Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

गोरखपुर में स्कूली बच्चों से भरी ऑटो पलटी, 10 घायल; शिक्षिका भी आई चपेट में, मोबाइल चोरी

गोरखपुर। गोरखपुर-सोनौली मार्ग पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। चिलुआताल थाना क्षेत्र के मानीराम में सुबह करीब 7:40 बजे स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक ऑटो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दुर्घटना में करीब 10 बच्चे घायल हो गए, वहीं पास में खड़ी एक महिला शिक्षिका भी इसकी चपेट में आकर जख्मी हो गईं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर वाहन को सीधा किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सड़क किनारे खड़ी ऑटो को किसी अन्य वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे यह हादसा हुआ।

इसी दौरान बस का इंतजार कर रही जंगल कौड़िया की एक महिला शिक्षिका भी घायल हो गईं। घटना की अफरा-तफरी में उनका मोबाइल फोन हाथ से गिर गया, जिसे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उठा लिया। शिक्षिका ने करीब एक घंटे तक मोबाइल की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

सूचना मिलते ही संबंधित स्कूल का प्रबंधन मौके पर पहुंचा और सभी बच्चों को अपनी गाड़ियों से सुरक्षित स्कूल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि ऑटो में सवार सभी बच्चे मानीराम स्थित एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल के थे।

इस घटना के बाद ओवरलोडिंग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में कई स्कूलों द्वारा बच्चों को ऑटो-रिक्शा में क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाया जाता है, जिससे इस तरह के हादसों की आशंका बनी रहती है।

मामले में चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, घायल शिक्षिका के मोबाइल को लोकेशन के आधार पर ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है।

सीओ यातायात गोरखपुर विवेक कुमार तिवारी ने कहा कि बच्चों के आवागमन के लिए ऑटो के उपयोग पर प्रतिबंध है। परिवहन विभाग और स्कूल प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि नियमों का पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *