Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

.Maharajganj

महराजगंज में आधी रात छापा एसपी की सख्ती दारोगा बीरबल चौहान सस्पेंड

महराजगंज। महराजगंज में पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अधीक्षक Shakti Mohan Awasthi ने रविवार देर रात थाना कोतवाली फरेन्दा का औचक निरीक्षण किया अचानक हुई इस कार्रवाई में थाने की कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया वहीं प्रभारी निरीक्षक वरिष्ठ उपनिरीक्षक और ड्यूटी मुंशी के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गएजांच में अभिलेखों में गड़बड़ी साफ सफाई में कमी और थाने की व्यवस्थाओं में लापरवाही पाई गई जिस पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और साफ कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगीएसपी ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को तुरंत अपडेट किया जाए लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए और जनता की शिकायतों पर पारदर्शी व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएएसपी ने दो टूक कहा कि थाने की कार्यप्रणाली ही पुलिस की असली पहचान है और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगीइस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के थानों में हलचल तेज हो गई है और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

महराजगंज में बारिश से किसानों की चिंता बढ़ी, कटे गेहूं को नुकसान का खतरा

महराजगंज/कृषि न्यूज़ डेस्क। महराजगंज में मंगलवार सुबह हुई बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं तेज तो कहीं रिमझिम बारिश के कारण मौसम अभी भी खराब बना हुआ है, जिससे गेहूं की कटाई कर रहे किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इन दिनों जिले में गेहूं की कटाई जोरों पर है। कई किसानों ने अपनी फसल काटकर खेतों में ही खुले में रखी हुई है। ऐसे में अचानक हुई बारिश से फसल भीग गई, जिससे उसके खराब होने और गुणवत्ता घटने का खतरा बढ़ गया है।किसानों का कहना है कि यदि मौसम जल्द साफ नहीं हुआ तो उनकी मेहनत पर पानी फिर सकता है। भीगे हुए गेहूं के कारण भंडारण और बिक्री दोनों में नुकसान उठाना पड़ सकता है।कृषि विशेषज्ञों का मानना है कि किसानों को जल्द से जल्द फसल को सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि नुकसान कम से कम हो सके।वहीं किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि यदि बारिश से फसल को नुकसान होता है तो उसका सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए, जिससे उन्हें राहत मिल सके।

मदनपुरा गौआश्रय स्थल का डीएम ने किया औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं की ली जानकारी

महराजगंज। महराजगंज में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह के साथ मदनपुरा स्थित अस्थायी गौआश्रय स्थल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान डीएम ने गोवंश शेड, पशु आहार कक्ष और भूसा भंडारण कक्ष का बारीकी से निरीक्षण किया। खंड विकास अधिकारी मिठौरा ने बताया कि गौआश्रय स्थल में कुल 43 गोवंश संरक्षित हैं।उन्होंने जानकारी दी कि पशुओं के लिए 106 क्विंटल भूसा, 25 बोरी पशु आहार, 42 बोरी चोकर और 5 बोरी साइलेज उपलब्ध है। साथ ही 750 डिसमिल भूमि में हरे चारे की बुआई की गई है, जिससे पशुओं को नियमित रूप से चारा उपलब्ध कराया जा सके।जिलाधिकारी ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और पशुओं की देखभाल में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

जूनियर हाई स्कूल हरपुर तिवारी के टॉपर्स को जिला पंचायत सदस्य आशिक अली ने किया सम्मानित

महराजगंज। उच्च प्राथमिक विद्यालय हरपुर तिवारी क्षेत्र परतावल जनपद महाराजगंज में आज वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया इस दौरान कक्षा 1 से लेकर 8 तक विभिन्न कक्षाओं के प्रथम तीन टॉपर्स एवं विद्यालय के छात्रवृत्ति परीक्षा में सफलता प्राप्त कर चुके 14 छात्र छात्राओं एवं सभी कक्षाओं के सबसे अधिक दिन विद्यालय में उपस्थिति दर्ज करने वाले बच्चों के अभिभावकों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया । बच्चों को मोमेंटो ,मेडल, पेंसिल बॉक्स, वॉटर बॉटल आदि वितरित किए गए।

