Breaking
Wed. Feb 4th, 2026

2025

मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

पुरैना, महाराजगंज। भारतीय स्टेट बैंक द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), पुरैना खंडी में आठ दिसंबर को मोमबत्ती बनाने का प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। संस्थान के निदेशक राजेश कुमार ने प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र सौंपे और उन्हें प्रशिक्षण की बारीकियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि इस कौशल से स्वयं का व्यवसाय शुरू कर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है।
इस अवसर पर राघवेंद्र सिंह, शशिकांत दीक्षित और संस्थान का पूरा स्टाफ मौजूद रहा। निदेशक ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

गोरखपुर में अग्नि सुरक्षा मजबूत करने हेतु व्यापक निरीक्षण अभियान

हिन्द अभिमान टाइम्स / आर पी पी न्यूज़

गोरखपुर। गोरखपुर में एसएसपी राजकरन के निर्देशन तथा CFO गोरखपुर के नेतृत्व में आगामी अग्निशमन सुरक्षा को लेकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बाजारों और सरकारी कार्यालयों का निरीक्षण किया गया। अग्निशमन विभाग की टीम ने फायर फैक्टर, एक्सटिंग्विशर, हाइड्रेंट सिस्टम, अलार्म, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा अन्य सुरक्षा उपकरणों की स्थिति की जांच की। जहां किसी प्रकार की खामी पाई गई, वहां तत्काल सुधार हेतु नोटिस दिए गए। अभियान के दौरान कर्मियों और स्थानीय लोगों को आग लगने की स्थिति में कैसे सुरक्षित निकाला जाए, आपातकालीन संपर्क कहाँ मिलेंगे, फायर एक्सटिंग्विशर का सही उपयोग कैसे होगा। इन सबकी जानकारी दी गई। उद्देश्य था कि जोखिम को कम करना और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराना। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की चेकिंग और जागरूकता मुहिम जारी रहेगी। उन लोगों से अपील की गई है जो देखेंगे कि कहीं सुरक्षा मानकों का उल्लंघन है, वे तुरंत सूचना दें।

रास्ते के विवाद में युवक की कुल्हाड़ी से हत्या, तीन थानों की पुलिस मौके पर तैनात

महराजगंज। महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र स्थित भैसा गांव में रविवार देर शाम रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इसी दौरान एक पक्ष के लोगों ने प्रतिद्वंदी पक्ष के युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद युवक मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही एएसपी तीन थानों की पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए और पूरे गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

छह महीने से चल रहा था रास्ते का विवाद

जानकारी के मुताबिक, मृतक विनोद तिवारी और दूसरे पक्ष के बैजनाथ वर्मा के बीच करीब छह महीने से पांच फीट चौड़े रास्ते को लेकर विवाद चल रहा था। इस मामले में दोनों तरफ से कई बार थाने में तहरीरें दी गई थीं। दोनों पक्षों के ख़िलाफ़ अब तक चार बार 151 की कार्रवाई भी हो चुकी है। दो दिन पहले थाने पर पंचायत भी बुलाई गई थी, जबकि रास्ते का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। घरों के बीच संकरे रास्ते को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी।

नोकझोंक से शुरू हुआ विवाद पहुंचा हत्या तक

रविवार शाम भी इसी मसले को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे हिंसक संघर्ष में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष द्वारा कुल्हाड़ी से वार कर विनोद तिवारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सीएचसी परतावल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मृत्यु हो चुकी थी। घटना के बाद गांव में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

कोई तहरीर नहीं मिली, कई लोग हिरासत में – एसपी

एसपी सोमेंद्र मीना ने बताया कि घटना जमीनी रंजिश का परिणाम है। इस संबंध में अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर पुलिस को प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

महराजगंज में सोमवार सुबह घना कोहरा, जनजीवन हुआ प्रभावित

महराजगंज। शहर सोमवार की सुबह घने कोहरे की मोटी परत में लिपटा नजर आया। अचानक आए इस मौसम परिवर्तन ने आम जनजीवन की रफ्तार धीमी कर दी। सुबह का तापमान जहाँ 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं दिन में अधिकतम तापमान केवल 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच सका।

कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की गति सामान्य से काफी धीमी रही। इसके अलावा, कई स्कूल बसें देर से पहुंचीं, जिसके चलते बच्चों को समय पर तैयार होने और स्कूल पहुँचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

नगर मोहल्ला निवासी राजेश कुमार के अनुसार, पिछले कई दिनों से मौसम सामान्य था, लेकिन सोमवार को अचानक बदलाव देखने को मिला। उन्होंने बताया कि यह सीजन का पहला गहरा कोहरा है, और आने वाले दिनों में मौसम में और परिवर्तन की संभावना है।

