August 14, 2026

बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित कर रोपे गये पौधे

भुलाया नहीं जा सकता बलिदानियों की गौरवगाथा : डीआईओएस

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस

भिटौली, महराजगंज । अगस्त क्रांति, भारत छोड़ो आंदोलन एवं विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर राष्ट्र रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों की स्मृति में दुर्गावती देवी इंटर कॉलेज, प्रयाग नगर भैंसा के परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा रहे।जिला विद्यालय निरीक्षक ने अमर बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि देश की रक्षा और स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों की गौरवगाथा सदैव अक्षुण्ण रहेगी। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने विद्यालय परिसर में आम, पीपल, गोल्ड मोहर, नीम और सहजन के पौधे रोपित किए।उन्होंने कहा कि वृक्ष सभी प्राणियों के जीवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्राणवायु उपलब्ध कराते हैं। वन वायु, जल, फल, फूल एवं अन्य पोषक तत्वों के माध्यम से जीव-जगत के पोषण और संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही पेड़-पौधे पर्यावरण प्रदूषण को कम करने में भी अहम योगदान देते हैं।विद्यालय के विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए उन्होंने मोबाइल फोन का सदुपयोग करने तथा जीवन में सही मित्र का चयन करने की सलाह दी। स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने विद्यार्थियों से तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर देश के प्रति समर्पण और राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का आह्वान किया।कक्षा निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक ने विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था, हेल्पलाइन नंबर सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली और रक्षाबंधन पर्व के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यालय के कार्यालय अधीक्षक रमेश चंद पटेल, संस्थापक प्रबंधक उपेंद्र मिश्र, सहायक डायरेक्टर मोहम्मद महफूज अली, वाइस प्रिंसिपल कामलिया सरकार, एजुकेशनल इंचार्ज मनमीत कुमार , प्राइमरी स्कूल की प्रधानाचार्य सीमा पांडे, महेंद्र, श्रवण विश्वकर्मा, गंगेश वर्मा, उषा सिंह, सीमा पांडे, नेहा मद्धेशिया, नेहा पटेल सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।