Breaking
Wed. May 13th, 2026

May 13, 2026

सरवर जहां ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार, की जांच की मांग


लक्ष्मीपुर देउरवां में हकामू उर्फ इमामुद्दीन के संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने का मामला

भिटौली महराजगंज। भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवां में शराब भट्टी के निकट एक पुलिया के नीचे स्थानीय निवासी हकामू उर्फ इमामुद्दीन की संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से परिवार पर संकटों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पत्नी सरवर जहां ने पुलिस अधीक्षक महाराजगंज को एक प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। सरवर जहां ने अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि मेरे पति हकामू उर्फ इमामुद्दीन बीते रविवार को शाम 7:30 बजे घर से यह कह कर निकले कि शराब भट्टी पर कोई मुझे बुलाया है। मैं वही उससे मिलने जा रहा हूं। देर रात लगभग 12:00 बजे तक वह घर जब नहीं पहुंचे तब मैं अपने बच्चों के संग उन्हें ढूंढने के लिए भट्टी की तरफ गई लेकिन रात में उनका कहीं अता-पता नहीं चला। सोमवार सुबह लगभग 6:00 बजे राहगीरो ने पुलिया के नीचे उनका शव देखा। घटना की सूचना पर परिजन भी वहां पहुंचे और रोने चिल्लाने लगे। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिया के नीचे से शव निकाला गया और लगभग 8:00 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और मामले की जांच में जुट गई। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। सरवर जहां ने आगे अपने प्रार्थना पत्र में लिखा है कि घटना से कुछ दूरी पर शराब भट्टी के पास मेरे पति का एक चप्पल मिला जबकि दूसरा चप्पल पुलिया के पास मिला। उनके शरीर पर गहरी चोट है। ऐसा लग रहा है कि लोहे की राड से उनके शरीर पर हमला किया गया है। सरवर जहां ने बताया कि 2 दिन पहले मोटरसाइकिल को लेकर गांव के बगल के ही एक व्यक्ति से मेरे पति की तू तू मैं मैं हुई थी और उसने धमकी भी दिया था। स्थानीय पुलिस से निराश होकर मृतक की पत्नी सरवर जहां ने मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक प्रार्थना पत्र दिया और मामले में जांच कर विधिक कार्रवाई करते हुए आर्थिक सहायता की मांग की।