महराजगंज

अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जन जागरूकता गोष्ठी आयोजित

महाराजगंज। अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज अंतर्गत पकड़ी नोनिया गाँव में जन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में स्थानीय वनस्पतियों, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और सतत विकास के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।

  • संरक्षण के सरल उपाय: ग्रामीणों को पेड़-पौधे लगाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने जैसे आसान कदमों की जानकारी दी गई।
  • वन अधिकारी का संदेश: क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि जैव विविधता पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जीवन के लिए भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी प्राकृतिक संपदा की रक्षा करने और बच्चों को भी जागरूक करने की अपील की।
  • संकल्प: कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर जैव विविधता संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, अन्य वनकर्मी, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह गोष्ठी ग्रामीण स्तर पर जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

हेकामुद्दीन हत्याकांड में एफ आई आर दर्ज करने की मांग,एआईएमआईएम ने एसपी को सौंपा ज्ञापन


भिटौली, महराजगंज।भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देऊरवां निवासी हेकामुद्दीन की संदिग्ध मौत को लेकर इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि 10 मई की रात हेकामुद्दीन अपने घर से निकले थे लेकिन 11 मई की सुबह उनका शव गांव के पास स्थित पुलिया के नीचे मिला। इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटना के 10 दिन बीत जाने के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं होने एवं आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिजनों एवं स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। इसी क्रम में आज ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष सरवर खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक महराजगंज को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से हेकामुद्दीन हत्याकांड में तत्काल एफ आई आर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आमजन का कानून व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा।
एआईएमआईएम जिलाध्यक्ष सरवर खान ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने की मांग की।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की अपील की है। इस मौके पर सफी मोहम्मद, वसी अहमद,मोहिउद्दीन सिद्दीकी, सलीमुल्लाह खान, मौलाना अलीशेर , सूरज गुप्ता , रमजान अली, सैफ अली खान, मुबारक अली , सनौवर, जियाउल, हाफिज अली, हसन खान, मोहित, संजय आदि लोग मौजूद रहे।

सरवर जहां ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार, की जांच की मांग


लक्ष्मीपुर देउरवां में हकामू उर्फ इमामुद्दीन के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने का मामला

भिटौली महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवां में शराब भट्टी के निकट एक पुलिया के नीचे स्थानीय निवासी हकामू उर्फ इमामुद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से परिवार पर संकटों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी सरवर जहां ने पुलिस अधीक्षक महाराजगंज को एक प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सरवर जहां ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि मेरे पति हकामू उर्फ इमामुद्दीन बीते रविवार को शाम 7:30 बजे घर से यह कह कर निकले कि शराब भट्टी पर कोई मुझे बुलाया है। मैं वही उससे मिलने जा रहा हूं। देर रात लगभग 12:00 बजे तक वह घर जब नहीं पहुंचे तब मैं अपने बच्चों के संग उन्हें ढूंढने के लिए भट्टी की तरफ गई लेकिन रात में उनका कहीं अता-पता नहीं चला। सोमवार सुबह लगभग 6:00 बजे राहगीरो ने पुलिया के नीचे उनका शव देखा। घटना की सूचना पर परिजन भी वहां पहुंचे और रोने चिल्लाने लगे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिया के नीचे से शव निकाला गया और लगभग 8:00 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुट गई। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। सरवर जहां ने आगे अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि घटना से कुछ दूरी पर शराब भट्टी के पास मेरे पति का एक चप्पल मिला जबकि दूसरा चप्पल पुलिया के पास मिला। उनके शरीर पर गहरी चोट है। ऐसा लग रहा है कि लोहे की राड से उनके शरीर पर हमला किया गया है। सरवर जहां ने बताया कि 2 दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर गांव के बगल के ही एक व्यक्ति से मेरे पति की तू तू मैं मैं हुई थी और उसने धमकी भी दिया था। स्थानीय पुलिस से निराश होकर मृतक की पत्नी सरवर जहां ने मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया और मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई करते हुए आर्थिक सहायता की मांग की।

