शिक्षक दिवस पर जगरोशन पब्लिक स्कूल में हुआ भव्य आयोजन
भटहट । जगरोशन पब्लिक स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को हर्षोल्लास के साथ विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए तथा शिक्षकों के सम्मान में केक काटकर काटे और उपहार दिये
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की महत्ता बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व एवं भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों ने शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें धन्यवाद दिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सी. पी. पांडेय एवं प्रबंधक हैदर अली खान ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि एक अच्छे शिक्षक का मार्गदर्शन विद्यार्थी के जीवन को नई दिशा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं और उपहार दी गईं। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

