Breaking
Fri. Jun 12th, 2026

May 22, 2026

रुद्रापुर में निकली भगवान श्रीराम की भव्य बारात, जयघोष से गूंजा पूरा क्षेत्र

परतावल/महराजगंज। विकास खण्ड परतावल के रुद्रापुर में आयोजित श्री श्री 1008 शतचंडी महायज्ञ के अवसर पर शुक्रवार शाम भगवान श्रीराम की भव्य बारात बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ निकाली गई। बारात में शामिल श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भारी भीड़ ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।शाम लगभग 6 बजे रामलीला प्रांगण से गाजे-बाजे, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियों के साथ बारात निकली। “जय श्रीराम” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। बारात रुद्रापुर से निकलकर तरकुलवा तिवारी होते हुए ग्राम सभा डेरवा निवासी जगदीश पाण्डेय के दरवाजे तक पहुंची, जहां बारातियों का भव्य स्वागत किया गया।बारात के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों पर झूमते नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम की बारात का स्वागत किया। पूरे मार्ग पर धार्मिक उत्साह और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।बारातियों के स्वागत में ग्राम सभा डेरवा के जगदीश पाण्डेय, रविंद्र नाथ पाण्डेय, शम्भू पटेल, राम विजय गौड़, कृपाल पटेल, बब्लू पटेल, भगवंत पटेल, आशीष पाण्डेय, कैलाश पाण्डेय, कृष्ण मुरारी, मुन्ना, चन्द्रभान, गुड्डू, सुनील, राम ललित, राकेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।श्रीराम बारात को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। धार्मिक माहौल और भव्य आयोजन ने लोगों का मन मोह लिया।

नेपाल बस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवती ने तोड़ा दम


सेमरा राजा की पूजा ने भी गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में जिंदगी की हारी जंग
भिटौली महराजगंज। महराजगंज जनपद के भिटौली थाना क्षेत्र के सेमरा राजा के श्रद्धालुओं के साथ नेपाल के प्यूठान जिले के भीगरी में हुए दर्दनाक बस हादसे में एक और दुखद खबर सामने आई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई पूजा मौर्या पुत्री रामउदय मौर्या निवासी सेमरा राजा की आज इलाज के दौरान दिन में लगभग 4:00 बजे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में मृत्यु हो गई।
बताया जा रहा है कि करीब एक माह पूर्व 23 अप्रैल को 21 श्रद्धालुओं से भरी बस नेपाल के स्वर्गद्वारा दर्शन के लिए जा रही थी तभी प्यूठान जिले के भीगरी क्षेत्र में बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में सेमरा राजा निवासी निर्मला देवी एवं काव्या की जो मां बेटी थी उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सभी घायलों को नेपाल प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से पहले नेपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया था बाद में घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर लाया गया। घटना के बाद से ही पूजा मौर्या की हालत लगातार गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों की निगरानी में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में पूजा का इलाज चल रहा था लेकिन पूजा भी आज दिन मे लगभग 4:00 बजे जिंदगी की जंग हार गई। पूजा की मौत की खबर मिलते ही गांव और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।गौरतलब है कि इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया था। अब तक इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो चुकी है।

अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस पर जन जागरूकता गोष्ठी आयोजित

महाराजगंज। अन्तर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज अंतर्गत पकड़ी नोनिया गाँव में जन जागरूकता गोष्ठी का आयोजन किया गया।

गोष्ठी का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को जैव विविधता के महत्व से अवगत कराना और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में स्थानीय वनस्पतियों, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और सतत विकास के तरीकों पर विस्तार से चर्चा हुई।

  • संरक्षण के सरल उपाय: ग्रामीणों को पेड़-पौधे लगाने, जल स्रोतों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनने जैसे आसान कदमों की जानकारी दी गई।
  • वन अधिकारी का संदेश: क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि जैव विविधता पर्यावरण संतुलन के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था और जीवन के लिए भी बेहद जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अपनी प्राकृतिक संपदा की रक्षा करने और बच्चों को भी जागरूक करने की अपील की।
  • संकल्प: कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ हुआ। सभी उपस्थित लोगों ने मिलकर जैव विविधता संरक्षण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, अन्य वनकर्मी, वाइल्डलाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। यह गोष्ठी ग्रामीण स्तर पर जैव विविधता संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।