आर के सनशाइन एकेडमी में मदर्स डे मनाया गया

महराजगंज। आरके सनशाइन एकेडमी, आजाद नगर महराजगंज में मदर्स डे मनाया गया।
नगर स्थित आर के सनशाइन एकेडमी, महराजगंज में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी मदर्स डे मनाया गया। मदर्स डे हर साल मई महीने के दूसरे रविवार को मनाया जाता है, जो मां के प्रेम, त्याग,समर्पण और योगदान को सम्मान देने का एक विशेष अवसर है। यह दिन मां के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है, जहां बच्चे उन्हें उपहार, शुभकामनाएं और स्नेह भरे शब्दों से खुश करते हैं। मदर्स डे की शुरुआत अमेरिका की अन्ना जार्विस द्वारा की गई थी। अन्ना जार्विस ने अपनी मां की स्मृति में इसे मनाना शुरू किया। आज यह दिन विश्व भर में मां के सम्मान में मनाया जाता है। भारत में भी प्रत्येक वर्ष यह दिन विद्यालय और घरों में हर्षोल्लास से मनाया जाता है। ‘मदर्स डे’ का उद्देश्य केवल एक दिन मां को सम्मान देना नहीं है, बल्कि यह याद दिलाना है कि मां का स्थान जीवन में सबसे ऊंचा है और हमें उन्हें प्रतिदिन आदर और सम्मान देना चाहिए।
मातृ दिवस के अवसर पर विद्यालय में सभी माताओं के सम्मान के लिए बच्चों के द्वारा नृत्य, संगीत एवं खेल का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुरुआत सर्वप्रथम मुख्य अतिथि सुश्री श्रेया मिश्रा (डी. पी. आर. ओ.) महराजगंज एवं विद्यालय की प्रबंधिका और सदर ब्लाक प्रमुख श्रीमती सोनी कश्यप जी द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में सर्वप्रथम वेलकम सॉन्ग प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात माताओं के लिए अंताक्षरी का पहला गेम प्रस्तुत हुआ जिसमें समीना खातून को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। उसके बाद डायलॉग का तड़का गेम में सौम्या श्रीवास्तव को प्रथम एवं फातिमा खातून को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बैलून ब्रस्ट गेम में कहकंशा तबस्सुम को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ तथा चिक पी गेम में अंजलि को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ। क्वेश्चनिंग स्किल में प्रियंका को एवं बिस्किट विथ माउथ गेम में आरती को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
गेम में विनर सभी माताओं को विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख सोनी कश्यप द्वारा पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम पड़ाव पर सभी माता को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रेया मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजन सभी विद्यालय को पूरे हर्षोल्लास के साथ करना चाहिए जिससे कि बच्चों के अंदर अपने माता के प्रति सम्मान और आदर की भावना विकसित हो सके। विद्यालय में प्रवेश करने के उपरांत बच्चों के द्वारा पांव पखारने की रस्म से भाव विभोर होकर उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों का अपने से बड़ों को सम्मान देने की परंपरा का विकास होता है।
कार्यक्रम की समाप्ति पर विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख सोनी कश्यप द्वारा सभी मुख्य अतिथियों को पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मातृ दिवस के अवसर पर विद्यालय की प्रबंधिका एवं सदर ब्लाक प्रमुख सोनी कश्यप ने कार्यक्रम की समाप्ति की घोषणा करते हुए एवं सभी माताओं के प्रति प्रेम एवं सम्मान व्यक्त करते हुए बताईं कि इस दिन हम अपने माताओं को धन्यवाद देते हैं, उनके प्रति अपना प्यार व्यक्त करते हैं और उनके त्याग और समर्पण को याद करते हैं।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं क्रमशः यू एस त्रिपाठी, शिवम, सचिन, अरुण, सलीम, विभा, तृप्ति, मनीता, अमृता, दीपशिखा, विजेता ,प्रवीण निषाद, रागिनी, अनुष्का, सलेहा ,सुनीता कनौजिया, रुचिका, रजनी उपाध्याय, समसुद्दीन, कृष्ण गोपाल उपाध्याय, ओमकार, सुचिंद्रम पटेल आदि का विशेष योगदान रहा।

