्च का नेतृत्व श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने किया। उनके साथ परतावल चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह, एसआई अंकित चौरसिया, हेड कॉन्स्टेबल रमेश प्रसाद, कॉन्स्टेबल विकास यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी असामाजिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस प्रशासन ने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र में पूर्ण रूप से शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

बिना पूर्व सूचना पहुंचे जिलाधिकारी, परतावल सीएचसी की व्यवस्थाएं देख भड़के

राजन पटेल, परतावल (महराजगंज)। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने शनिवार शाम बिना किसी पूर्व सूचना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल का आकस्मिक निरीक्षण किया। जिलाधिकारी के अचानक पहुंचते ही स्वास्थ्य केंद्र परिसर में हड़कंप मच गया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शौचालय, एईएस वार्ड, अधीक्षक कक्ष, पैथोलॉजी सहित पूरे अस्पताल परिसर का गहन निरीक्षण किया। इसके साथ ही उपस्थिति पंजिका और स्टॉक रजिस्टर का भी अवलोकन किया गया।निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था असंतोषजनक पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी जताते हुए जिम्मेदारों को फटकार लगाई। उन्होंने तत्काल प्रभाव से साफ-सफाई की व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी के इस औचक निरीक्षण से स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों में हलचल देखी गई, वहीं आमजन में इसे एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

भीषण गर्मी में बिजली गुल: परतावल क्षेत्र की जनता बेहाल

परतावल/महराजगंज। रविवार को भीषण गर्मी के बीच सुबह से ही बिजली आपूर्ति ठप रहने से आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार 33 हजार वोल्ट लाइन में मरम्मत कार्य के चलते सुबह 7:30 बजे से शाम 3 बजे तक बिजली आपूर्ति रोके जाने की सूचना दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय के बावजूद शाम 8 बजे तक बिजली बहाल नहीं हो सकी।

बिजली ठप रहने से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। दुकानदारों, व्यापारियों के साथ-साथ घरों में भी कामकाज ठप पड़ गया। गर्मी के कारण बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों की हालत खराब हो गई। कूलर, पंखे, इनवर्टर सबने जवाब दे दिया।

विद्युत विभाग का कहना है कि लाइन में फॉल्ट आ गया है, जिसे दुरुस्त किया जा रहा है। विभाग द्वारा देर रात तक बिजली बहाल करने का आश्वासन दिया गया है।

स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग से समयबद्ध और पारदर्शी व्यवस्था की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी से बचा जा सके।

डीआईजी ने थाने का लिया जायज़ा, पुलिस को दिए सख्त निर्देश

श्यामदेउरवा (महराजगंज)। डीआईजी आनंद कुलकर्णी ने बुधवार को श्यामदेउरवा थाने का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, रजिस्टरों के संधारण, अभिलेखों की अद्यतन स्थिति और लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की।निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानाध्यक्ष व पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही फरियादियों से सम्मानजनक और सहयोगात्मक व्यवहार करने की विशेष हिदायत दी।डीआईजी ने पुलिस की कार्यप्रणाली को जनता के भरोसे के अनुरूप बनाए रखने पर जोर देते हुए कहा कि थानों को ऐसा वातावरण देना चाहिए, जहाँ आम जनता अपनी समस्याएँ निःसंकोच रख सके।

आर०के० इंटरमीडिएट कालेज में धूम-धाम से मनाया गया मातृ दिवस 2025 कार्यक्रम

मां के ममता का कोई मोल नहीं – जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा

हरपुर तिवारी, महराजगंज। जनपद के विकासखंड परतावल क्षेत्र के हरपुर तिवारी में स्थित आर० के० इंटरमीडिएट कालेज में बहुत ही धूम-धाम से मातृ दिवस 2025 मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा व विशिष्ट अतिथि राजकीय हाई स्कूल बरवा राजा के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद व ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल सिसवा मुंशी की प्रधानाचार्या श्रीमती शारदा पाण्डेय के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित व माता सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के प्रबंधक वलीउल्लाह खान व प्रधानाचार्य इरफानुल्लाह खान व संरक्षक निसारुल्लाह खान, अध्यक्ष श्रीमती मोहिबुन निशा व श्रीमती राकिया खातून ने अतिथियों को बैज लगा कर, माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत अभिनंदन करते हुए व विद्यालय परिवार की अन्य माताएं एक साथ केक काटकर बच्चों में बांटा प्रेम ।

