चोरी का कंप्यूटर सेट, इनवर्टर, बैटरी समेत सामान बरामद; चारों आरोपी न्यायालय भेजे गए
भिटौली, महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के बांसपार नूतन ग्राम पंचायत सचिवालय में हुई चोरी का पुलिस ने महज दो दिन में खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सचिवालय से चोरी किए गए कंप्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार 20/21 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने ग्राम सचिवालय का ताला तोड़कर पंचायत सहायक कक्ष को निशाना बनाया था। चोर इनवर्टर, बैटरी, यूपीएस, सीपीयू, मॉनीटर, की-बोर्ड, माउस, प्रिंटर, फिंगर प्रिंट मशीन, लैपटॉप समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए थे। सुबह सचिवालय खुलने पर चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद ग्राम प्रधान शेषमणि गौतम ने भिटौली थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में कार्रवाई करते हुए 22 अगस्त को चार वांछित आरोपियों को नौनिया टोला चौराहे से जमुनिया जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर धर्मपुर गंगराई नहर रोड के पास झाड़ियों से सचिवालय से चोरी किए गए दो बैटरी, एक इनवर्टर, सीपीयू, मॉनीटर और की-बोर्ड बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने एक अन्य चोरी के मामले से संबंधित पीली धातु की एक जोड़ी कान की झुमकी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भिटौली, श्यामदेउरवा और पनियरा थानों में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। अब पुलिस बरामदगी के आधार पर चोरी में शामिल अन्य लोगों और शेष सामान के संबंध में भी जांच आगे बढ़ा रही है।