नहर पुल की रेलिंग टूटी, लोगों में भय

महाराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत मटिहनिया चौधरी गाँव से होकर गुजरने वाली माइनर नहर पुल की रेलिंग टूट चुकी है जिससे कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
मटिहनिया गांव के पास माइनर नहर पुल की रेलिंग पिछले कई महीनों से टूट कर गिर गया है यहां से आवागमन के समय लोगों में भय बना रहता है इस पुल से स्कूल के वाहन भी गुजरते हैं लोगों का अपने कार्य के लिए महाराजगंज आना जाना लगा रहता है सबसे बड़ा भय रात के समय लगा रहता है। समय रहते इस पुल की रेलिंग का निर्माण अति आवश्यक हो गया है क्षेत्रीय लोगों ने इस पुल की निर्माण की गुहार लगाई है।

दहेज हत्या के आरोप में कब्र से निकाला गया शव, कोर्ट के आदेश पर कार्रवाई

निचलौल थाना क्षेत्र के मटरा धमउर गांव में शुक्रवार को दहेज हत्या के एक गंभीर मामले में पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव बाहर निकलवाया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश पर की गई।

एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता के अनुसार, जटहा बाजार निवासी अलीहसन की शिकायत पर 26 अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में मटरा धमउर के गुलशन, फिरोज, ईशा, अफरोज और फैयाज अंसारी को दहेज हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में नामजद किया गया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी बेटी हसीरुन निशा की शादी 25 फरवरी 2021 को फैयाज अंसारी से हुई थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे—नाजिया और इब्राहिम—हुए। आरोप है कि पति, जो विदेश में रहता है, दहेज को लेकर फोन पर अक्सर प्रताड़ित करता था।

परिजनों का आरोप है कि 22 अप्रैल की रात ससुराल पक्ष के लोगों ने हसीरुन निशा की गला दबाकर हत्या कर दी और बिना सूचना दिए शव को दफना दिया। इस मामले में एक वीडियो का भी हवाला दिया गया है, जिसमें हत्या से जुड़े संकेत होने की बात कही जा रही है।

थाना प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन मिश्र ने बताया कि अदालत के निर्देश पर पूरी प्रक्रिया मजिस्ट्रेट की निगरानी में कराई गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

डीजल न मिलने पर किसान सड़क पर लेटा, लगा जाम; गन्ने की फसल सूखने का आरोप

निचलौल क्षेत्र में डीजल की किल्लत को लेकर एक किसान ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। चिउटहा-निचलौल मार्ग पर खोन्हौली गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल न मिलने से नाराज किसान सड़क पर लेट गया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सड़क पर विरोध कर रहे किसान की पहचान कोठीभार थाना क्षेत्र के रामपुरवा निवासी मोहन गुप्ता के रूप में हुई है। किसान का कहना है कि उनके खेत में खड़ी गन्ने की फसल सिंचाई के अभाव में सूखने लगी है। इसी चिंता में वे डीजल लेने पेट्रोल पंप पहुंचे थे।

किसान ने आरोप लगाया कि उन्होंने बार-बार निवेदन कर सिर्फ पांच लीटर डीजल देने की मांग की, लेकिन पंप कर्मियों ने उनकी बात नहीं सुनी। इससे नाराज होकर उन्होंने सड़क पर लेटकर विरोध जताया, जिसके चलते वहां वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए। बाद में स्थिति को संभालने के प्रयास किए गए, लेकिन इस घटना ने क्षेत्र में डीजल आपूर्ति और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अफवाह पर बेकाबू भीड़ ने युवक को पीटा, पुलिस ने बचाया

महराजगंज। महराजगंज में पनेवा नहर के पास एक मामूली अफवाह ने गंभीर हिंसक रूप ले लिया। जानकारी के मुताबिक, किसी ने यह बात फैला दी कि एक युवक बाइक चोरी करने की कोशिश कर रहा है। देखते ही देखते वहां भीड़ इकट्ठा हो गई और बिना सच्चाई जाने युवक को घेर लिया।

भीड़ ने युवक से पूछताछ करने के बजाय सीधे उस पर हमला कर दिया और जमकर मारपीट की। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है, जिसमें युवक अपनी बेगुनाही की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन लोग उसकी बात सुनने के बजाय लगातार पिटाई करते रहे। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फट गए।

चौंकाने वाली बात यह रही कि वहां मौजूद कुछ लोग स्थिति को शांत कराने के बजाय भीड़ को उकसाते नजर आए, जिससे हालात और बिगड़ गए। घटना के बाद इलाके में भय और गुस्से का माहौल बन गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। उत्तर प्रदेश पुलिस ने युवक को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने पहुंचाया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ है।

फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

महराजगंज में आधी रात छापा एसपी की सख्ती दारोगा बीरबल चौहान सस्पेंड

महराजगंज। महराजगंज में पुलिस महकमे में उस समय हड़कंप मच गया जब पुलिस अधीक्षक Shakti Mohan Awasthi ने रविवार देर रात थाना कोतवाली फरेन्दा का औचक निरीक्षण किया अचानक हुई इस कार्रवाई में थाने की कई गंभीर लापरवाहियां सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान उपनिरीक्षक बीरबल चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया वहीं प्रभारी निरीक्षक वरिष्ठ उपनिरीक्षक और ड्यूटी मुंशी के खिलाफ भी प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गएजांच में अभिलेखों में गड़बड़ी साफ सफाई में कमी और थाने की व्यवस्थाओं में लापरवाही पाई गई जिस पर एसपी ने कड़ी नाराजगी जताई और साफ कहा कि इस तरह की लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगीएसपी ने निर्देश दिए कि सभी अभिलेखों को तुरंत अपडेट किया जाए लंबित मामलों का जल्द निस्तारण किया जाए और जनता की शिकायतों पर पारदर्शी व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए साथ ही कानून व्यवस्था को लेकर पूरी सतर्कता बरती जाएएसपी ने दो टूक कहा कि थाने की कार्यप्रणाली ही पुलिस की असली पहचान है और लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगीइस कार्रवाई के बाद पूरे जिले के थानों में हलचल तेज हो गई है और पुलिस महकमा पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है।

आग का भीषण कहर, गोपाला–बरगदही–बेलवा बुजुर्ग में सैकड़ों एकड़ फसल जलकर खाक


परतावल, महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के गोपाला, बरगदही और बेलवा बुजुर्ग गांव के सिवान में अज्ञात कारणों से लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे सैकड़ों एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर खाक हो गई।
तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और कई गांवों के खेत इसकी चपेट में आ गए। घटना से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
🤝 मदरसा छात्रों की सतर्कता से जागे ग्रामीण
आग लगते ही पास के मदरसे के छात्रों ने जगह-जगह अजान देकर लोगों को सतर्क किया, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बाल्टी, पाइप और उपलब्ध संसाधनों से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
👮 पुलिस व प्रशासन की सक्रियता से आग पर काबू
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। पुलिस की तत्परता और सतर्कता से राहत व बचाव कार्य तेज हुआ और आग को फैलने से काफी हद तक रोक लिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस की सराहनीय भूमिका की प्रशंसा की।
मौके पर लेखपाल ऋषिकेश शर्मा, रुद्र प्रताप, वैभव प्रताप तथा कानूनगो जय प्रकाश नारायण मौजूद रहे और राहत कार्य में सक्रिय सहयोग करते हुए नुकसान का आकलन किया।
🚒 फायर ब्रिगेड पर देरी से पहुंचने का आरोप
ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी देखी गई कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय पर नहीं पहुंच सकी। लोगों का कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंचती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था।
🔥 सैकड़ों किसानों की फसल जलकर राख
इस आग की चपेट में नईम हाफिज, अलाउद्दीन, मसूद, जयदुल हसन, वहदन, सैदुल्लाह, वसीम अख्तर, मुंशी राजा, जावेद, कमाल, अली राजा, भगवंत, भागीरथी, ताहिर, फकरुद्दीन, गयासुद्दीन, अदालत, किताबुल्लाह, रूफी अहमद, मुजफ्फर हुसैन, नइमुल्लाह सहित सैकड़ों किसानों की खड़ी फसल पूरी तरह नष्ट हो गई।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार लाखों रुपये का भारी नुकसान हुआ है।
🏛️ प्रशासन मौके पर, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।