विद्यालय के छात्र/छात्राओ ने अपने सांस्कृतिक प्रस्तुति से उपस्थित लोगो का मन मोह लिया व कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बच्चों के माताओं के बीच भिन्न-भिन्न प्रकार के खेल का आयोजन भी किया गया। जिसमें माताएं बढ़ चढ़ कर भाग लिया, इन खेलों में प्रतिभाग करने वाली सभी माताओं को विद्यालय द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने माताओं व विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मां के प्यार के बिना बच्चों की जिंदगी अधूरी होती है तो उनकी परवरिश ठीक तरीके से नहीं हो पाती है, इसलिए माता ही पुत्र की प्रथम शिक्षिका होती है। हाई स्कूल 2025 व विद्यालय स्तर पर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका मनोबल बढ़ाया एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए विद्यालय परिवार में वृक्षारोपण करते हुए कहा कि एक वृक्ष मां के नाम, अपनी मां के सम्मान में एक वृक्ष सभी लोग अवश्य लगाए।

विशिष्ट अतिथि राजकीय हाई स्कूल वरबा राजा के प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद ने कहा कि अपने बच्चें के प्रति मां का समर्पण को देखते हुए ही कहा गया है कि मां के कदमों में जन्नत होती है। इस दौरान ब्राइट फ्यूचर इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल के प्रधानाचार्या श्रीमती शारदा पाण्डेय ने भी सभी छात्राओं की प्रशंसा करते हुए कहां की मां के आशीर्वाद के बिना कोई भी काम पूरा नहीं हो सकता है इसलिए अपने माता-पिता का सेवा सदैव करनी चाहिए। राष्ट्रीय बाल विज्ञान संचालक रोहित कुमार गुप्ता ने छात्रों द्वारा प्रस्तुति सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रशंसा करते हुए छात्रों का मनोबल बढ़ाया।इस शुभ अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक वालीउल्लाह खान व कोषाध्यक्ष निसारुल्लाह खान, प्रधानाचार्य इरफानुल्लाह खान और विद्यालय के सभी अध्यापक/ अध्यापिकाए , बच्चों की माताएं व अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

मदर्स डे पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन


महाराजगंज। नगर आजादनगर में स्थित आरके सनशाइन एकेडमी में रंगारंग कार्यक्रम के बीच मदर्स डे मनाया गया।
आर के सनशाइन एकेडमी, महराजगंज में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मदर्स डे मनाया गया। मदर्स डे हर साल मई महीने के दूसरे रविवार को मनाया जाता है, जो मां के प्रेम, त्याग और योगदान को सम्मान देने का एक विशेष अवसर है। यह दिन मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है, जहां बच्चे उन्हें उपहार, शुभकामनाएं और स्नेह भरे शब्दों से खुश करते हैं। मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका की अन्ना जार्विस द्वारा की गई थी। अन्ना जार्विस ने अपनी मां की स्मृति में इसे मनाना शुरू किया। आज यह दिन विश्व भर में मां के सम्मान में मनाया जाता है। भारत में भी अब यह दिन विद्यालय और घरों में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। मदर्स डे का उद्देश्य केवल एक दिन मां को सम्मान देना नहीं है, बल्कि यह याद दिलाना है कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा है और हमें उन्हें प्रतिदिन आदर देना चाहिए।
मातृ दिवस के अवसर पर विद्यालय में सभी माताओं के सम्मान के लिए नृत्य ,संगीत एवं खेल का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम विद्यालय के अतिथियों द्वारा एवं विद्यालय की प्रबंधिका और सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप जी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया गया। मुख्य अतिथियों में नेहा तिवारी ,अन्नपूर्णा पाण्डेय ,नीलम, शहनाज खान, मंजू अग्रहरि एवं शशिकला शामिल रहीं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम वेलकम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात माताओं के लिए रैपिड राउंड का पहला गेम प्रस्तुत हुआ जिसमें संजना एवं सरोज को संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उसके बाद डायलॉग का तड़का गेम में संजना को प्रथम एवं कंचन श्रीवास्तव को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बॉल इन बॉउल गेम में निशा गुप्ता को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ तथा पीनट्स एंड स्पून गेम में तहरुन निशा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। गेम में विनर सभी माताओं को विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप जी द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की समाप्ति पर विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप द्वारा सभी मुख्य अतिथियों को पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मातृ दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप ने कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा करते हुए एवं सभी माताओं के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त करते हुए बताईं कि इस दिन हम अपने माताओं को धन्यवाद देते हैं, उनके प्रति अपना प्यार व्यक्त करते हैं और उनके त्याग और समर्पण को याद करते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं का विशेष योगदान रहा।

