Breaking
Wed. Oct 7th, 2026

प्रचार बोर्ड ने छीनी मां की जिंदगी, बाइक पर गिरा भारी बोर्ड; इलाज के लिए निकली महिला की मौत

परतावल/महराजगंज। इलाज कराकर बेटे के साथ बाइक से घर लौट रही महिला को क्या पता था कि रास्ते में लगा एक प्रचार बोर्ड उसकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा। बुधवार सुबह गोरखपुर-परतावल मार्ग पर तेज हवा के बीच महाराजा रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड अचानक बाइक पर जा गिरा। हादसे में पीछे बैठी 55 वर्षीय सुभावती छप्पन गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी सुभावती छप्पन पत्नी विद्यासागर अपने बेटे दुर्विजय के साथ गोरखपुर मेडिकल कॉलेज से इलाज कराकर घर लौट रही थीं। दोनों अभी महाराजा रेस्टोरेंट के पास पहुंचे ही थे कि तेज हवा के झोंके से सड़क किनारे लगा प्रचार बोर्ड अचानक उखड़कर बाइक पर आ गिरा।बोर्ड की चपेट में आने से सुभावती सड़क पर गिर पड़ीं। हादसा देख आसपास के लोग दौड़े और तत्काल उन्हें एंबुलेंस से परतावल सीएचसी भेजा गया। इमरजेंसी में डॉ. फुरकान ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना पर श्यामदेउरवा पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष महेंद्र मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *