Breaking
Thu. Oct 1st, 2026

June 6, 2026

सीएमओ के औचक निरीक्षण में 10 डॉक्टर व कर्मचारी मिले अनुपस्थित, वेतन कटौती का नोटिस जारी

परतावल, महराजगंज। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत जानने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. नवनाथ नगर ने शनिवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परतावल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में 10 डॉक्टर एवं कर्मचारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।
सीएमओ के अचानक अस्पताल पहुंचने पर पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निरीक्षण के दौरान कई चिकित्सक और कर्मचारी निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं मिले। अनुपस्थित कर्मचारियों में अधीक्षक अमित कुमार सहित कुल 10 लोगों के खिलाफ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।
डॉ. नवनाथ नगर ने अनुपस्थित पाए गए सभी डॉक्टरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा कार्य के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर कोताही स्वीकार्य नहीं होगी।
सीएमओ की इस सख्त कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मच गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों की अनुपस्थिति की शिकायतें अक्सर मिलती रहती हैं, जिससे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विभागीय कार्रवाई से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है।