रास्ते में गिरा बिजली का खंभा किसी भी वक्त हो सकता है हादसा।

भिटौली, महाराजगंज। विकासखंड घुघली अंतर्गत ग्राम पंचायत बांसपर नूतन में दुर्घटना को दावत दे रहा मुख्य रास्ते पर क्षतिग्रस्त बिजली का पोल। क्षतिग्रस्त पोल को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है । ग्रामीणों ने कई बार विद्युत विभाग को शिकायती पत्र देकर जर्जर पोल को हटाने का अनुरोध किया था । किंतु विभाग के द्वारा कोई ना तो आश्वासन मिला न हीं कोई कार्यवाही हुआ । ग्राम प्रधान शेषमणि गौतम ने बताया कि जेई साहब से कई बार मेरी बात हुई लेकिन पोल को ठीक नहीं कराया गया । आज जब पोल पूरी तरह से गिर गया है तो ग्रामीणों ने व्यापक रूप से धरना प्रदर्शन करने की बात कर रहे हैं। अगर कल तक पोल ठीक नहीं हुआ तो ग्रामीणों द्वारा व्यापक रूप से धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

महराजगंज में कल बजेगा मॉक ड्रिल का सायरन, युद्ध जैसे हालात से निपटने की तैयारी शुरू

जिला प्रशासन ने की बड़ी बैठक, ब्लैकआउट और सायरन के साथ होगा युद्ध अभ्यास

महराजगंज। गृह मंत्रालय और पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कल, दिनांक 7 मई 2025 को महराजगंज जिले में सिविल डिफेंस मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इसको लेकर आज जिले में पुलिस अधीक्षक महराजगंज के आदेश पर विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर बड़ी बैठक हुई।बैठक में पुलिस विभाग, फायर ब्रिगेड, जिला प्रशासन, परिवहन विभाग, चिकित्सा विभाग, विद्युत विभाग, होमगार्ड और पब्लिक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

वीडियो देखें 👇

अधिकारियों ने युद्ध जैसी परिस्थिति में सुरक्षा इंतजामों की रणनीति पर चर्चा की और मॉक ड्रिल की रूपरेखा तैयार की।ड्रिल के दौरान युद्ध जैसी स्थिति में नागरिकों को सुरक्षित रखने के लिए विशेष कदम उठाए जाएंगे। इसमें शाम 6:40 बजे जिले में चेतावनी सायरन बजाया जाएगा और 6:50 बजे पूरे जिले में 5 से 10 मिनट का ब्लैकआउट (बत्ती गुल) किया जाएगा।

जिला प्रशासन ने बताया कि ड्रिल के लिए दो स्थानों को चिन्हित किया गया है —1. पुलिस लाइन की हाईराइज बिल्डिंग 2. केएमसी मेडिकल कॉलेज, पकड़ीयहां युद्ध जैसी स्थिति में बचाव और राहत कार्यों का लाइव अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही नागरिकों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा कि हमले के वक्त कैसे सुरक्षा के उपाय अपनाए जाएं।ड्रिल में नागरिक सुरक्षा पहलुओं पर भी जोर दिया जाएगा, जैसे संयंत्रों का छलावरण (कैमुफ्लाजिंग), स्थान खाली कराने का पूर्वाभ्यास (इवैकुएशन) और छात्रों व आम नागरिकों को हमले की स्थिति में सतर्क रहने की ट्रेनिंग।मॉक ड्रिल के समय पुलिस, फायर ब्रिगेड, मेडिकल विभाग, परिवहन विभाग और अन्य सभी विभागों के वाहन और टीमें पूरी तरह एक्टिव रहेंगी। अधिकारियों ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और प्रशासन का पूरा सहयोग करें।