पीपीगंज का बाजार नहीं, दशा व दिशा में होगा सुधार, ग्राहकों को मिलेंगी अनेकों सुविधाएं – पीपीगंज चेयरमैन लक्ष्मण विश्वकर्मा ने कहा
पीपीगंज गोरखपुर। पीपीगंज कस्बा बाजार को सुव्यवस्थित, अतिक्रमण मुक्त एवं ग्राहकों के लिए सुविधाजनक बनाने को लेकर शटर व्यापारियों और पटरी व्यापारियों के बीच पूर्ण सहमति बन गई है। नगर पंचायत पीपीगंज क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा मंदिर से लेकर पीपीगंज कस्बा पुलिस चौकी तक सड़क पर लगे अवैध दुकानों, ठेलों एवं अन्य अतिक्रमण को हटाने का आदेश प्रशासन द्वारा पहले ही जारी किया जा चुका है। इसी आदेश के अनुपालन को लेकर व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा, व्यापार मंडल के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा एवं अधिशासी अधिकारी आनंजेय मिश्रा से आग्रह किया गया था कि पीपीगंज बाजार को सुव्यवस्थित एवं अतिक्रमण मुक्त बनाया जाए, जिसके लिए पूर्व में ज्ञापन भी सौंपा गया था। इसी क्रम में 30 दिसंबर, मंगलवार की शाम को पीपीगंज कस्बे में एक स्थान पर व्यापारी हितों को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में शटर व्यापारी एवं पटरी व्यापारी दोनों वर्गों की उपस्थिति रही। बैठक में मुख्य रूप से नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा उपस्थित रहे। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शटर व्यापारी नाली के बाहर अपना सामान नहीं रखेंगे और अपनी दुकान की सीमा के भीतर ही व्यापार करेंगे। वहीं सड़क किनारे व्यापार करने वाले पटरी व्यापारियों को नगर पंचायत पीपीगंज द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही दुकान लगाने की अनुमति दी जाएगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि सभी पटरी व्यापारियों को यूनिक कार्ड जारी किए जाएंगे, जिन पर संबंधित व्यक्ति का फोटो एवं आधार कार्ड अंकित रहेगा। इससे अवैध अतिक्रमण पर नियंत्रण किया जा सकेगा और केवल पंजीकृत पटरी व्यापारी ही निर्धारित स्थानों पर व्यापार कर पाएंगे। यह व्यवस्था बाजार को अनुशासित और सुरक्षित बनाने में सहायक होगी। नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पीपीगंज बाजार बहुत पुराना बाजार है, जहां छोटे और बड़े सभी व्यापारी वर्षों से व्यापार कर रहे हैं और वे सभी से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पीपीगंज बाजार की दशा देखकर उन्हें दुख होता है, क्योंकि अन्य बाजारों की अपेक्षा यहां का व्यापार लगातार गिरावट की ओर जा रहा है, जबकि पीपीगंज बाजार के बाहर नए-नए बाजार विकसित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नए बाजारों का आना अच्छी बात है, लेकिन इसके साथ ही पीपीगंज बाजार की दशा और दिशा में भी सुधार होना चाहिए। दूर-दूर से आने वाले ग्राहकों को बेहतर सुविधा मिले, यही नगर पंचायत का उद्देश्य है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि नगर पंचायत “बाजार की दिशा नहीं, बल्कि दशा बदलेगी” और इसके लिए सौंदर्यीकरण, विस्तार एवं बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा ने कहा कि सभी व्यापारियों के समर्थन से यह निर्णय लिया गया है कि शटर व्यापारी नाली के अंदर रहेंगे और पटरी व्यापारी नगर पंचायत द्वारा दिए गए चिन्हित स्थानों पर ही दुकानदारी करेंगे। ये सभी चिन्हित स्थान व्यापार मंडल एवं नगर पंचायत के संयुक्त सहयोग से व्यवस्थित किए जाएंगे, जिससे बाजार में ग्राहकों को आवागमन, खरीदारी और सुरक्षा की बेहतर सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर व्यापारी कालीचरण अग्रहरि, पूर्व चेयरमैन ठाकुर वर्मा, व्यापार मंडल के प्रदीप वर्मा, अशोक वर्मा, मोहित अग्रहरि, देवानंद मद्धेशिया, अमित अग्रहरि, बृजेश मद्धेशिया, प्रशांत अग्रहरि, पवन कुमार अग्रहरि, अमरनाथ मद्धेशिया, अनिल मद्धेशिया, प्रशांत मद्धेशिया, अभिमन्यु गुप्ता, मनोज कुमार, राहुल कुमार, विनोद, पवन जायसवाल, अख्तर, अशोक, जीतेन्द्र, करन, अनिल, सोहन, रोहित, राहुल मद्धेशिया, रामपलट जायसवाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी शटर एवं पटरी व्यापारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मण विश्वकर्मा एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष सचिन वर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीपीगंज कस्बे का बाजार जल्द ही व्यवस्थित हो, इसके लिए सभी व्यापारी पूरी तरह तैयार हैं और नगर पंचायत के हर सकारात्मक प्रयास में पूरा सहयोग करेंगे।
