Breaking
Sun. Jul 12th, 2026

सूने मकान का ताला तोड़ जेवरात चोरी, पुलिस ने आरोपी को दबोचा


90 हजार के गहने बरामद


भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा गांव में सूने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गांव के ही एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के करीब 90 हजार रुपये मूल्य के जेवरात बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार बिशुनपुरा निवासी शिवकुमार अपनी पत्नी अंजीरा देवी का इलाज कराने गोरखपुर गए हुए थे। इलाज के बाद 3 जुलाई को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि मुख्य दरवाजे और कमरे में रखे बॉक्स का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब मिले। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक पर चोरी का आरोप लगाते हुए भिटौली थाने में तहरीर दी।
शिकायत में बताया गया कि घटना के बाद आरोपी गांव के चौराहे पर कुछ जेवरात बेचने पहुंचा था लेकिन स्वर्णकारों को संदेह होने पर उन्होंने जेवर खरीदने से इनकार कर दिया। बाद में आरोपी ने जेवर कहीं और बेच दिया। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने जांच तेज की।
भिटौली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार तड़के बभनौली-बिशुनपुरा मार्ग स्थित पुलिया के पास से आरोपी शशिकांत वर्मा 20 वर्ष निवासी बिशुनपुरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चोरी के सोने के जेवरात बरामद हुए जिनकी कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया है। बरामद जेवरात को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *