June 2025

बकरीद के मौके पर परतावल की बड़ी मस्जिद में सैकड़ों लोगों ने अदा की नमाज़, सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतज़ाम

परतावल/महराजगंज। ईद-उल-अजहा (बकरीद) के पावन अवसर पर शनिवार की सुबह ग्रामसभा कोटवा पिपरियां स्थित बड़ी मस्जिद में धर्म और एकता का अनुपम संगम देखने को मिला, जब सैकड़ों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग एकत्रित होकर अल्लाह की बारगाह में सजदा करने पहुंचे। नमाज़ अदा करते हुए हर शख्स की जुबां पर अमन,भाईचारे और इंसानियत की दुआ थी।सुबह से ही मस्जिद परिसर में ईद की रौनक नजर आने लगी थी। लोग नये कपड़े पहनकर, सफेद टोपी और इबादत की चमक से सजे चेहरे लिए मस्जिद की ओर बढ़ रहे थे। बकरीद की नमाज़ शांतिपूर्ण और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई। नमाज़ के बाद मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और समाज में शांति, प्रेम और सौहार्द की कामना की।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष आमिर हुसैन,नासिर, कमाल,साबिर, अकबरुद्दीन खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकों ने नमाज़ में शरीक होकर इस पर्व को और अधिक गौरवशाली बना दिया। नमाज में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद इंतजाम किए थे। मस्जिद परिसर और आस-पास के इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया था। मौके पर एडीएम, एसडीएम सदर, सीओ सदर आभा सिंह,थाना श्यामदेउरवा के प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह,परतावल चौकी इंचार्ज जटाशंकर सिंह, एसआई अंकित चौरसिया, कॉन्स्टेबल विकास यादव,कॉन्स्टेबल संतोष और हल्का लेखपाल सहित कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। सुरक्षा बलों ने पूरी नमाज़ के दौरान पैदल गश्त कर स्थिति पर पैनी निगरानी बनाए रखी। इस पावन मौके पर लोगों ने परतावल में एक बार फिर धार्मिक सहिष्णुता और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की। प्रशासन और आमजन के सहयोग से यह पर्व पूरी शांति और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। नमाज़ियों ने प्रशासनिक व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए क्षेत्र में इसी तरह सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

आरसेटी सेंटर में किया गया वृक्षारोपण

पुरैना, महराजगंज। घुघली विकासखंड घुघली के अंतर्गत पुरैना में स्थित एसबीआई आरससेटी ट्रेनिंग सेंटर में प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षुओं के द्वारा वृक्षारोपण किया गया और यह बताया गया कि एक वृक्ष 10 पुत्र के समान होता है। हर व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए। वृक्ष से पर्यावरण का संतुलन बना रहता है। पर्यावरण में ऑक्सीजन कार्बन तथा नाइट्रोजन का प्रतिशत बना रहता है । संस्था के प्रबंध निदेशक ने बताया वृक्ष का हमारे दैनिक जीवन में अहम योगदान है इसलिए हर व्यक्ति को अपने जीवन में एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन पर मरीजों संग बाँटी मुस्कान, परतावल CHC में काशीनाथ सिंह ने बांटे फल और बिस्किट

परतावल/महराजगंज। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 53वें जन्मदिवस के अवसर पर परतावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में सेवा और सहयोग का एक सराहनीय आयोजन देखने को मिला। पूर्व सांसद प्रतिनिधि एवं युवा नेता काशीनाथ सिंह ने अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों को फल, बिस्किट एवं अन्य पोषण सामग्री वितरित की। इस अवसर पर उन्होंने मरीजों से मिलकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करते हुए कहा कि “योगी जी ने हमेशा गरीबों और वंचितों के कल्याण के लिए कार्य किया है। ऐसे में उनके जन्मदिवस पर मरीजों के बीच सेवा करना एक सुखद अनुभव है।”कार्यक्रम में प्रमुख रूप से डॉ. अनिल जायसवाल, डॉ. संजीव सिंह, डॉ. शालिनी सिंह, संजय जयसवाल, किशोर नायक, अभिषेक त्रिपाठी, ओसियर यादव, राजीव सिंह, हरिलाल यादव, राजन वर्मा एवं छविनाथ मद्धेशिया उपस्थित रहे।अस्पताल परिसर में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम ने न केवल मरीजों के चेहरे पर मुस्कान ला दी, बल्कि क्षेत्र में जनसेवा के प्रति नई प्रेरणा का संचार किया।

खेत में काम कर रहे युवक को सांप ने डसा, उपचार से पहले तोड़ा दम

परतावल/महराजगंज। रविवार सुबह खेत में सिंचाई कर रहे एक युवक की सांप के डसने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान शंकर (30 वर्ष), पुत्र स्व. रामानंद निवासी बेलराईं, थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है। घटना के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर सुबह खेत में पानी देने गया था। पानी के बहाव को नियंत्रित करने के लिए जब वह मेड़ पर मिट्टी दबाकर पानी रोकने का प्रयास कर रहा था, तभी एक जहरीले सांप ने उसे पैर में काट लिया।

शुरूआती झटके में शंकर को लगा कि किसी चूहे ने काट लिया है, और उसने खेत में काम जारी रखा।कुछ ही देर में उसे चक्कर आने लगे और शरीर में असहजता महसूस हुई। तब जाकर उसे अहसास हुआ कि शायद किसी जहरीले जानवर ने उसे काटा है। इधर-उधर देखने पर उसे पास में एक सांप दिखाई दिया। स्थिति बिगड़ते देख उसने तत्काल अपने परिजनों को सूचना दी।परिजन उसे लेकर तुरंत परतावल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शंकर दो भाइयों में बड़ा था और अपने परिवार की जिम्मेदारियों का बोझ उसके कंधों पर था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि छोटा भाई नौकरी करता है।घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी प्रभारी जटाशंकर सिंह मौके पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।