सौभाग्य से भ्रमण करते हुए खंड शिक्षा अधिकारी परतावल माननीय मुसाफिर सिंह पटेल सर भी विद्यालय पर पहुंचे। अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी परतावल मुसाफिर सिंह पटेल ने बच्चों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि मेहनत से अर्जित किया गया ज्ञान ही जीवन में सफल बनाता है और सम्मान भी दिलाता है। उन्होंने कहाकि जनपद में सबसे अधिक बच्चे छात्रबृत्ति परीक्षा में हरपुर तिवारी के बच्चे पास हुए है।

उन्होंने बेहतर शिक्षा के लिए विद्यालय दिलाने के लिए हेडमास्टर जे डी अंसारी सहित समस्त स्टाफ का आभार भी व्यक्त किया।उनके द्वारा सभी टॉपर्स को मोमेंटम एवं मेडल पहनाया गया। विद्यालय में साफ साफ सफाई के प्रति सहयोगी की भूमिका निभाने वाले विद्यालय के 6 बच्चों को भी सम्मानित किया गया। साथ ही साथ जूनियर हाई स्कूल के इंचार्ज जे डी अंसारी, राजेंद्र यादव एवं संजीव पाठक द्वारा टेट परीक्षा पास कर लेने पर भी खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया।

इस दौरान जिला पंचायत सदस्य शाकिर अली, ग्राम प्रधान हरपुर तिवारी जयराम यादव, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष इंद्रासन यादव,युवा नेता बबलू खान, विद्यालय के शिक्षक पंकज यादव हेमलता मिश्रा शिवांगी सरिता एवं आदेश यादव सहित भारी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।(जे डी अंसारी हेड मास्टर)

बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के खिलाफ परतावल में उग्र प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला दहन

महराजगंज/परतावल। नगर पंचायत परतावल में बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन हिंदू नेता काशीनाथ सिंह (पूर्व सांसद प्रतिनिधि), युवा समाजसेवी राजन वर्मा एवं विजय जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।प्रदर्शनकारियों ने बांग्लादेश के प्रधानमंत्री मोहम्मद यूनुस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया। इस दौरान “बांग्लादेश प्रधानमंत्री होश में आओ”, “तानाशाही नहीं चलेगी” जैसे नारे लगाए गए। प्रदर्शनकारियों ने भारत सरकार से बांग्लादेश के खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की मांग भी की।कार्यक्रम के दौरान काशीनाथ सिंह ने कहा कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचार गंभीर चिंता का विषय हैं और इस पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है। वहीं समाजसेवियों ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा के लिए भारत सरकार को सख्त कदम उठाने चाहिए।इस विरोध प्रदर्शन में संजीव कुमार, संजय जायसवाल, द्वारिका वर्मा, जनार्दन चौरसिया, छबीनाथ मद्धेशिया, नंद किशोर नायक, धनंजय तिवारी, विनय सिंह (सभासद), गणेश पांडेय, प्रभा मद्धेशिया, संतोष चौधरी, सोहन चौधरी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने का आरोप, युवक पर केस दर्ज

परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के एक गांव से नाबालिग किशोरी के अपहरण का मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि एक युवक ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा लिया। इस संबंध में किशोरी की मां ने श्यामदेउरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर में बताया गया है कि उनकी नाबालिग बेटी को गांव का ही एक युवक बहकाकर अपने साथ ले गया है। घटना के बाद से किशोरी का कोई पता नहीं चल पाया है। इस मामले में श्यामदेउरवा थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक शिवम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस किशोरी की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। मामले की गहन जांच की जा रही है।

रास्ते के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात

महराजगंज। महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र स्थित भैसा गांव में रविवार देर शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने प्रतिद्वंदी पक्ष के युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एएसपी तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