ठंड में स्कूलों का टूर, स्वास्थ्य के लिए बढ़ता खतरा

गोरखपुर। सर्दियों में मौसम में जब तापमान लगातार गिरावट पर होता है, ऐसे समय में स्कूलों द्वारा छात्रों को शैक्षणिक टूर या भ्रमण पर ले जाना बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। ठंडी हवाएँ और मौसम का अचानक परिवर्तन बच्चों में सर्दी-जुकाम, बुखार, गले में संक्रमण, निमोनिया जैसी बीमारियों का जोखिम बढ़ा देता है। कई बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है, जिससे वह जल्दी बीमार पड़ जाते हैं। ठंड में लंबे समय तक बाहर रहना, खुले वातावरण में भोजन करना तथा पर्याप्त गर्म कपड़ों की कमी बीमारी की संभावनाओं को और भी बढ़ा देती है। इसके अलावा, सुबह-सुबह स्कूल बसों में यात्रा के दौरान तेज हवा लगने से बच्चों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। यदि किसी बच्चे को पहले से अस्थमा या श्वास से संबंधित समस्या है तो यह और अधिक खतरनाक हो सकता है। स्कूल प्रशासन को चाहिए कि वह ठंड के मौसम में ऐसे टूर को टाल दें या सावधानी बरतते हुए उचित सुरक्षा के साथ आयोजित करें। बच्चों को गर्म कपड़े, टोपी, मफलर आदि पहनाना अनिवार्य हो और स्वास्थ्य संबंधी निर्देशों का सख्ती से पालन कराया जाए। शिक्षा महत्वपूर्ण है, लेकिन बच्चों का स्वास्थ्य सर्वोपरि। इसलिए ठंड के मौसम में स्कूलों को छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए किसी भी प्रकार का टूर सोच-समझकर ही करना चाहिए।

ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की हुई बैठक

महाराजगंज। आज क्षेत्र पंचायत की बैठक सदर ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें खण्ड विकास अधिकारी एवं विकास खण्ड के सहायक विकास अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे। क्षेत्र पंचायत की बैठक में क्षेत्र पंचायत के पिछली कार्यवाही पढ़कर सुनाई गयी, साथ ही साथ वित्तीय वर्ष में कराये गये कार्यों को सदन के समक्ष रखा गया जिसकी पुष्टी उपस्थित सदस्यों द्वारा की गयी तथा आगामी वित्तीय वर्ष विभिन्न योजनान्तर्गत 20 करोड़ का बजट प्रस्ताव पास किया गया तथा सदस्यों से अपने से सम्बन्धित क्षेत्र के विकास कार्य हेतु प्रस्ताव लिया गया। इन कार्यो के कराये जाने से क्षेत्र का समुचित विकास हो सकेगा। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा ने सभी सदस्यगण को संबोधित करते हुए कहा आप सभी अपने अपने क्षेत्र में निरंतर विकास को महत्व देते हुए कार्य करें और सरकार की सारी योजनाओं को धरातल पर अनिवार्य रूप से लागू कराए। अगर किसी भी ग्रामप्रधान या क्षेत्र पंचायत सदस्य को अपने कार्य में किसी भी प्रकार की कोई समस्या होती है तो वह अपने से ऊपर के अधिकारी से संपर्क कर तुरंत उसका निदान कराए और विकास की गति को ज्यादा से ज्यादा हो तेज करें । उपस्थित प्रतिनिधि ने सभी
सदस्यों को उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामना भी दी ।
प्रमुख प्रतिनिधि ई0 विवेक कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में सभी सदस्यगण द्वारा दिए गए सुझावों पर एक बार पुनः चर्चा करते हुए उनके निराकरण के बारे में विस्तार से चर्चा की।
उन्होंने ग्राम सभाओं में स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सभी सदस्यगण अपने अपने ग्राम सभाओं में स्वच्छता को प्राथमिकता देते हुए विशेष कार्य करें। प्रमुख प्रतिनिधि ने सभी ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य द्वारा किए गए विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए उन्हें जो भी कार्य छूट गए हैं उन्हें प्रयास कर तुरंत कराने का सुझाव भी दिया।
बैठक के उपरांत माननीया ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप एवं उपस्थित सभी अतिथियों के द्वारा बैठक में उपस्थित सभी जिला पंचायत सदस्यों ग्राम एवं कक्षेत्र तथा ब्लाक के सभी कर्मचारियों का माल्यार्पण कर एवं उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया। ग्राम प्रधान एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य उपस्थित रहे।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा सम्पन्न

