July 18, 2026

लाल पैथ लैब का भिटौली में शुभारंभ, सदर विधायक ने किया उद्घाटन


भिटौली, महराजगंज। उपनगर भिटौली में शनिवार को लाल पैथ लैब के नए सेंटर का उद्घाटन सदर विधायक ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में आधुनिक पैथोलॉजी जांच सुविधाएं उपलब्ध होने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी और छोटी-छोटी जांच के लिए शहर का रुख नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि समय पर और सटीक जांच से बीमारियों का शीघ्र पता लगाना संभव होता है, जिससे मरीजों का बेहतर उपचार हो सकता है। लैब संचालकों से उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया। लैब संचालक चंदन मद्धेशिया ने कहा कि आज 105 मरीजों का खून की जांच किया गया है।
उद्घाटन समारोह में सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा, घुघली ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश जायसवाल, मानवेंद्र प्रताप सिंह, ठाकुर रौनियार, बैजनाथ गुप्ता, ऋषिराज उर्फ़ टीटू राय, शैलेन्द्र मद्धेशिया, बलराम शाही, अजय पटेल, सुनील मणि त्रिपाठी, टापर बाबा उर्फ़ राजेंद्र दुबे क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में आए हुए अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया गया।

सिसवा मुंशी चौराहे पर जलभराव से राहगीर परेशान, लोगों में आक्रोश

सिसवा मुंशी, महराजगंज। सदर तहसील क्षेत्र के व्यस्ततम सिसवा मुंशी चौराहे पर बरसात के पानी की निकासी न होने से स्थिति बदतर हो गई है। बरसात के मौसम में हालात और खराब हो गया है बारिश के बाद पूरा चौराहा कीचड़ और गंदे पानी से लबालब हो गया है। यह चौराहा कई गांवों को जोड़ता है और यहां हफ्ते में दो दिन साप्ताहिक बाजार भी लगता है। हजारों की संख्या में लोग सामान खरीदने आते हैं। लेकिन बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोगों को कीचड़ में होकर गुजरना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक छोर से दूसरे छोर तक जाने के लिए भी पैर संभालकर चलना पड़ता है। जरा सी चूक और गिरकर कीचड़ से सन जाना तय है। बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे ज्यादा दिक्कत हो रही है।चौराहे के निवासी राजकुमार पाल, उमा चौधरी, सर्वेश और बदरे आलम ने बताया कि कई बार शिकायत के बाद भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने ध्यान नहीं दिया। लोगों ने मांग की है कि चौराहे की सड़क को ऊंचा किया जाए और पानी निकासी के लिए पक्की नाली बनवाई जाए, ताकि बरसात में लोगों को राहत मिल सके। फिलहाल कीचड़ के कारण दुकानदारी भी प्रभावित हो रही है और हादसे का खतरा लगातार बना हुआ है।