छह महीने से चल रहा था रास्ते का विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतक विनोद तिवारी और दूसरे पक्ष के बैजनाथ वर्मा के बीच करीब छह महीने से पांच फीट चौड़े रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में दोनों तरफ से कई बार थाने में तहरीरें दी गई थीं। दोनों पक्षों के ख़िलाफ़ अब तक चार बार 151 की कार्रवाई भी हो चुकी है। दो दिन पहले थाने पर पंचायत भी बुलाई गई थी, जबकि रास्ते का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। घरों के बीच संकरे रास्ते को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक

रविवार शाम भी इसी मसले को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा कुल्हाड़ी से वार कर विनोद तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोई तहरीर नहीं मिली, कई लोग हिरासत में – एसपी

एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि घटना जमीनी रंजिश का परिणाम है। इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

महराजगंज में सोमवार सुबह घना कोहरा, जनजीवन हुआ प्रभावित

महराजगंज। शहर सोमवार की सुबह घने कोहरे की मोटी परत में लिपटा नजर आया। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने आम जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। सुबह का तापमान जहाँ 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं दिन में अधिकतम तापमान केवल 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सका।

कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की गति सामान्य से काफी धीमी रही। इसके अलावा, कई स्कूल बसें देर से पहुंचीं, जिसके चलते बच्चों को समय पर तैयार होने और स्कूल पहुँचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नगर मोहल्ला निवासी राजेश कुमार के अनुसार, पिछले कई दिनों से मौसम सामान्य था, लेकिन सोमवार को अचानक बदलाव देखने को मिला। उन्होंने बताया कि यह सीजन का पहला गहरा कोहरा है, और आने वाले दिनों में मौसम में और परिवर्तन की संभावना है।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा सम्पन्न

बाग़ापर/महराजगंज। राजकीय हाई स्कूल बरवा राजा, महराजगंज में आज भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक श्री सुरेन्द्र प्रसाद, श्री रामजी प्रसाद, श्री अविनाश कुमार, श्री संदीप सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समता, न्याय, शिक्षा एवं मानवाधिकार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को एक सशक्त आधार दिया, जिसके कारण आज देश सामाजिक न्याय की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। छात्रों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं समानता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया तथा अंत में सभी ने राष्ट्रहित एवं सामाजिक समरसता की शपथ ली।

जनपद में उर्वरक खरीद में अनियमितता, संदिग्ध किसानों और विक्रेताओं पर होगी सख्त कार्रवाई

महराजगंज। बुधवार को जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों के साथ उर्वरक उपलब्धता और वितरण की समीक्षा की। जांच में पाया गया कि भारत सरकार के आईएफएमएस पोर्टल के अनुसार जून माह में 186 और जुलाई माह में 261 किसानों ने पॉश मशीन में कई बार अंगूठा लगाकर 01 एमटी (22 बोरी) से अधिक उर्वरक खरीदा।इसी तरह जून में 32 और जुलाई में 43 किसानों ने 1.5 एमटी (33 बोरी) से अधिक उर्वरक की खरीदारी की। प्रशासन ने ऐसे सभी किसानों की सूची तैयार कर संबंधित तहसीलों से यह जांच कराने के निर्देश दिए हैं कि खरीदी गई मात्रा उनके कृषि जोत के रकबे के अनुरूप है या नहीं। साथ ही, यह भी देखा जाएगा कि कहीं यह खरीद अवैध भंडारण या बिक्री के उद्देश्य से तो नहीं की गई।अपनी आवश्यकता से अधिक उर्वरक लेने वाले संदिग्ध व्यक्तियों और उन्हें मानक से अधिक उर्वरक बेचने वाले बिक्री केंद्रों—दोनों पर जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों को पारदर्शी तरीके से, उनकी वास्तविक जरूरत के अनुसार, उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही, किसानों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की अफवाह में आकर उर्वरक का अवैध भंडारण न करें, अन्यथा दोषी पाए जाने पर दंडित किया जाएगा।