बाग़ापर/महराजगंज। राजकीय हाई स्कूल बरवा राजा, महराजगंज में आज भारतीय संविधान के शिल्पकार एवं महान समाज सुधारक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान प्रधानाध्यापक श्री सुरेन्द्र प्रसाद, श्री रामजी प्रसाद, श्री अविनाश कुमार, श्री संदीप सिंह सहित विद्यालय के सभी शिक्षकगण तथा भारी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉ. अंबेडकर का जीवन समता, न्याय, शिक्षा एवं मानवाधिकार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने भारतीय लोकतंत्र को एक सशक्त आधार दिया, जिसके कारण आज देश सामाजिक न्याय की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। छात्रों को उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए शिक्षा, अनुशासन एवं समानता के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया तथा अंत में सभी ने राष्ट्रहित एवं सामाजिक समरसता की शपथ ली।

निजी कार्य छोड़, दूसरों को उलझाने में लगे कुछ व्यापारी — पीपीगंज बाजार में बढ़ रही अनावश्यक खींचतान

हिन्द अभिमान टाइम्स / RPPNEWS

पीपीगंज गोरखपुर। नगर पंचायत पीपीगंज के बाजार में कुछ व्यापारी अपने निजी व्यापार पर ध्यान देने के बजाय दूसरों के मामलों में अनावश्यक दखल देकर वातावरण को तनावपूर्ण बनाने में लगे हुए हैं। अपने कार्य की प्रगति और विकास पर ध्यान देने की जगह यह व्यापारी दूसरों को परेशान करने, जलन और प्रतिस्पर्धा की गलत भावना में उलझाकर बाजार का माहौल बिगाड़ रहे हैं।खाली समय में बैठकर किसी न किसी व्यापारी के खिलाफ रणनीति बनाना, अफवाह फैलाना और अनावश्यक विवाद खड़ा करना अब आम बात बन चुकी है। इससे न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आपसी संबंधों में भी कड़वाहट बढ़ती जा रही है। व्यापार मंडल भी ऐसे व्यवहार से नाराज है और कई बार शांति एवं सहयोग की अपील कर चुका है, लेकिन कुछ लोगों पर इसका कोई प्रभाव नहीं दिखता। ऐसे में जरूरत है कि सभी व्यापारी अपने-अपने काम पर ध्यान दें, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा दें और बाजार के विकास में साथ मिलकर योगदान करें। क्योंकि जब तक एकजुटता और सहयोग की भावना नहीं होगी, तब तक पीपीगंज बाजार तरक्की की राह पर आगे नहीं बढ़ सकेगा।

आर के इंटरमीडिएट कॉलेज – भारत के वीर सपूतों और वीरांगनाओं के बलिदान को जीवन्त कर गए बच्चे

हरपुर तिवारी/महराजगंज। विकास खण्ड परतावल क्षेत्र के अंतर्गत स्थित आर के इंटरमीडिएट कॉलेज लक्ष्मीपुर, हरपुर चौक महराजगंज में स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर विद्यालय प्रांगण में जिला पंचायत सदस्य आशिक अली एवं पूर्व प्रधान साबिर अली ने झंडा रोहण किया, साथ ही खुर्शीद खान, प्रबंधक वालीउल्लाह खान, संरक्षक निसारुल्लाह खान व क्षेत्र के अन्य सम्मानित लोग उपस्थित रहे। झंडा रोहण के पश्चात विद्यालय एवं क्षेत्र के सम्मानित लोगों की उपस्थिति में तिरंगा यात्रा रैली निकली गई।

रैली विद्यालय से हरपुर चौक होते हुए पेट्रोल पम्प तक जाकर पुनः वापस विद्यालय आ गई। रैली के आकर्षण का केंद्र रहा छात्राओं द्वारा भारत मां की झांकी। विद्यार्थियों और क्षेत्र के सम्मानित लोगों द्वारा विभिन्न नारों से गूंजता रहा गगन, लोगो को भारत के वीर सपूतों और वीरांगनाओं के बलिदान को जीवन्त कर गए बच्चे। इस रैली को सकुशल सम्पन्न कराने में श्यामदेउरवा पुलिस प्रशासन का भी अहम योगदान रहा। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने पुलिस प्रशासन, विद्यार्थियों, विद्यालय परिवार और क्षेत्र के सम्मानित जनता का भी आभार प्रकट किया।

कुशीनगर में पथरी के बहाने किसान की किडनी चोरी, निजी अस्पताल पर गंभीर आरोप

कुशीनगर। जिले से एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है, जिसने स्वास्थ्य महकमे और आमजन दोनों को हिलाकर रख दिया है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के कोटवा बाजार स्थित न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल में पथरी का ऑपरेशन कराने पहुंचे एक किसान की किडनी निकाल लिए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित किसान अलाउद्दीन का आरोप है कि वह पथरी की समस्या से पीड़ित था और इलाज के लिए उक्त अस्पताल में भर्ती हुआ था। अस्पताल के संचालक इमामुद्दीन और डॉक्टर तार मुहम्मद ने ऑपरेशन के नाम पर उसकी किडनी ही निकाल ली। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने थाने में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच टीम गठित कर दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, दोषी पाए जाने पर संबंधित अस्पताल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश है और लोग निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।